समाचार 01 फ़ोटो 01
जोड़ा तालाब में लाखों का खेल, बरसात से 15 दिन पहले गहरीकरण, परिषद के संसाधनों का इस्तेमाल पर उठ रहे सवाल
*शासकीय राशि का हो रहा दुरुपयोग*
अनूपपुर
नगर परिषद बनगवां-राजनगर एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में है। इस बार मामला जोड़ा तालाब में चल रहे गहरीकरण और कथित सौंदर्यीकरण कार्य का है। चौक-चौराहों से लेकर चाय की दुकानों तक एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर बरसात शुरू होने से महज 10-15 दिन पहले तालाब में इतनी बड़ी मशीनें और परिषद के संसाधन लगाकर कार्य कराने की ऐसी क्या मजबूरी थी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के 15 वार्डों में से अधिकांश वार्ड सड़क, नाली, सफाई, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों का पूरा ध्यान लाखों रुपये खर्च कर तालाब में मिट्टी और मलबा निकालने पर केंद्रित है।
लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में तालाब का गहरीकरण या सौंदर्यीकरण कराना था तो यह कार्य गर्मी की शुरुआत में पूरा किया जाना चाहिए था। और यदि समय नहीं मिला तो बरसात के बाद वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से यह कार्य कराया जा सकता था। लेकिन मानसून आने के ठीक पहले जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर मिट्टी निकालना लोगों की समझ से परे है।
जिस जोड़ा तालाब में गहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, उसके नीचे वर्षों से कोयले की अंडरग्राउंड खदान संचालित रही है। खदानों के कारण तालाब का पानी लगातार रिसता रहता है और जलस्तर स्थायी नहीं रह पाता। नगर परिषद के ट्रैक्टर, कर्मचारी और अन्य संसाधन इस कार्य में लगाए गए हैं। जिन ट्रैक्टरों को गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाया जाना चाहिए था, वे तालाब से मलबा ढोने में लगे दिखाई दे रहे हैं। जबकि कई वार्डों में लोग पानी की समस्या से परेशान हैं।
नागरिकों का आरोप है कि जनता के टैक्स के पैसे और शासन के बजट का उपयोग प्राथमिक सुविधाओं पर करने के बजाय ऐसे कार्यों में किया जा रहा है जिनकी उपयोगिता पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
नेशनल हाइवे में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, घटनास्थल पर युवक की हुई मौत
शहडोल
जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अमलाई थाना क्षेत्र के बटुरा हाईवे पर तेज गति से दौड़ रही कार ने बाइक सवार युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शहडोल-अनूपपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान महेंद्र कोल के रूप में हुई है, जो बुढार क्षेत्र के भुतही मोहल्ला का निवासी था। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित भी मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
शराब के दुकान पूछने को लेकर हुआ विवाद, युवक के साथ कि मारपीट, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
अनूपपुर/कोतमा
रामनगर थाना क्षेत्र में शराब मिलने के स्थान को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक के साथ मारपीट किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना में युवक घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
वार्ड क्रमांक 01 विशेषर दफाई, राजनगर निवासी 26 वर्षीय सूरज कोल ने थाना राजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मध्यरात्रि करीब 12 बजे वह अपने घर के बाहर निकला था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले संजू गोड़ एवं राहुल चौधरी उसके पास पहुंचे और उससे शराब मिलने के स्थान के बारे में पूछताछ करने लगे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच सामान्य कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों आरोपी आक्रोशित हो गए और उन्होंने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
फरियादी का आरोप है कि संजू गोड़ एवं राहुल चौधरी ने हाथ-मुक्कों, डंडे तथा कांच के टुकड़े से उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसे कई चोटें आईं। घायल युवक ने स्वयं को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करते रहे। और जान से मारने की धमकी दिया, इस कथित धमकी के बाद पीड़ित और उसके परिजनों में भय का माहौल बन गया। घटना के बाद परिवार के लोगों ने उसे शांत कराया और आवश्यक मदद उपलब्ध कराई।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कोयला साइडिंग से उड़ रही धूल के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन, युवाओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर/कोतमा
कपिलधारा क्षेत्र के समीप संचालित कोयला साइडिंग से फैल रहे धूल प्रदूषण और पर्यावरणीय नियमों के कथित उल्लंघन के विरोध में 08 2026 सोमवार को युवा समाजसेवी राहुल द्विवेदी के नेतृत्व में युवाओं ने उप तहसील बिजुरी पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की जांच, प्रभावी कार्रवाई तथा प्रदूषण नियंत्रण के ठोस उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कोयला साइडिंग से लगातार उड़ रही कोयले की धूल के कारण आसपास के रहवासी, दुकानदार, राहगीर और आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। धूल की काली परत घरों, दुकानों, वाहनों और सड़कों पर जम रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, एलर्जी तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ते धूल प्रदूषण के कारण क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है और जनजीवन पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
युवाओं ने आरोप लगाया कि कोयला साइडिंग परिसर एवं कोयला परिवहन मार्गों पर पर्याप्त जल छिड़काव नहीं किया जा रहा है। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक पर्यावरणीय उपायों और मानकों का प्रभावी पालन नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। युवाओं ने प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन की हुई मौत, युवक, नाबालिग ने लगाई फांसी, एक को सर्प ने काटा
अनूपपुर
कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक एवं एक नाबालिग बालिका ने अज्ञात कारणों से घर एवं जंगल में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस घटना के संबंध में जांच करने में जुटी हुई है।
कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पसला के चरतरिहा टोला निवासी 45 वर्षीय मिठाईलाल उर्फ मिट्ठू पिता कल्लू यादव ने दोपहर में अज्ञात कारणों से घर के अंदर फांसी लगा ली, जिसकी सूचना पर सहायक उप निरीक्षक गोविन्द पनिका पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में ले कर पंचनामा की कार्यवाही करते हुए, शव का जिला अस्पताल अनूपपुर में शव परिक्षण कराया, वही कोतवाली थाना क्षेत्र से 17 किलोमीटर दूरी स्थित ग्राम पंचायत औढेरा के जल्दाटोला अंतर्गत जंगल में वार्ड क्रमांक 3 जल्दाटोला औढेरा निवासी समनू बैगा की 16 वर्षीय बालिका ने अज्ञात कारणों से जंगल के अंदर तेंदू के पेंड़ मे रस्सी एवं दुपट्टा को बांधकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की ग्रामीणों द्वारा सरपंच पति जयपाल सिंह एवं अनूपपुर के सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल को दिये जाने पर दोनों ने तत्काल निरीक्षक अरविंद जैन को देर रात दिए जाने पर कोतवाली थाना अनूपपुर पुलिस के उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा,सहायक उप निरीक्षक महिपाल प्रजापति देर रात पुलिस दल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मृतिका के शव को अपने अभिरक्षा में लेते हुए पूरी रात मृतिका के शव की निगरानी करते हुए, सुबह पंचनामा,साक्षियों के कथन लेख कर जिला अस्पताल अनूपपुर के डॉक्टर टीम से मृतिका के शव का शव परीक्षण कराते हुए अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप कर जांच कर रही है परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया की दोपहर 16 वर्षीय नाबालिक घर से कुछ दूर पर स्थित जल्दा जंगल की ओर गई रही जो वापस नहीं लौटी शाम को परिवार की एक महिला एक बच्ची के साथ दिशा-मैदान एवं सूखी लकडी लेने जंगल गए थे, जिन्होंने इसे फांसी में लटके हुए मृत स्थिति में देखा रहा।
*सर्प के काटने से युवक की हुई मौत*
घर के अंदर जमीन में सोते छंगू अगरिया 40 वर्ष युवक कों करैत प्रजाति के अत्यंत जहरीले सर्प के काटने से उपचार दौरान युवक की मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल अनूपपुर में मृत्यु हो गई,घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पुलिस द्वारा मृतक की शव का पंचनामा एवं पीएम की कार्यवाही कर अग्रिम कार्यवाही हेतु संबंधित थाना को सूचित किया है। मृतक जिले के राजेंद्रग्राम थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्र्ई के गिरारी गांव निव लोहे का औजार एवं सामान बनाने का काम करता था।देर शाम/रात खाना पीना खाने बाद घर में जमीन पर सोया हुआ था।
समाचार 06 फ़ोटो 06
खनिज माफिया, खनिज विभाग व पुलिस प्रशासन की सांठगांठ से शासन को हर माह लग रहा लाखों का चूना
अनुपपुर
जिले के कोतमा जनपद के भालूमाडा, कोतमा, बिजुरी, राजनगर इलाके में पुलिस और खनन माफिया की जुगलबंदी से हर महीने खुलेआम 24 घंटे खनिज रेत की चोरी व परिवहन तथा अवैध भंडारण किया जा रहा है, जिससे शासन को हर महीने राजस्व की बड़ी क्षति हो रही है। पुलिस अनुविभाग कोतमा अंतर्गत पुलिस थाना और चौकी क्षेत्रों में यदाकदा नाम मात्र की कार्यवाही कर महज औपचारिकता कर दी जाती है, इससे यह बात तो स्पष्ट हो जाती है कि अवैध रेत की चोरी जारी है। बिजुरी थाना के कुछ पुलिसकर्मी पूरी रात इन माफियाओं को अवैध रेत परिवहन में भरपूर सहयोग करते हैं, बिजुरी पुलिस के काम करने का अंदाज ही निराला है, थाना क्षेत्र के केवई नदी, कोठी, ग्राम थानगांव, ग्राम बहेराबांध, कनई नदी, बेलगांव, ग्राम छतई में रात्रि 8 बजे से सुबह 8 तक लगभग एक दर्जन ट्रैक्टर तथा मिनी ट्रक के साथ हथियार बंद अपराधिक पृष्ठभूमि के लोग अपने वाहन लेकर पूरी रात गुंडागर्दी के साथ अवैध रेत परिवहन किया जाता है, यदि कोई भी व्यक्ति रास्ते में या कहीं भी इन्हें बोलने या रोकने टोकने की कोशिश की गई तो उसकी खैर नहीं, मसलन यह कुछ भी, किसी भी हद तक जा सकते हैं, कई बार रेत माफियाओं के विरुद्ध शिकायत करने पर लोगों के साथ मारपीट भी की गई, जानकारी के अनुसार राज्य शासन के अलावा कुछ पुलिस अधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्र का अवैध रेत परिवहन करने का ठेका देते है, जिले में यह अवैध योजना काफी समय से लागू है, यही वजह है कि पुलिस शिकायत के बाद भी रेत माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करना चाहती, उल्टे शिकायत करने वालों पर ही फर्जी मामले दर्ज कर दिए जाते हैं, ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, कुछ समय पहले एक पत्रकार ने उक्त अवैध कार्यों का कवरेज करने गया हुआ था, जिस पर फर्जी मामला दर्ज कर लिया गया और मारपीट भी की गई, इससे यह तो स्पष्ट है कि पुलिस अपराधियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है, देशभक्ति जन सेवा की इससे बड़ी मिसाल क्या होगी, उल्लेखनीय है कि जीवनदायिनी केवई नदी से प्रतिदिन लगभग 100 से 150 ट्रिप अवैध रेत परिवहन किया जाता है, उक्त क्षेत्र के किसी भी शहर गांव ,कस्बे में अधिकांश स्थानों में बिना ईटीपी के अवैध रेत का भंडारण बड़े पैमाने पर किया गया है, कभी भी इसकी जांच की जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते है। जहां से रेत खनन किया जाता है, उन क्षेत्रों का भी निरीक्षण करना आवश्यक है, रेत परिवहन में संलग्न अधिकांश वाहनो से नंबर प्लेट ही गायब है, नंबर की तो बात ही न करे, उक्त कार्यों को अंजाम देने वाले अधिकांश व्यक्ति अपराधिक लोग हैं, जिनके ऊपर कई गंभीर मामले दर्ज है, इनके द्वारा बिना ई-टीपी के 5 से 10 हजार रुपए महंगे दामों में रेत की अवैध रूप से बिक्री की जाती है, पुलिस के साथ खनिज विभाग भी इन सब बातों से अनजान नहीं है, उसके बावजूद भी कार्यवाही करने में दोनों लाचार है, जिला खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को कार्यवाही करने की फुर्सत ही नहीं है, रेत माफिया निर्भीक होकर राज्य शासन को हर वर्ष करोड़ों का चूना लगा रहे हैं, विभागीय अधिकारियो को जैसे सांप सूंघ गया हो, शिकायत करने के बाद भी ठोस कार्यवाही न करना कई संदेशों को जन्म देता है, रेत माफिया पूरे क्षेत्र में रात भर तांडव करते हैं और सब के सब इस मामले में खामोश है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
युवाओं ने गाँधी चौराहे में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगो किया जागरूक
उमरिया
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर राखी सहाय व पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी के मार्गदर्शन पर उमरिया पुलिस कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी के नेतृत्व में जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया द्वारा उमरिया गांधी चौराहे में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगो जागरूक किया गया।नाटक में नशे जैसी गंभीर समस्या को दर्शाया गया। लोगों को शराब, भांग, तम्बाकू, सिगरेट व आदि के खिलाफ जागरूक किया।
उमरिया कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि नशा करने वाले व्यक्ति के साथ इसका दुष्प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। इस अभियान के दौरान लोगों को नशा छुड़ाने के साथ युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ने छात्राओ की प्रशंसा करते हुए कहा कि “युवा पीढ़ी द्वारा दिया गया यह संदेश न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक मजबूत प्रयास भी है।”
टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नशे से लाखों परिवार बर्बाद हो गए। सड़क दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह नशा है। इसलिए हर तरह के नशे से दूरी ही बेहतर है।युवाओं में तंबाकू, शराब और अन्य नशे की लत बहुत ही भयावह स्थिति में पहुँच गई है। आज का युवा ही कल का भविष्य है। नशा भारत के विश्वगुरु बनने की राह में बड़ी बाधा बन रहा है। ऐसे में व्यापक स्तर पर नशे के प्रति जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक हो गया है।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को दर्शाया कि कैसे नशेड़ी नशे की डोज लेने के लिए एक-दूसरे की इस्तेमाल की गई संक्रमित इंजेक्शन लगाकर एड्स जैसे रोग से संक्रमित हो जाते हैं और दूसरे को संक्रमित करते हैं। नशेड़ी अपने नशे को पूरा करने के लिए अपने घर के बर्तन व सामान आदि बेचकर अपनी लत को पूरा करता है।कार्यक्रम के अंत में युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया व युवाओं ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान देंगे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
अघोषित बिजली कटौती से नाराज युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
शहडोल
जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, विद्युत विभाग की अव्यवस्थाओं एवं कथित भ्रष्टाचार के विरोध में युवा कांग्रेस ने प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में मुख्य अभियंता कार्यालय (मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड) पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बिजली व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नए ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं और ठेकेदारों से अवैध कमीशनखोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। साथ ही बिना पूर्व सूचना के सुबह, दोपहर और शाम के समय की जा रही बिजली कटौती को बंद करने तथा मेंटेनेंस के नाम पर आम जनता को हो रही परेशानी समाप्त करने की मांग उठाई गई। संगठन ने वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मेंटेनेंस कार्य पूर्ण करने की भी मांग की।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अघोषित बिजली कटौती से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।