शादीशुदा महबूबा को पाने की सनक में पुत्र का गला घोंटकर की हत्या, कोयला खदान में फेंक दिया शव
शहडोल
जिले के थाना धनपुरी में जहां प्रेमिका को पाने की सनक में एक प्रेमी ने मासूमियत का गला घोंट दिया। सात साल के बच्चे को रास्ते का कांटा मानकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया और शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया गया। दिल दहला देने वाला अपराध सामने आया है, जहां प्रेम की सनक में एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। प्रेमिका के साथ रहने की चाह में प्रेमी ने अपने ही सात साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया। पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पुरानी बस्ती निवासी मोइसीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम प्रसंग था। मोइशीन नंदनी को पाने के लिए इस कदर पागल हो चुका था कि वह उसके रास्ते की हर रुकावट खत्म करने को तैयार था। नंदनी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया था, वजह उसके दो छोटे बच्चे थे। यही बात मोइशीन को खटक रही थी और उसने बच्चों को अपने प्रेम के बीच कांटा मान लिया।
आरोपी ने पहले नंदनी के सात साल के ऋतिक कोल को निशाना बनाया। वह मासूम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बगैय्या नाला के पास बंद पड़ी कोयला खदान में ले जाकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने बच्चे के शव को खदान में भरे पानी में फेंक दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी खत्म करने की योजना बना रहा था।
गौरतलब है कि ऋतिक कोल, पिता बलराम कोल, बीते पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और बच्चे की तलाश के लिए पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। आखिरकार कोयला खदान में पानी में तैरता हुआ शव मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की हालत, नग्न अवस्था में बरामदगी और घटनास्थल की परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को और मजबूत किया। कड़ी पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी मोइशीन को गिरफ्तार कर लिया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
