भुंडाकोना घाट जंगल में फिर दिखा बाघ का शावक, बस पर 62 हजार का जुर्माना
अनूपपुर
जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक से शहडोल मार्ग स्थित भुंडाकोना घाट जंगल क्षेत्र में 19–20 फरवरी 2026 की दरमियानी रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच एक बाघ के शावक को देखे जाने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फररी सेमर के दाहिने ओर के जंगल से निकलकर जालेश्वर की ओर, उमर गोहान दिशा में सड़क पार करते हुए एक शावक बाघ दिखाई दिया।
बताया गया है कि अमरकंटक नगर के वरिष्ठ पत्रकार धनंजय तिवारी के पुत्र अंजय तिवारी मनू अपनी पत्नी के साथ रात्रि में शहडोल से चौपहिया वाहन द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके वाहन के सामने से बाघ का शावक सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। अंजय तिवारी ने सावधानी बरतते हुए वाहन की गति धीमी कर दी और शावक को सुरक्षित जंगल की ओर जाते देखा। उस समय मार्ग पर अन्य कोई वाहन नहीं था।
घटना की जानकारी अगले दिन वन विभाग के परिक्षेत्र कार्यालय को दी गई। अमरकंटक वन परिक्षेत्र अंतर्गत बाघ की मौजूदगी की सूचना परिक्षेत्राधिकारी वीरेंद्र श्रीवास्तव को भी दे दी गई है। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश देते हुए आसपास के ग्रामवासियों एवं वन क्षेत्र के निवासियों से सतर्क रहने, जंगल क्षेत्र से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
*बिना परमिट दौड़ रही यात्री बस पर 62 हजार का जुर्माना*
अनूपपुर में जांच के दौरान बस क्रमांक MP-65-ZC-6602 को रोका गया। दस्तावेजों की गहन जांच में बस का वैध परमिट नहीं पाया गया। नियमों के स्पष्ट उल्लंघन पर तत्काल वाहन को जब्त कर वैधानिक प्रकरण तैयार किया गया।लगातार 10 दिनों तक वाहन जब्त* रहने के बाद संबंधित वाहन स्वामी को 62 हजार का भारी-भरकम जुर्माना भरना पड़ा। इस सख्त कार्यवाही से अन्य वाहन संचालकों में भी स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी अब महंगी पड़ेगी।
