समाचार 01 फ़ोटो 01

डायल 112 पुलिस की डर से गांजा तस्करों की कार पलटी, पुलिस से भागते समय गिरे कुएं में, तीनो की हुई मौत

शहडोल 

जिले में डायल 112 पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जैतपुर से कमता की ओर जा रही गांजा लदी कार का पीछा करते समय वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद भाग रहे तीन तस्कर कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी वहां से हट गए।

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां गांजा तस्करों का पीछा करते समय हादसा हो गया और दो आरोपियों की मौत हो गई। घटना कमता तिराहे के पास की है, जहां पुलिस की दबिश के दौरान तस्करों की कार पलट गई और जान बचाने के प्रयास में दोनों आरोपी कुएं में जा गिरे।

जानकारी के अनुसार, जैतपुर की ओर से एक कार कमता की तरफ जा रही थी। इसी दौरान डायल 112 में तैनात आरक्षक कृष्णेंद्र यादव और पायलट ड्यूटी पर मौजूद टीम को वाहन संदिग्ध लगा। पुलिस को देखते ही कार सवार तस्कर भागने लगे। तेज रफ्तार में भागते समय कमता कॉलेज तिराहे के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

कार पलटने के बाद उसमें सवार आरोपी वाहन से कूदकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन हादसे वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर दोनों आरोपी अंधेरे में एक कुएं में गिर गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस कर्मी मौके से भाग गए। मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला और बुढार निवासी सचिन सिंह बघेल व बुढार के टिकुरी टोला के रोहित शर्मा के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनो शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया है।

थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि मौके से क्रेटा कार में करीब 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। साथ ही यह भी कहा कि पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और घटना की जांच जारी है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर पुलिस की कार्रवाई और घटनास्थल पर मौजूद हालात को लेकर। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

जंगल के बाद शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में घुसे तीन हाथी, दहशत का माहौल, वन  विभाग ने खदेड़ा

*100 दिनों से जिले में कर रहे हैं विचरण*

अनूपपुर

जिले में पिछले 100 दिनों से जंगली हाथियों की दहशत फैली हुई है, जिले के कई क्षेत्रों में हाथियों के दल ने घूम-घूमकर गांवों में ग्रामीणों को खेतों की फसलों को खाकर नुकसान पहुंचाया है। वहीं गांवों में घुसकर ग्रामीणों के मकानों पर हमला करके क्षतिग्रस्त कर मुश्किलें खड़ी की हैं।

वन विभाग भी लगातार हाथियों की निगरानी की बात कर रहा है, लेकिन जंगली हाथियों का दल पूरे जिले में भ्रमण कर ग्रामीणों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। लेकिन बड़ी दहशत की बात जब हो गई, सोमवार की दरमियानी रात तीन हाथियों के दल ने जैतहरी के रिहायशी इलाकों में घुसकर दहशत फैला दी। रात को नगरीय इलाके में घुसे हाथियों को देखकर लोगों में दहशत फैल गई। बस स्टैंड इलाके में हाथियों की धमाचौकड़ी के चलते अफरा-तफरी के हालात वन गए। पुलिस और वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से हाथियों को रिहायशी इलाके से किसी तरह खदेड़ा। अब हाथियों ने प्रशासन और वन विभाग की शहरी इलाके में प्रवेश करके चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, जैतहरी में सोमवार रात 10 बजे अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बीच बाजार, बस स्टैंड और होटल के सामने तीन जंगली हाथी आ पहुंचे। हाथियों के बाजार क्षेत्र में घुसने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये तीनों हाथी लगातार बाजार क्षेत्र में घूमते नजर आए। स्थानीय लोग और वन विभाग की टीम आवाज देकर और शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी बार-बार बाजार की ओर बढ़ते रहे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने किसी तरह हाथियों को दल को दूसरी तरफ खदेड़कर नगरीय क्षेत्र से बाहर करने की कोशिश की। हाथियों के रिहायशी और आबादी वाले नगरीय क्षेत्र में आने से अब लोगों के साथ-साथ प्रशासन और वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है और लोगों से अपील की गई है कि वे घरों में सुरक्षित रहें और हाथियों के पास जाने की कोशिश ना करें। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

सेहत से खिलवाड़, बिक रहे अमानक पानी के पाउच, बिना एक्सपायरी, निर्माण तिथि के खप रहा दूषित पानी

अनूपपुर/कोतमा

गर्मी शुरू होते ही नगर के होटलों, किराना दुकानों और छोटी-बड़ी गुमटियों पर ठंडे पानी के पाउचों की बिक्री तेज हो गई है। बाजार में ये पाउच एक रुपए में बिक रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि यह पानी स्थानीय स्तर पर बिना किसी मानकों के पैक किया जा रहा है। जागरूक नागरिकों ने कलेक्टर से इन अमानक पाउचों की सघन जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बाजार में उपलब्ध अधिकांश पानी के पाउचों पर न तो पैकिंग की तारीख अंकित है और न ही एक्सपायरी डेट लिखी रहती है। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार यह अनिवार्य है, लेकिन यहाँ नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। यह दूषित पानी तात्कालिक रूप से प्यास बुझाकर राहत तो दे रहा है, लेकिन भविष्य में यह कई बीमारियों का कारण बन सकता है। यह व्यापार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से बिना अनुमति एवं बिना अनिवार्य पंजीयन कराए संचालित किया जा रहा है। इन पाउचों पर न तो वाटर प्लांट का पता दर्ज है और न ही कोई संपर्क सूत्र।

ब्रांडेड पाउचों की तुलना में अमानक स्तर के पाउच दुकानदारों को काफी सस्ते दामों पर उपलब्ध कराए जाते हैं। अधिक कमीशन के चक्कर में दुकानदार लोगों को दूषित पानी पिलाकर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, नगर के कई घरों में ही अवैध प्लांट बनाकर पानी बेचा जा रहा है। इन पाउचों को साधारण सफेद पॉलिथिन में भरकर धागे से बांध दिया जाता है और फ्रिज में ठंडा कर बेचा जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी खपत अधिक है। इन पर फर्जी तरीके से 'ISI' मार्का का प्रयोग कर उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है। प्रशासन की अनदेखी के कारण नगरवासियों में महामारी का भय बना हुआ है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं और शीघ्र ही जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, एक साल में ही जर्जर हुई सड़क, ख़राब सड़क से हादसों का खतरा

अनूपपुर/कोतमा

एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कोतमा-भालूमाड़ा मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण चर्चा में है। विकास के दावों के बीच यह महत्वपूर्ण मार्ग महज एक वर्ष के भीतर ही जर्जर हो गया है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, इस मार्ग का डामरीकरण कार्य हाल ही में कराया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी। वर्तमान में स्थिति यह है कि मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहे हैं, जिससे निर्माण एजेंसी एवं निगरानी तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कोतमा-भालूमाड़ा मार्ग पर कई जगहें बेहद खतरनाक हो चुकी हैं। पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है, जहां जलभराव के कारण उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसी प्रकार अशोक त्रिपाठी की दुकान के पास सड़क कई बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

इन स्थानों पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वहीं भारी वाहनों के चालकों को भी यहां से गुजरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।

सड़क की स्थिति को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग दैनिक आवागमन के लिए जोखिम भरा बन चुका है। नागरिकों ने कोल प्रबंधन एवं संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने तथा मार्ग की शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

समाचार 05 फ़ोटो 05

बेटी की शादी का कॉर्ड बांटने निकले पिता को अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत

शहडोल

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित चकौडिया गांव में बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बाबूराम बैगा (45) निवासी भालूमाडा थाना जिला अनूपपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी पुत्री का विवाह 27 अप्रैल को होना था। इसी सिलसिले में बाबूराम बैगा रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने निकले थे। वे जैतपुर के बिरौडी गांव में निमंत्रण देने के बाद बाइक से चकौडिया की ओर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबूराम बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

खेल के मैदान से जोश की गूँज, ज़िला पंचायत सदस्य रिंकू मिश्रा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

अनूपपुर

खेल सिर्फ हार-जीत का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन और सामूहिकता का प्रतीक है। कुछ ऐसा ही नज़ारा अनूपपुर जिले के कोतमा अंतर्गत ग्राम पथरौड़ी में देखने को मिला, जहाँ अम्बे स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ।

​इस खेल महाकुंभ के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में लोकप्रिय ज़िला पंचायत सदस्य रिंकू रामजी मिश्रा उपस्थित रहे। श्री मिश्रा ने न केवल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, बल्कि अपनी ऊर्जावान उपस्थिति से मैदान में जोश भर दिया। खेल के प्रति उनके लगाव और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उनके जबरदस्त अंदाज की क्षेत्रवासियों ने जमकर प्रशंसा की।

​कड़ाके की प्रतिस्पर्धा के बीच खेले गए इस फाइनल मुकाबले के परिणाम में विजेता पकरिहा टीम, उपविजेता पथरौड़ी टीम रही। ​मुख्य अतिथि रिंकू मिश्रा ने दोनों ही टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसी प्रतिभाएं छिपी हैं जिन्हें सही मंच मिले तो वे जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।

​यह कार्यक्रम देर रात 1 बजे तक पूरी ऊर्जा के साथ चलता रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से देववती सरपंच, पथरौड़ी सूरज अगरिया सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष व ​आयोजन समिति के समस्त जुझारू सदस्य और भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। ​अम्बे स्पोर्ट्स क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल सफल रहा, बल्कि रिंकू रामजी मिश्रा के शानदार व्यक्तित्व और युवाओं के प्रति उनके सरोकार ने इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

माथुर के जयंती अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का हुआ संगम

अनूपपुर

श्री नर्मदे हर सेवा न्यास अमरकंटक के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय भगवत शरण माथुर के जयंती अवसर पर विचार गोष्ठी (विषय पंच परिवर्तन) कार्यक्रम के अवसर पर अमरकंटक आगमन हुआ, इस दौरान  पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों का  आयोजन भी किया गया, जिसमें  कोयलांचल क्षेत्र गोविंदा (जमुना- कोतमा) की बाल कथा वाचक प्रसिद्ध भजन गायिका 12 वर्षीय उन्नति मिश्रा द्वारा भजन गायन एवं मोटिवेशनल स्पीच प्रस्तुत किया,उनके मधुर भजनों एवं मोटिवेशनल स्पीच ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया,पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

स्व. भगवत शरण माथुर जी की जयंती एवं “पंच परिवर्तन” विचार गोष्ठी के अवसर पर बाल कथावाचक उन्नति किशोरी ने कार्यक्रम के दौरान भगवत शरण माथुर के जीवन शैली पर भी प्रकाश डाला और कहा कि केवल औपचारिक नहीं, वैचारिक भी आज हम केवल एक कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हैं,हम एक विचार-यज्ञ में सहभागी हुए हैं। 

समाचार 08

थाने मे लगी आग 4 मोटर सायकल खाक

अनूपपुर

जिले के अमरकंटक के थाने परिसर में आग लग गई प्राप्त जानकारी जंगल विभाग ने अमरकंटक थाने के बगल में सूखे पत्ते को जलाने के लिए आग लगाई गई थी, जहाँ पर वह आग फैल कर अमरकंटक थाने परिसर पर जा पहुंची, जहाँ पर परिसर में जप्त खड़ी 4 मोटरसाइकिल को आग अपनी चपेट में ले लिया जो जलकर खाक हो गयी। किसी कदर आग पर काबू पाया गया एक बड़ा हादसा टल गया, बताया जाता है की थाने के सामने ही पेट्रोल पंप है, जहाँ वह आग पहुंच गई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

समाचार 09

डॉ. अम्बेडकर जयंती में निकाली रैली

उमरिया 

भीम राव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सामुदायिक भवन से बहुजन समाज पार्टी ने विशाल रैली निकाली जो कोर्ट चौराहा गांधी चौक जयस्तंभ रेलवे स्टेशन मार्ग पर अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर, रैली स्टेशन चौराहा रानी दुर्गावती चौराहा होते हुए, सागर मंदिर रोड, अस्पताल चौराहा, अस्पताल परिसर से सामुदायिक भवन में जाकर सम्मिलित हुई, जहां बहुजन समाज पार्टी ने मीटिंग की रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत हुऐ।

समाचार 10

सीईओ की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक संपन्न

उमरिया

सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में समय सीमा की साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक बंद किया जाए। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से प्राप्त आवेदनों,आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय से प्राप्त आवेदनों तथा जनसुनवाई,न्यायालयीन प्रकरणों,मानवाधिकार के पत्रों,फैक्ट न्यूज आदि की समीक्षा करते हुए जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में अनिवार्य रूप से करें।

समाचार 11

नीति आयोग के प्रतिनिधि ने किया मानपुर का भ्रमण

उमरिया

नीति आयोग भारत सरकार प्रतिनिधि प्रज्ञा बाजपेयी ने अकांक्षी विकासखंड मानपुर का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होने आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,  उप स्वास्थ्य केंद्र एवं जनपद कार्यालय का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान सुविधाओं और सेवाओं के बारे में समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। आंगनबाडी केंद्र के निरीक्षण के दौरान नीति आयोग द्वारा चलाए जा रहे संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आने वाले संकेत जैसे की महिला एवं बाल विकास में बच्चों के वजन दक्षता का मापन, टेक होम राशन के वितरण आंगनबाड़ी केंद्र में टॉयलेट्स की उपलब्धता, साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पीने का पानी की उपलब्धता के बारे में विस्तृत निरीक्षण किया गया।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget