मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने वाले 17 कांग्रेसियों पर मामला दर्ज, तीन गए जेल
शहडोल
एक दिवसीय दौरे पर रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धनपुरी पहुंचे थे। वे धनपुरी में बने वाटर पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम स्थल से लगभग 200 मीटर पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के वाहन के सामने आ गए, जिससे काफिला कुछ देर के लिए रुक गया।
सीएम के काफिले में तैनात सुरक्षाकर्मी तत्काल अपने वाहनों से उतरे और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर ने स्वयं मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सख्ती बरती। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अपने लगभग 40 साथियों के साथ बीईओ कार्यालय बुढार के सामने भी विरोध प्रदर्शन कर रही थे। वहां भी काले झंडे दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल के पास फिर से विरोध कर काफिला रोकने की कोशिश की गई।
बुढार पुलिस ने गोपालपुर तिराहे पर रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में 17 नामजद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोतवाली में पदस्थ एक एएसआई की शिकायत पर की गई। थाना प्रभारी बुढार विनय सिंह गहरवार ने बताया कि रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा डाली, जिस पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन को जेल भेजा है अन्य की तलाश जारी है।
