तेज रफ्तार ट्रेलर ने चार को मारी टक्कर, महिला की हुई मौत, एक वर्ष की मासूम सुरक्षित बची, मामला दर्ज

तेज रफ्तार ट्रेलर ने चार को मारी टक्कर,  महिला की हुई मौत, एक वर्ष की मासूम सुरक्षित बची, मामला दर्ज


शहडोल

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बटूरा से केशवाही मार्ग पर स्थित महुआई मंदिर के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी 1 साल की मासूम नातिन अपनी मां की गोद में पूरी तरह सुरक्षित है।

शहडोल के कोदवार कला के मूल निवासी यादव परिवार के लोग सुबह बाइक पर सवार होकर कछुआ स्थित प्रसिद्ध मरखी माई देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे। मृतिका रेखा यादव अपने दामाद नीरज यादव, बेटी आंचल यादव और 1 साल की मासूम नातिन आस्था यादव के साथ खुशी-खुशी माता के दर्शन कर घर लौट रही थी।

बाइक को दामाद नीरज यादव चला रहा था। बीच में उनकी पत्नी आंचल यादव अपनी 1 साल की बेटी आस्था को गोद में लेकर बैठी थीं, जबकि सबसे पीछे मृतिका रेखा यादव बैठी हुई थीं। जैसे ही उनकी बाइक बटूरा के पास महुआई मंदिर के समीप पहुँची, सामने से आ रहे यमदूत बने तेज रफ्तार  ट्रेलर ने बाइक को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेखा यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नीरज और आंचल को आंशिक चोटें आई हैं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा डायल 112 को सूचना दी। लेकिन बेहद शर्मनाक बात रही कि घटना के एक घंटे बाद तक डायल 112 मौके पर नहीं पहुँची।  सबसे चमत्कारी और भावुक कर देने वाला पहलू यह रहा कि जहाँ  भारी-भरकम वाहन एक बुजुर्ग जिंदगी को लील गया, वहीं मां के आंचल में छिपी नन्ही आस्था को खरोंच तक नहीं आई। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget