बिना सूचना दिए काटी दी बिजली, अंधेरे में रात बिताने को मजबूर पीड़ित परिवार
शहडोल
शहडोल का बिजली विभाग हमेशा अपनी लापरवाही को लेकर चर्चा में रहता है। यहां के कर्मचारी बिना उपभोक्ता को सूचना दिए घर में जाकर बिजली काटने का काम कर रहे है। ऐसा ही एक मामला तहसील जयसिंहनगर के ग्राम पंचायत नवाटोला अंतर्गत ग्राम चंदौरा का सामने आया है। ग्राम चंदौरा के पीड़ित मेलाराम साहू के घर में मीटर रीडर ने जाकर बिना सूचना देकर एक सप्ताह पूर्व बिजली काट दी गई। इससे साहू परिवार अब अंधेरे में रात बिता रहा है। मामले की जानकारी से विभागीय अधिकारी को अवगत कराया गया, लेकिन वे कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं।
पीड़ित मेलाराम साहू ने बताया कि 12 फरवरी को बिजली विभाग के मीटर रीडर राजेंद्र मरावी उनके घर आए। उनसे पूछने पर मीटर रीडर का कहना था कि 1200 रुपये दीजिए, नहीं तो हम बिजली काट देंगे। पैसे नहीं देने पर बिजली काट दी गई। इतना ही नहीं मीटर रीडर के पास कोई पहचान पत्र तक नहीं था। ऐसे में विभाग निजी कर्मचारियों को उपभोक्ता के घर में भेजकर दबंगाई दिखवा कर राशि वसूलने जैसे कार्य करवा रहे हैं। यदि गांव के लोग समय पर राशि नहीं देते है तो खुद को अधिकारी समझकर बिजली काट देते है। जबकि नियमानुसार बिजली काटने के पूर्व विभाग को नोटिस या सूचना देकर उपभोक्ता को अवगत करना चाहिए होता है। यहां पर ऐसा नहीं किया गया, बल्कि सीधे मीटर रीडर ने डरा धमकाते हुए कहा है कि जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा और खंभे से वायरिंग काट दी गई। इसके बाद से पूरा परिवार अंधेरे में रात बिता रहा है।
