अवैध रेत परिवहन पर 2 ट्रैक्टर ट्रॉली व 32 बोरी चोरी का कोयला कार सहित जब्त, जुआं खेलते 3 गिरफ्तार
कर मामला किया दर्ज
अनूपपुर
जिले के थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से अवैध रेत परिवहन की सटीक सूचना मिली। बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनिया ठेला तिराहा पर घेराबंदी की। इस दौरान बहेराबांध से बिजुरी की ओर आ रहे एक बिना नंबर के लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर को रोका गया। ट्रैक्टर चालक प्रमोद अगरिया उम्र 20 वर्ष पिता रमेश अगरिया, निवासी बहेराबांध से जब रेत के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और रॉयल्टी रसीद टीपी मांगी गई, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। चालक ने बहेराबांध से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करना स्वीकार किया, जिसके बाद गवाहों के समक्ष ट्रैक्टर मय रेत भरी ट्राली को जब्त कर लिया गया। जब्त ट्रैक्टर की कीमत 5 लाख, अवैध रेत (03 घन मीटर) की कीमत 5 हजार है। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस (BNS) एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
*कोतमा में ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त*
वही जिले के कोतमा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति केवाई नदी से बिना नंबर के नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत लोड कर निगवानी की ओर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना कोतमा पुलिस टीम ने विशुन टोला निगवानी के पास घेराबंदी की । जिस पर एक नीले रंग का बिना नंबर का स्वराज ट्रैक्टर मय रेत भरी ट्राली के चालक विवेक तिवारी पिता गणेश तिवारी उम्र 29 वर्ष निवासी निगवानी के कब्जे से बिना राॉयल्टी के जप्त किया गया।
*32 बोरी चोरी का कोयला कार सहित जब्त*
अनूपपुर जिले कि बिजुरी पुलिस ने देर रात रेड कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला परिवहन कर रही ओमिनी कार को पकड़ा है। रात को बिजुरी पुलिस को मुखबिर से अवैध कोयला परिवहन की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजुरी गुलाब ग्राउंड के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध मारुति ओमनी वैन क्रमांक MP 18 C 1037 को रोककर चेक किया गया।
वाहन चालक राजेश प्रजापति उर्फ सरदार उम्र 38 वर्ष पिता शंभू प्रजापति, निवासी सीएमपीडीआई कैंप बिजुरी से जब पूछताछ की गई, तो उसने ओमनी कार में लोड 32 बोरी कोयला रामनगर से चोरी कर बिजुरी में बेचने के उद्देश्य से लाना स्वीकार किया। कोयले के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या खनिज रॉयल्टी रसीद न होने पर पुलिस ने वाहन सहित चोरी का कोयला जब्त कर लिया।
जब्त 32 बोरी कोयले की कीमत 10 हजार रुपए, जब्त ओमनी कार की कीमत लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध थाना बिजुरी में अपराध क्रमांक 213/2026, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
*जुआ खेलते 03 आरोपी गिरफ्तार*
अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ रेड कार्यवाही की है। मुखबिर की सूचना पर बिजुरी पुलिस टीम ने 'डबल स्टोरी माइंस कॉलोनी' में कटहल के पेड़ के नीचे चल रहे जुआ फड़ पर अचानक दबिश दी। मौके से पुलिस ने ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए 03 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में अरुण कुमार पाटकर, अमर पनिका, बबलू कोल सभी निवासी डबल स्टोरी माइंस कॉलोनी, थाना बिजुरी के है। पुलिस ने आरोपियों के पास और फड़ से कुल ₹1,760 नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बिजुरी में अपराध क्रमांक 209/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

