रिहायशी क्षेत्र में संचालित राइस मिल से फैल रहा प्रदूषण, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच व कार्रवाई की मांग
*स्वास्थ्य पर मंडरा रहा है गंभीर खतरा*
अनूपपुर
जिले के कोतमा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत छोहरी में संचालित आदिवासी राइस मिल से फैल रहे धूल-डस्ट और प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने कलेक्टर अनूपपुर को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि राइस मिल का संचालन नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करते हुए रिहायशी क्षेत्र में किया जा रहा है, जिससे गांव के लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार राइस मिल से निकलने वाली धूल और भूसी खुले में उड़ती रहती है, जिससे पूरे मोहल्ले में प्रदूषण फैल जाता है। मिल के संचालन के दौरान उड़ने वाली धूल घरों के अंदर तक पहुंच जाती है, जिससे लोगों को स्वच्छ हवा तक नसीब नहीं हो रही है। विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी, एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मिल के संचालन के समय वातावरण में धूल का गुबार छा जाता है और कई बार मोहल्ले में अंधेरा जैसा माहौल बन जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत करने वालों में मान सिंह (पूर्व सरपंच), राम सिंह (पूर्व पंच), सोनू कुमार, इंद्रेश कुमार, जीवन दास (पंच), सूदन, भोगी लाल, धनीराम, शंकर दास (पूर्व पंच), विक्रम दास, अशोक कुमार, लल्लू सिंह (पंच), थानू, नारायण सिंह एवं राज कुमार शामिल हैं। इन ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि राइस मिल का संचालन बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों और नियमों के पालन के किया जा रहा है, जिससे गांव का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि राइस मिल संचालन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है और प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार का औद्योगिक कार्य बिना पर्यावरणीय मानकों और अनुमति के किया जाना उचित है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि राइस मिल का संचालन नियमों के विरुद्ध पाया जाता है तो उसे तत्काल बंद कराया जाए।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत छोहरी में बिना नियमों का पालन किया सरपंच केदार सिंह द्वारा आदिवासी राइस मिल का संचालन किया जा रहा है तो आप उनका नंबर हमें दीजिए हम उनसे बात करके सारे नियमों का पालन करवाते हैं फिर भी अगर नहीं करते हैं तो हम उन पर नियम अनुसार कार्यवाही करेंगे
*श्रेयस पांडे संभागीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी शहडोल*
