हड़ताल का टेंट हटाने से भड़का पटवारी, कलेक्टर कार्यालय घेराव की दी चेतावनी, 4 पटवारी निलंबित

हड़ताल का टेंट हटाने से भड़का पटवारी, कलेक्टर कार्यालय घेराव की दी चेतावनी, 4 पटवारी निलंबित


अनूपपुर

जिले में 12 फरवरी 2026 से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल मंगलवार को और उग्र हो गई। कोतमा, अनूपपुर, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ तहसीलों के पटवारियों द्वारा 10 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया गया आंदोलन अब प्रशासन और पटवारी संघ के बीच टकराव की स्थिति में पहुंच गया है। मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा धरना स्थल पर लगाया गया टेंट हटाए जाने के बाद आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया।

पटवारी संघ पहले ही सशर्त सामूहिक इस्तीफा तहसीलदार को सौंप चुका है। संघ का कहना है कि समस्याओं के समाधान के बजाय हड़ताल समाप्त कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। व्यक्तिगत नोटिस जारी करने, सेवा समाप्ति और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी से कर्मचारियों का मनोबल तोड़ा जा रहा है।

जिला अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, बल्कि शांतिपूर्ण धरना दे रहे कर्मचारियों का टेंट उखाड़कर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक एवं सम्मानजनक निर्णय नहीं लिया गया तो बुधवार को जिले के समस्त पटवारी एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी अनूपपुर पहुंचकर जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे और व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

हड़ताल के चलते नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा तरमीम, गिरदावरी, जाति प्रमाण पत्र, विभिन्न प्रकरणों की जांच प्रतिवेदन सहित अनेक राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने स्पष्ट किया है कि 10 सूत्रीय मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर उग्र कदम भी उठाए जाएंगे।

*एसडीएम ने 4 पटवारियों को किया निलंबित*

अनूपपुर जिले में जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए चार हल्का पटवारियों को निलंबित कर दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनूपपुर द्वारा 24 फरवरी 2026 को जारी अलग-अलग आदेशों में हल्का लतार के मिथलेश शर्मा (हल्का नंबर 54), हल्का बरबसपुर के अजय कुमार पंकज (हल्का नंबर 31), हल्का दुलहरा के शैलेंद्र द्विवेदी (हल्का नंबर 19) तथा हल्का कोंसा की वर्षा लहरे (हल्का नंबर 22) के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

संबंधित पटवारी 9 फरवरी 2026 से अपने मुख्यालय पर अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। उनके हल्का अंतर्गत ग्रामों में फार्म रजिस्ट्री एवं रबी गिरदावरी कार्यों की प्रगति अत्यंत कम पाई गई, जो कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल ने कलेक्टर अनूपपुर को पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि 25 फरवरी 2026 तक बोर्ड परीक्षाओं में कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में ड्यूटी का निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। मंडल परीक्षाएं 7 मार्च 2026 तक आयोजित की जानी हैं। प्रशासनिक सख्ती के बाद जिले में हड़ताल को लेकर स्थिति और गरमा गई है।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget