सिलेंडर हुआ ब्लॉस्ट, दुकान व घर का सामान जलकर हुआ राख, महिला हुई घायल
अनूपपुर
जिले के पुष्पराजगढ़ तहसील अंतर्गत दोनिया गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा घर और उससे लगी किराना दुकान आग की चपेट में आ गई।
जानकारी के मुताबिक, रज्जू उर्फ राजकुमार नायक के घर उनकी बेटी खाना बना रही थीं, तभी गैस रिसाव हुआ और सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि, घर के कपड़े, जेवर, घरेलू सामान, किराना दुकान का पूरा स्टॉक सब जलकर राख हो गया। मकान की छत तक में दरारें आ गईं। परिवार के मुताबिक 30-35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
आग बुझाने के दौरान मकान मालिक की पत्नी सोना बाई गंभीर रूप से झुलस गईं। उनके दोनों पैर बुरी तरह जल गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल, फिर शहडोल रेफर किया गया, जहां इलाज जारी है। फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी, ऐसे में ग्रामीणों ने हैंडपंप के पानी से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
घटना में एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई। क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं, अमरकंटक की गाड़ी भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त थी। जिसके कारण राहत कार्य में देरी हुई।
