घर मे लगी आग, युवक जिंदा जला, माँ को सुरक्षित निकाला, घर का सामान जनकर हुआ खाक


शहडोल

जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम कठौतिया में देर रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया, कच्चे मकान में अचानक लगी आग में 19 वर्षीय युवक अमित पटेल की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बगल के कमरे में सो रही उसकी मां किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रही।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कठौतिया निवासी अमित पटेल और उसकी मां रात के समय कच्चे मकान के अलग-अलग कमरे में सो रहे थे। देर रात अचानक अमित के कमरे में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा कमरा उसकी चपेट में आ गया। कमरे में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया और अंदर सो रहा युवक आग में फंस गया। बंद कमरे और भीषण लपटों के कारण अमित बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। बगल के कमरे में सो रही मां ने जब बेटे के कमरे से आग और धुआं उठता देखा तो वह घबराकर बाहर भागी और मदद के लिए चिल्लाने लगी।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और युवक की मौत हो चुकी थी। आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, युवक के कमरे में बीड़ी-सिगरेट, मोमबत्ती, लालटेन या ठंड से बचने के लिए जलायी गई अंगीठी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

बिजली से शॉर्ट सर्किट की संभावना इसलिए नहीं मानी जा रही, क्योंकि दो दिन पहले ही घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि मर्ग और आगजनी का मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच की जा रही है।

100 रुपए के लिए टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप, मादा बाघ का मिला शव


शहडोल

जिले के धनपुरी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिर्फ 100 रुपये नहीं मिलने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह सनसनीखेज घटना विलियस नंबर-1 इलाके में मस्जिद के पास लगे मोबाइल टावर की है। जहां 30 वर्षीय युवक गोलू ने टावर के अंतिम छोर तक चढ़कर छलांग लगाने की धमकी दी। देखते ही देखते यह घटना इलाके में कौतूहल और दहशत का विषय बन गई।

जानकारी के अनुसार, गोलू मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। उसने किसी से 100 रुपये मांगे थे लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। रुपए नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया और आवेश में आकर टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर वह नीचे कूदने की धमकी देता रहा, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टावर के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई सांसे थामे पुलिस की कार्रवाई देखता रहा। युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बेहद संयम और समझदारी से काम लिया। थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने मोर्चा संभालते हुए युवक से बातचीत शुरू की और उसे शांत करने की कोशिश की। 

काफी देर तक समझाइश के बाद पुलिस ने गोलू को 100 रुपये देने का भरोसा दिलाया। आखिरकार थाना प्रभारी की सूझबूझ और मानवीय व्यवहार से युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और उसे समझाइश दी गई है।

*टाइगर रिजर्व में मादा बाघ का मिला शव*


उमरिया

जिले के क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, उमरिया ने बताया कि निजी राजस्व क्षेत्र, ग्राम पुटपुरा, घटना स्थल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफ़र के बीट पिपरिया के कक्ष क्रमांक पीएफ  112 से लगभग 700 मीटर दूर मादा बाघ का शव मिला है । जिसकी उम्र 4 से 5 वर्ष है। बाघ मृत्यु की सूचना मिलते ही विभागीय अमले द्वारा तुरंत स्थल पर पहुँचकर मानक संचालन प्रक्रिया(एसओपी) के तहत आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। संभावित मृत्यु का कारण सोलर फेंसिंग में उलझने से लगातार विद्युत प्रवाह बताया जा रहा है। 

उन्होने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया तथा वन्यप्राणी अपराध नियंत्रण ब्यूरो एवं राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के निर्देशानुसार एसओपी अनुसार प्रक्रियाएँ शुरू की गईं। मृत बाघ  का पंचनामा तैयार कर स्थल संरक्षण किया गया। डॉग स्क्वाड से शव तथा स्थल की जांच कराई गई साथ ही मेटल डिटेक्टर से शव की जांच की गई। सक्षम वन्य चिकित्सको की उपस्थिति में विस्तृत पोस्टमॉर्टम परीक्षण किया गया। नमूना संकलन विधिवत किया गया, जिसे परीक्षण हेतु अधिकृत प्रयोगशाला प्रेषित किया जाएगा।आवश्यक कार्यवाही उपरांत शवदाह की कार्यवाही की गई।

रजहा धाम हनुमान मन्दिर में होगा विशाल हिन्दू सम्मेलन, सामाजिक समरसता और एकजुटता का बनेगा पर्याय

*शोभा यात्रा के साथ होगा विशाल भंडारा*


अनूपपु्र

जिला मुख्यालय स्थित पुरानी बस्ती के विख्यात रजहाधाम श्री हनुमान मन्दिर मे कल 18 जनवरी 2026 दिन रविवार को विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी नगरों, गाँव मे बस्ती स्तर पर जनवरी - फरवरी 2026 मे हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समितियों द्वारा विभिन्न बस्तियों मे तैयारी बैठकें की जा रही हैं।

चार बस्तियों मे चार अलग - अलग दिन हिन्दू सम्मेलन आयोजित होगें। प्रथम हिन्दू सम्मेलन रजहाधाम श्री हनुमान मन्दिर पुरानी बस्ती मे  18 जनवरी , रविवार को दोपहर 12 बजे से  किया जाएगा। बूढी माई मन्दिर परिसर मे बस्ती के सर्व हिन्दू समाज के लोग एकत्रित होंगे। 

यहाँ माई की पूजा अर्चना उपरांत भजन - कीर्तन करते हुए लोग शोभायात्रा निकाल कर दोपहर रजहाधाम श्री हनुमान मन्दिर पहुंचेगें। यहाँ हनुमत लला के पूजन उपरांत मन्दिर परिसर के समीप हिन्दू सम्मेलन का मंचीय कार्यक्रम होगा। सामाजिक समरसता प्रसाद भण्डारा मे लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।

22 जनवरी 2026, गुरुवार को शंकर मन्दिर चौक मे  हरिओम ताम्रकार के बाडा में नगर का दूसरा हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।जबकि 24 जनवरी ,शनिवार को सरस्वती शिशु मन्दिर पटौराटोला मे और 31 जनवरी ,शनिवार को सामतपुर शिव मारुति मन्दिर परिसर के समीप हिन्दू सम्मेलन आयोजित किये जाएगें।

सर्व हिन्दू सम्मेलन मे शामिल होने के लिये नगर मे आयोजक मण्डल के लोग घर - घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।  सभी लोगों से कार्यक्रम मे शामिल होने का आग्रह करते हुए उन्हे आमंत्रित किया जा रहा है। सामाजिक समरसता की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा हिन्दू सम्मेलन, जातिवाद के विरुद्ध अलख जगाते हुए हिन्दू सम्मेलन मे सामाजिक समरसता भोज के लिये प्रत्येक घर से एक - एक मुट्ठी अनाज, सब्जी या अन्य सहयोग एकत्रित किया जा रहा है। नगर मे शोभायात्रा मे रामधुन ,भजन - कीर्तन के साथ आध्यात्मिक और सामाजिक सद्भाव के साथ शोभा यात्रा निकाली जाएगी। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget