जीएनएस फाइनेंस कंपनी के डायरेक्टर समेत 5 लोगो के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला हुआ दर्ज
शहडोल
जिले में निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी करने वाले कथित फाइनेंस गिरोह पर आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जीएनएस फाइनेंशियल सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी के डायरेक्टर, उनकी पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित SECL के रिटायर्ड कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई बेहतर ब्याज के लालच में कंपनी में निवेश कर दी थी।
बुढ़ार थाना क्षेत्र के धनपुरी रोड स्थित खंडेलवाल कॉम्प्लेक्स में संचालित जीएनएस फाइनेंशियल सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी के एजेंटों ने लोगों को यह भरोसा दिलाया था कि उनकी रकम मुंबई की प्रतिष्ठित निवेश कंपनी में लगाई जाएगी और हर महीने अच्छा ब्याज मिलेगा। साथ ही 5 साल में रकम दोगुनी होने का सपना दिखाया गया। सरईकापा निवासी संतोष वर्मन, मोहन सिंह समेत कई निवेशकों ने कंपनी के झांसे में आकर लाखों रुपये जमा कर दिए। शुरुआती कुछ महीनों तक कंपनी ने निवेशकों को ब्याज भी दिया, जिससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया, जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें डराने-धमकाने तक की शिकायतें सामने आने लगीं।
कंपनी के संचालकों ने अलग-अलग लोगों से विभिन्न खातों में पैसा जमा कराया और उनकी तरफ से ट्रेडिंग किए जाने का दावा किया गया। प्रथम दृष्टया मामला धोखाधड़ी का पाए जाने पर पुलिस ने सुखनंदन यादव, सरोज यादव, मुकेश यादव, विजय पाल और मोहम्मद अमीम के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। एफआईआर के अनुसार यह अपराध 6 दिसंबर 2024 से 16 मई 2026 के बीच घटित होना बताया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 61(2) के तहत दर्ज किया गया है।
