विधायक के आहवान पर जिला कांग्रेस ने किया रेल रोको आंदोलन , छावनी में तब्दील हुआ रेलवे स्टेशन
अनूपपुर
वेंकटनगर, निगौरा रेलवे स्टेशन में यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के आहवान पर जिला कांग्रेस ने क्षेत्र वासियों के साथ वेंकटनगर स्टेशन में किया रेल रोको आंदोलन, लगातार प्रदर्शन के बाद, रेलवे ने दिया लिखित आश्वासन।
पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में कोरोना काल के बाद बंद यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग लगातार स्थानीय व आसपास के ग्राम वासियों द्वारा की जा रही है परंतु आज दिनांक तक कोरोना काल से बंद यात्री ट्रेनों का स्टॉपेज पुनः चालू नहीं किया गया। क्षेत्र वासियों ने अपनी मांग क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के समक्ष रखी जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को द्वारा रेलवे प्रशासन से लगातार 3 महीने से वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में बंद यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज को पुनः चालू मांग की जा रही है, जिसके संबंध में कई बार मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंप गया है। परंतु लगातार मांग के बाद भी वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में ट्रेन ठहराव को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की गयी। विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन को एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने स्थानीय प्रशासन कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को पत्र के माध्यम से रेल रोको आंदोलन का अल्टीमेटम भी दिया गया लेकिन फिर भी ट्रेन ठहराव के लिए ना ही कोई लिखित आश्वासन व ना ही कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। दिए गए अल्टीमेटम अनुसार आज दिनांक 21 फरवरी को पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के आहवान पर जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा वेंकटनगर रेलवे स्टेशन में रेल रोको आंदोलन किया गया। रेल रोको आंदोलन की पूर्व में प्राप्त सूचना के अनुसार वेंकटनगर में आज सुबह से पुलिस प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल भारी संख्या में तैनात रहा जिससे पूरा वेंकटनगर आज छावनी में तब्दील हो गया। रेल रोको आंदोलन के तहत विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के अगुवाई में जैसे कांग्रेसजन व स्थानीय जन ट्रेन रोकने के लिए आगे बढ़ने लगे तभी भारी संख्या में तैनात पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने घेराबंदी कर उन्हें वेंकटनगर चौराहे पर रोक दिया, जिसके बाद आंदोलनकारी चौराहे पर ही धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी करते हुए डटे रहे। कुछ घंटे बीत जाने के बाद रेलवे प्रशासन का एक दल अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के साथ पहुंचा और लिखित में 2 माह के भीतर 20 अप्रैल तक मांग अनुसार यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में पुनः चालू करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि अगर 20 अप्रैल तक यात्री ट्रेन का स्टॉपेज पुनः चालू नहीं किया जाता तो 21 अप्रैल को हम पुनः रेल रोको आंदोलन करेंगे और आज यहां उपस्थित सभी अधिकारी इसे अभी से हमारी सूचना माने, क्योंकि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो वेंकटनगर से निगौरा के बीच कहीं पर भी रेल रोको आंदोलन किया जा सकता है इसलिए आप सभी से निवेदन है कि दिए गए आश्वासन अनुसार मांगों को पूरा किया गया। इस मौके पर वर्तमान, पूर्व जनप्रतिनिधिगण, जिला कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारीगण, मोर्चा संगठन जिलाध्यक्ष, विभाग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष, ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर पदाधिकारीगण, सरपंच, पंच, के साथ भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहें।
