समाचार 01 फ़ोटो 01
दुर्गा पूजा के चंदे को लेकर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष व प्राचार्य के बीच हुआ विवाद
*जान से मारने की धमकी का मामला डीजीपी तक पहुंचा, मचा हड़कंप*
समाचार
कोतमा में दुर्गा पूजा के चंदे को लेकर भाजपा कोतमा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और एक प्राचार्य के बीच विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। प्राचार्य को जान से मारने की धमकी देने का मामला अब डीजीपी तक पहुंच गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा कोतमा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेश कर्मा ने सीएम राइस स्कूल पचखुरा के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह चौहान से दुर्गा पूजा के ₹11000 रुपए चंदे की मांग की थी। बताया जाता है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला धमकी तक जा पहुंचा। प्राचार्य ने इस घटना की शिकायत उच्च अधिकारियों सहित पुलिस प्रशासन से की है। मामला बढ़ने पर अब यह शिकायत राज्य के गृह मंत्री और डीजीपी तक पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, विवाद के बाद प्राचार्य ने कहा कि मंडल अध्यक्ष द्वारा उन्हें सामाजिक रूप से बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा और प्रशासनिक हलकों में इस विवाद की चर्चाएं जोरों पर हैं। बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी भाजपा प्रदेश नेतृत्व को भी दी गई है। इस विवाद को लेकर पूर्व मंत्री और वर्तमान कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के आवास पर बैठक हुई, जिसमें कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राकेश सिंह ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीजीपी को भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। कोतमा थाने में प्रारंभिक पूछताछ की जा रही है और दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि राजेश वर्मा मंडल अध्यक्ष ग्रामीण के द्वारा लगातार अपराधी प्रवृत्तियों से जुड़ा रहा है रेत चोरी का मामला हो या कोई अन्य आपराधिक मामले हो ज्ञात रहे की पूर्व में निगवानी ग्रामीण निवासी कांग्रेस के नेता राजेश तिवारी के हत्याकांड में भी उनके परिजनों का भी संदिग्ध नाम जुड़ा हुआ था जो आज तक रहस्य में बना हुआ है।दुर्गा पूजा के चंदे को लेकर पहले भी कई बार मतभेद सामने आ चुके हैं, लेकिन इस बार मामला गंभीर हो गया है। वर्तमान में प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी है।
इनका कहना।
बयान के लिए थाने में आवेदक को बुलाया गया था किंतु आज पंचपुरा गांव में एक महिला की हत्या हो गई है जिस कारण मैं यहां व्यस्त हूं इसलिए जांच विलंब हुआ है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
*रत्नांकर शुक्ल, थाना प्रभारी, कोतमा*
समाचार 02 फ़ोटो 02
अकेली महिला की पचखुरा में हत्या, बाड़ी में मिला शव, हाथ-मुंह बंधे थे, सिर पर गहरी चोट के निशान
अनूपपुर
थाना कोतमा क्षेत्र के ग्राम पचखुरा में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के एक घर के पीछे बनी बाड़ी में 55 वर्षीय महिला की लाश संदिग्ध अवस्था में मिली। मृतका की पहचान चंद्रावती नापित के रूप में हुई है, जो गांव में अकेली रहती थी और सब्जी बेचने का कार्य करती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, दोनों हाथ और मुंह बंधे हुए थे तथा सिर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से वार कर हत्या की गई है।
ग्रामवासियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। बताया गया है कि चंद्रावती नापित के पति रवैया नापित की मृत्यु लगभग 3–4 वर्ष पहले हो चुकी है। वहीं उनका बेटा विकास नापित भी पिछले कुछ वर्षों से गांव से बाहर रह रहा है। महिला घर पर अकेली रहती थी।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में आतंक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने महिला की हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।
इनका कहना है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जांच की जा रही है।
*रत्नांबर शुक्ल, थाना प्रभारी, कोतमा*
समाचार 03 फोटो 03
देवी जागरण में पूरी रात झूमा गांधीनगर भक्ति भाव में डूबे श्रद्धालु
अनूपपुर
जिले के अमलाई सोडा फैक्ट्री स्थित गांधीनगर में टीटू मित्र मंडली द्वारा मातारानी के जगराता का भव्य आयोजन किया गया। मां भगवती जगदंबे की चौकी सजाई गई, आयोजन में कोयलांचल एवं ग्रामीण अंचल के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़ पड़े, श्री श्री नवदुर्गा उत्सव समिति सोडा फैक्ट्री गांधीनगर के तत्वाधान में आयोजित माता के जगराता कार्यक्रम में मथुरा से आएं कलाकारों द्वारा सुमधुर देवी गीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। सर्वप्रथम माता रानी की आरती की गई। जगराता कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा जीवंत झांकियां की प्रस्तुति भी दी गई। श्री श्री नवदुर्गा उत्सव समिति गांधीनगर के अनिल अग्रवाल टीटू, मित्र मंडली के सुरेंद्र गुप्ता ,संतोष ,विश्वनाथ, अरुण विश्वकर्मा अपनी पूरी मंडली के साथ व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष वैभव विक्रम सिंह, रामनारायण उरमालिया ,चंद्रिका द्विवेदी, सतीश तिवारी, नीरज गुप्ता, मनोज गर्ग ,राकेश तिवारी गुड्डू ,पार्षद पवन कुमार चीनी, पार्षद सौरभ कुमार, रविंद्र गुप्ता , पार्षद अर्चना यादव सहित हजारों की संख्या में माता के भक्तों ने जगराता का आनंद लिया। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी संख्या में उपस्थित को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन पूरी तरह चुस्त दुरुस्त एवं सजग नजर आया भक्तगण अनुशासन के साथ जगराता का आनंद लेते रहे। पूरी रात भक्ति भाव का माहौल बना रहा, नगरवासियो ने जगराता कर्यक्रम को ऐतहासिक एवं यादगार बताया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
बिना सहमति के जोड़ दिया नाम, कांग्रेस नेता नें जताई आपत्ति, कांग्रेस की हो रही किरकिरी
अनूपपुर
“वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित हस्ताक्षर प्रभारी सूची में कांग्रेस नेता संजय सोनी का नाम बिना पूछे शामिल कर दिए जाने पर उन्होंने खुले तौर पर आपत्ति दर्ज कराई है।संजय सोनी के अनुसार, यह नामांकन न तो बिना समन्वय समिति की बैठक में प्रस्तावित किए,और न ही संजय सोनी से कोई पूर्व सहमति ली गई थी। इस पर सोनी ने सोशल मीडिया पर शालीन लेकिन सटीक तरीके से अपना विरोध जताते हुए खुद को सूची से अलग करने की घोषणा कर दी।
पूर्व एनएसयूआई जिला महासचिव, जिला उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश सचिव एवं वर्तमान प्रदेश सचिव (युवा कांग्रेस) संजय सोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा की गुड्डू चौहान आपका पत्र मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुआ। मेरी जगह किसी अन्य ऊर्जावान साथी को आप प्रमाण पत्र जारी करें। मैं कांग्रेस पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता होकर भी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्षम हूं।”उनका यह बयान न केवल संगठनात्मक शालीनता का उदाहरण बना, बल्कि इसने कांग्रेस संगठन के भीतर संवादहीनता की स्थिति पर भी हल्का लेकिन सार्थक कटाक्ष कर दिया।राजनीतिक गलियारों में इसे “पद नहीं, प्रतिबद्धता की राजनीति” कहा जा रहा है। संजय सोनी ने साफ कहा कि वे किसी जिम्मेदारी या पद की चाह नहीं रखते , उनका उद्देश्य कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना है। संगठन के भीतर यह घटनाक्रम इस बात का संकेत भी है कि अब युवा नेताओं में ‘नाम से पहले काम’ और ‘पद से पहले पार्टी’ की भावना फिर उभर रही है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
नदी के पास 4 दिन पुराना शराबी का मिला शव, मौत का कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी नदी के पास एक 45 वर्षीय शख्स का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।घटना की जानकारी स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को दी गई,जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू की है, मृतक की पहचान गांव के रहने वाले शिव प्रसाद के रूप में की गई है। जो प्रतिदिन शराब पीता था।
पुलिस ने बताया कि शिव प्रसाद कोल पिता स्वर्गीय शिरोमणि (45) का शव उसके घर के पास स्थित टिहकी नदी के पास देखा गया है। स्थानीय लोलो ने शव देख उसकी पहचान की और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है।मौके पर थाना प्रभारी खुद पहुंच जांच कर रहे है। शिव प्रसाद के शरीर में कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले है।
पुलिस के अनुसार शिव प्रसाद का परिवार मजदूरी करने दूसरे जिले गया हुआ है। और वह घर में अकेला ही कुछ दिनों से रह रहा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वह रोज शराब पीता था, और शराब पीकर घर आते समय पास के नदी के समीप ही सो जाता था।जहां उसका शव मिला है। उसकी मौत कैसे हुई है अभी यह स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने कहा कि स्थानीय लोगों की जानकारी के बाद हम मौके पर पहुंचे थे, अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए अस्पताल भिजवाया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
वही कोतवाली थाना क्षेत्र के घी बड़ा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है। जिसकी उम्र लगभग 45 वर्ष के आस पास की बताई गई है। पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्ति का शव शौच करते समय मृत अवस्था में एक सुन सान,खाली स्थान में मिला है। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। दुर्गंध आने के बाद लोगों को शव होने की जानकारी मिली,जिसके बाद पुलिस को लोगों ने बताया है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
सेवा, रक्तदान व पर्यावरण में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिमांशु तिवारी को मिला राष्ट्रीय सम्मान
उमरिया
राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उमरिया जिले के समाजसेवी ने जिले का नाम रोशन किया। सामाजिक कार्यों और जागरूकता अभियानों में उल्लेखनीय योगदान देने पर रक्तदान,सामाजिक कार्य व पर्यावरण संरक्षण में लगातार काम कर रहे हिमांशु तिवारी को जिला स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।हिमांशु तिवारी को उनकी उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं और रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए मध्यप्रदेश डिस्ट्रिक्ट अवार्ड तथा इंग्लैंड वल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली के भारत मंडपम और हरियाणा के करनाल में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में पूरे देश के प्रत्येक राज्य व जिले से एक पुरुष और एक महिला समाजसेवी को चुना गया। हिमांशु तिवारी का चयन उमरिया जिले से उनके निरंतर रक्तदान, सामाजिक जागरूकता और जनहित कार्यों के लिए किया गया। हिमांशु तिवारी ने कहा कि यह सम्मान पूरे जिले और उनके साथ काम करने वाले सभी समाजसेवियों को समर्पित है।उमरिया वासियों में गर्व हिमांशु तिवारी के सम्मानित होने पर पूरे उमरिया में हर्ष और गर्व का माहौल है। नगरवासियोंए सामाजिक संगठनों और वरिष्ठ नागरिकों ने बधाई व शुभकामनाएँ दीं।
समाचार 07 फ़ोटो 07
पूर्व नपाध्यक्ष के जन्मदिवस पर गरीबों को वितरित किया फल
अनूपपुर
नगर अनूपपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी का 78वें जन्म दिवस पर काफी लोगों ने उनके निवास स्थल पर पहुंचकर उन्हें जन्मदिवस की बधाई शुभकामनाओं के साथ दशहरा की भी बधाई दी। इस अवसर पर उनके पुत्र आशीष त्रिपाठी एवं उनके मित्र मंडली ने गरीब एवं जरूरतमंद बस्तियों में जाकर फल-फ्रूट का वितरण किया।
पूर्व नपाध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी के 78वें जन्मदिवस पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी लखन लाल अग्रवाल,केशरवानी समाज के वरिष्ठ फूलचंद गुप्ता, ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध सुशीलकांत मिश्रा (मुनिराज),कृष्णकांत तिवारी,बबलू केसरवानी के साथ ही चैतन्य मिश्रा एवं काफी लोग उपस्थित हुए एवं उन्हें जन्मदिन की बधाई शुभकामनाओं के साथ उनके स्वस्थ जीवन के लिए मंगल कामना की। साथ ही उपस्थित लोगों ने उनसे अपेक्षा की कि आप अपना आशीर्वाद हम सभी पर बनाए रखिए।
समाचार 08 फ़ोटो 08
नशा तस्करों पर छापेमारी कर पकड़ी सनसनी, वाहन सुजुकी ईको व 180 शीशी कफ सिरप बरामद
शहडोल
जिले के थाना प्रभारी उप निरीक्षक देवलोंद सुभाष दुबे ने जानकरी दी है कि जिले के थाना देवलोंद अंतर्गत करौंदिया तिराहा के निकट मंगलवार रात्रि एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुजुकी ईको वैन एमपी-18-जेबी-8608 एवं 180 शीशी अवैध अनरेक्स कफ सिरप बरामद की है। सूचना मिली थी कि उक्त वैन में नशीला कफ सिरप लेकर तीन युवक दीपक लेखरा निवासी सतना, राजेन्द्र लखेरा निवासी मऊ थाना ब्यौहारी एवं राजेन्द्र खैरवार खांमडाड, ब्यौहारी की ओर जा रहे हैं।
थाना देवलोंद की टीम, थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुभाष दुबे, आरक्षक चित्रांशु शुक्ला, शिवेष त्रिपाठी, दीपक रावत, राजबिहारी पटेल और शैलेन्द्र सिंह ने रेड कर आरोपीयों के कब्जे से 180 शीशी कफ सिरप और वैन को कब्जे में ले लिया।
जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत 36,270 रुपए थी, जबकि वाहन की कीमत लगभग 4 लाख रुपए आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपक लेखरा पन्ना जिले के देवेनाथ फार्मा से अवैध रूप से कफ सिरप खरीद कर ब्यौहारी एवं आसपास के इलाकों में आपूर्ति करता है। राजेन्द्र लखेरा एवं राजेन्द्र खैरवार इस सप्लाई नेटवर्क में स्थानीय वितरणकर्ता के रूप में शामिल थे।
समाचार 09 फ़ोटो 09
गिरफ्तारी के दौरान युवक की पिटाई, एसपी ने चार को लाइन हाजिर किया
शहडोल
बीते दिनों केशवाही में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक विशेष स्थान पर जब जुलूस पहुंचा तो उसमें पत्थरबाजी की घटना हुई। इस घटना में तीन महिलाओं को चोट आई थी। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के सुबह लोग इकट्ठा हो गए और नगर बंद कर पत्थरबाजी की घटना का विरोध करने लगे, तभी विरोध कर रहे लोगों ने पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की करते हुए पुलिस से झड़प की थी। इस मामले पर पुलिस ने 10 लोगों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया था। गिरफ्तारी के दौरान एक युवक की पिटाई का वीडियो भी सामने आया था।
वीडियो में चौकी केशवाही में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर पांडे, रामनरेश यादव, मलीकंठ यादव, मनोज दिखाई दे रहे थे। युवक की गिरफ्तारी के दौरान उसे वाहन में बैठाते समय पुलिसकर्मी उसे पीटते हुए नजर आए थे। घटना का वीडियो किसी शख्स ने बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल किया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया और चारों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
समाचार 10
अवैध रेत परिवहन पर 3 ट्रैक्टर से वसूले 60 हजार
शहडोल
जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र के छांटा इलाके से एक बार फिर अवैध रेत परिवहन का मामला सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी आशीष पर रेत कारोबारियों से तीन ट्रैक्टरों को छोड़ने के एवज में 20-20 हजार रुपये की रकम वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आशीष ने खुद को मीडिएटर (दलाल) की भूमिका में रखकर रेत कारोबारियों से सौदा तय कराया और अवैध ट्रैक्टरों को छूट दिलाई। इस पूरे प्रकरण ने क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि अगर सीडीआर रिकॉर्ड (कॉल डिटेल) की जांच की जाए तो रेत कारोबारियों और संबंधित पुलिसकर्मी के बीच के लेन-देन और बातचीत के साक्ष्य स्पष्ट हो सकते हैं। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।