लक्ष्मीनारायण मंदिर से चोरी हुए लाखो के चांदी के 09 छत्र एवं शेषनाग जप्त, आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस एवं थाना अशोकनगर (जयपुर सिटी साऊथ) राजस्थान की पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा जयपुर (राजस्थान) के भगतसिहं मार्ग सी स्किम में बने श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से चोरी किये गये चांदी के 09 छत्र एवं चांदी के शेषनाग कुल कीमती करीब दस लाख रूपये को ग्राम बकेली थाना कोतवाली अनूपपुर से बरामद कर आरोपी सत्यम केवट एवं अमन तिवारी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के जयपुर शहर के भगतसिहं मार्ग सी स्किम में बने श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से दिनांक 07 एवं 08 दिसम्बर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों द्वारा मंदिर के 09 नग चांदी के छत्र एवं चांदी के विशाल शेषनाग चोरी कर लिये जाने की रिपोर्ट पर थाना अशोकनगर जिला जयपुर सिटी साउथ में अपराध क्रमांक 341/25 धारा 305 (डी) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। जो उक्त मंदिर चोरी की वारदात में थाना अशोकनगर जिला जयपुर साउथ सिटी से पुलिस टीम सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार, आरक्षक देशराज एवं आरक्षक रामरतन की टीम पतासाजी हेतु अनूपपुर पहुंची जो टी. आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, प्रधान आरक्षक खेमराज माकों, आरक्षक अब्दुल कलीम, दीपक बुन्देला की टीम के द्वारा जयपुर राजस्थान की पुलिस टीम के साथ आरोपी सत्यम केवट पिता मुन्ना केवट उम्र 25 साल निवासी ग्राम बकेली धाना कोतवाली अनूपपुर को पकड़ा जाकर चोरी किये गये चांदी के कुल 09 छत्र एवं 01 चांदी का विशाल शेषनाग कुल वजन करीब 2 किलो 800 ग्राम कीमती करीब दस लाख रूपये जप्त किया गया है एवं पकड़े गये आरोपी सत्यम केवट से पूछताछ पर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अमन तिवारी पिता श्रीकांत तिवारी उम्र 25 साल निवासी ग्राम देवगवां थाना खैरहा जिला शहडोल को भी गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी  अमन तिवारी जयपुर ( राजस्थान ) के उक्त लक्ष्मी नारायण मंदिर में पुजारी का कार्य करता था। उक्त गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा अपने साथ अग्रिम कार्यवाही हेतु जयपुर राजस्थान ले जाया जा रहा है।

अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, तीन युवकों पर मामला दर्ज, पीड़िता को वर्षों तक धमकाने का आरोप


अनूपपुर

नगर में एक आदिवासी युवती का अश्लील वीडियो बनाकर वर्षों तक ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है, वहीं पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में आरोपियों द्वारा आदिवासी युवती का अश्लील वीडियो बना लिया गया था, जिसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि युवती को कई वर्षों तक ब्लैकमेल कर डराया-धमकाया गया और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का भय दिखाया गया।

पीड़िता ने मानसिक और सामाजिक दबाव से परेशान होकर 28 जनवरी को थाना कोतमा पहुंचकर थाना प्रभारी को अपनी आपबीती बताई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आयुष मिश्रा, पिता वीरेंद्र मिश्रा, निवासी आज़ाद चौक, वार्ड क्रमांक 3 सहित अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिसके चलते उसे पहले भी थाने के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन मामला दर्ज होने में विलंब हुआ। अब भी पीड़िता और उसके परिवार को जान-माल की सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह मामला केवल एक युवती के सम्मान और सुरक्षा का नहीं, बल्कि समाज में बढ़ते साइबर अपराध, महिला शोषण और ब्लैकमेलिंग की भयावह मानसिकता का आईना है। वर्षों तक पीड़िता को प्रताड़ित किया जाना प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो युवती को लंबे मानसिक उत्पीड़न से बचाया जा सकता था। अब आवश्यकता है कि दोषियों को कठोरतम सजा मिले, ताकि भविष्य में कोई भी महिला की गरिमा और आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

इनका कहना है।

पीड़िता के शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है । 

*रत्नाबंर शुक्ल, थाना प्रभारी, कोतमा*

लोक धन की लूट, सीसी सड़क निर्माण में भारी अनियमितता, घटिया गुणवत्ता से ग्रामीणों में आक्रोश


अनूपपुर

अनूपपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खोड़री नंबर-2 में सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लोक धन का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि शासन द्वारा निर्धारित मानकों और तकनीकी दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतमा मुख्य मार्ग से सीएम राइस स्कूल तक लगभग 3 मीटर चौड़ी एवं 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 6 लाख 19 हजार रुपये बताई जा रही है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होते ही कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकती है। लोगों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के कुछ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि ठेकेदारों से मिलीभगत कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसके चलते सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है।

निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित कोई सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि सड़क का निर्माण किस एजेंसी द्वारा, किस तकनीकी मानक के तहत और कितनी लागत में किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की अपारदर्शिता भ्रष्टाचार की आशंका को और मजबूत करती है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और गुणवत्ता युक्त निर्माण सुनिश्चित नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क का निर्माण शासन के तय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए, ताकि जनता के धन की लूट पर अंकुश लगाया जा सके। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget