समाचार 01 फ़ोटो 01
युवक बना ज्योतिष ठग, महिला को सरकारी नौकरी दिलाने व अंधविश्वास के नाम पर ठगे 20 लाख
*मामला हुआ दर्ज*
शहडोल
जिले में एक ऐसा सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है, खुद को ज्योतिष का ज्ञाता बताने वाला रीवा निवासी विनय कुमार मिश्रा ने शहडोल की महिला अंजू पाण्डेय निवासी वार्ड क्रमांक 16 पटेल नगर को पहले अंधविश्वास के जाल में फंसाया और फिर सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और नगदी हड़प लिए।
सूत्रों के अनुसार, विनय मिश्रा ने शुरुआत में अंजू पाण्डेय से संपर्क साधा और कुंडली दिखाने के बहाने परिवार पर संकट बताया। उसने यहां तक कह दिया कि सावन के नक्षत्र में बच्चों की जिंदगी पर खतरा मंडरा रहा है और मौत का साया परिवार पर है। इन बातों ने पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक रूप से भयभीत कर दिया।
डरी-सहमी महिला ने अपनी समस्याएं मिश्रा को बताईं। इसी दौरान उसने परिवार की आय, संपत्ति और आर्थिक स्थिति का बारीकी से अंदाजा लगाया। जब उसे पता चला कि परिवार का स्थायी आय स्रोत है, तो उसने सुनियोजित तरीके से ठगी का खेल शुरू किया।
धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद विनय मिश्रा, उसकी पत्नी वंदना पाण्डेय और सहयोगी ललिता पाण्डेय ने महिला को आंगनवाड़ी क्लर्क की नौकरी दिलाने का लालच दिया। इस बहाने पहले 62 हजार रुपये मोबाइल बैंकिंग और नगद लिए गए, इसके बाद करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी ठग लिए।
लंबे समय तक ठगी का शिकार होने के बाद आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और पूरे मामले की शिकायत थाना कोतवाली शहडोल में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विनय मिश्रा के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
ट्रैक्टर चोरी मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर जप्त, किसान बनकर की थी चोरी
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम रतहर से हाल ही में ट्रैक्टर चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को दतिया से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपी पहले गांव में रहकर खेती किसानी का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि ग्राम रतहर निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने दो दिन पहले एक नया ट्रैक्टर खरीदा था, जिसे रात के समय अज्ञात अपराधियों ने चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित की और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की खोजबीन शुरू की।
गोहपारू थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि हमने तेजी से जांच शुरू की और दतिया में संदिग्धों की पहचान की। जिसमें दिनेश कुशवाहा और रोहित उर्फ मनोज, दोनों निवासी मुरैना को हिरासत में लिया गया। इनसे पूछताछ के दौरान इन्होंने रात के तीन बजे ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई है कि वे पहले से ही रतहर और आसपास के क्षेत्रों में खेतों की जुताई का काम कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि आरोपी रोहित उर्फ मनोज की पहचान फरियादी धर्मेन्द्र सिंह से हो गई थी। जब उसे यह पता चला कि धर्मेन्द्र ने नया ट्रैक्टर खरीदा है, तो उसने अपने साथी दिनेश के साथ मिलकर रात करीब तीन बजे ट्रैक्टर चुराने की साजिश रची। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है, लेकिन पुलिस की तत्परता ने स्थानीय निवासियों को राहत प्रदान की है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
प्रेमिका 4 दिन से बात करना किया बन्द, नाराज प्रेमी चढ़ा बिजली टॉवर पर, आत्महत्या करने की दी धमकी
अनूपपुर
डायल 112 सर्विस भोपाल के द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम अनूपपुर एवं थाना प्रभारी कोतवाली को सूचना दी गई की बरबसपुर ग्राम में पावर ग्रिड कारपोरेशन के हाई टेंशन लाइन के टावर में एक नवयुवक चढ़ा हुआ है जो कूद कर जान देने की बात कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान जी के निर्देशन में तत्काल टी.आई कोतवाली अरविंद जैन अपने पुलिस बल सहायक उप निरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक शेख रशीद , प्रधान आरक्षक खेमराज, आरक्षक प्रकाश तिवारी, आरक्षक अब्दुल एवं विद्युत विभाग से जे. ई.सुनील पटेल, पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया अनूपपुर के मैनेजर प्रवीण गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे जो हाई टेंशन लाइन के टावर पर काफी ऊंचाई पर एक नवयुवक चढ़ा हुआ था, जिसने बातचीत पर बताया कि उसकी प्रेमिका ने विगत चार दिन से मोबाइल फोन पर बात करना बंद कर दिया है, जिससे वह जान देना चाहता है और साथ में अपने साथ जहर का पैकेट और पानी की छोटी बोतल भी रखा है यदि कूदने से नहीं मरा तो जहर पीकर मर जाएगा ।
टी. आई. कोतवाली अरविंद जैन द्वारा पुलिस थाना के लाउडस्पीकर सिस्टम से हाई टेंशन लाइन के ऊंचे टावर पर काफी ऊंचाई पर लटके नवयुवक की करीब 2 घंटे तक काउंसलिंग की गई और उसे विश्वास दिलाया गया कि उसकी पूरी मदद की जाएगी, तब वह नीचे उतरा जिसे सुरक्षित उसके परिवारजन को सौपा गया है। 21 वर्षीय नवयुवक शहडोल जिले का रहने वाला है, जिसने अपनी प्रेमिका के द्वारा पिछले 4 दिन से मोबाइल पर बात न करने से नाराज होकर आत्महत्या का मन बनाकर टावर पर चढ़ना बताया। पुलिस द्वारा नवयुवक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जाकर पूरे मामले को जांच में लिया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
विद्युत तार की चपेट में आने से कालरी कर्मचारी गंभीर घायल, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
अनूपपुर
स्थानीय वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों ने नाम न बताने की शर्त पर जानकारी दी कि लंबे समय से एक खंभे पर लटका हुआ तार नीचे तक झूल रहा था, जो ट्रक की बॉडी को हल्का-सा छूता रहता था। कई बार कोल इंडिया की सहायक कंपनी एस ई सी एल जमुना कोतमा क्षेत्र की आमाडाड ओपीसी के प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई, लेकिन लापरवाही बरतते हुए कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया गया कि तार पुराना और अनुपयोगी था जिसे हटाया जा सकता था, किंतु प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया और अंततः यह बड़ी दुर्घटना हो गई।
सूत्रों के अनुसार, घटना को सामान्य दुर्घटना बताने का प्रयास किया जा रहा है। इस हादसे में गया प्रसाद चतुर्वेदी कादरी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जो वार्ड क्रमांक 09 के निवासी एवं निश्छल चतुर्वेदी के पिता हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय गया प्रसाद ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर पर चोट नहीं आई, लेकिन उनकी जांघ के पास गंभीर चोट पहुंची है। जानकारी के मुताबिक, गया प्रसाद आमाडाड ओपीसी में कार्यरत ड्यूटी से लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। गंभीर चोट के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीजनल हॉस्पिटल कोतमा कालरी भालूमाड़ा से बाहर रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोटरसाइकिल पर दुर्घटना होने की बात बताने से कोल प्रबंधन के अधिकारियों ने मना कर दिया और कहीं न कहीं सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और लोगों ने प्रबंधन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
चाय की दुकान से अवैध शराब का जखीरा जब्त, आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
अनूपपुर
जिले के कोतमा में आबकारी विभाग ने शुक्रवार को शाम पांच बजे एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बदरा में एक चाय की दुकान संचालक शिवा शुक्ला के द्वारा अवैध रूप से देशी और अंग्रेजी शराब बेची जा रही थी।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदरा बाजार स्थित एक चाय दुकान से गुप्त रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब की बोतलें बोरियों में छिपाकर रखी गई थीं।
विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही शराब के इस जखीरे को जब्त कर लिया और दुकान संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में आबकारी विभाग की तत्परता की चर्चा हो रही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
बुजुर्ग पर हुआ हमला, शरीर में गंभीर चोट, मिल रही है जान से मारने की धमकी
अनूपपुर
जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत केशव प्रसाद यादव ने अपनी और अपने परिवार की आप बीती शिकायत में बताई है। की 25 अगस्त, 2025 को रात करीब 10:30 बजे, केशव उनके बड़े पिता नेमशाय यादव को जान से मारने की कोशिश की गई, आरोपी ने इतना मारपीट किया कि पीड़ित का सर फोड़ दिया, जैतहरी पुलिस द्वारा आरोपी पर साधारण अपराध धारा 296,115(2),351(2), 3 (5) बीएनएस का पंजीबध्द कर विवेचना मे लिया है। आरोपी को कुछ देर थाने में बैठाकर हीरालाल यादव को छोड़ दिया, इधर पीड़ित की हालत गंभीर है, लेकिन जैतहरी पुलिस मानने को तैयार नहीं जैसा पीड़ित ने बताया उस प्रकार थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं किया गया, पुलिस खुद अपने से रिपोर्ट दर्ज करके रिपोर्ट की कॉपी पीड़ित को देकर वापस भेज दिया, जबकि फोटो और वीडियो में कुछ बयां कर रही है, जबकि रिपोर्ट में कुछ और दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी का पुत्र सुनील यादव व आरोपी की पत्नी जान से मारने की धमकी दे रहे है, मगर उनके ऊपर रिपोर्ट दर्ज नहीं किया गया है, इधर पीड़ित इंसाफ की मांग कर रहा है, उधर आरोपी के हौसले बुलंद है, पीड़ित को सड़क पर चार लोग बेरहमी से मारे है, सर व चेहरे में गंभीर चोट हैं, धमकी के बाद उसका परिवार डरा हुआ है और न्याय की मांग कर रहा है। का सामना करना पड़ता है पीड़ित गंभीर है पीड़ित की आवाज प्रशासन नहीं सुन रहा हैं और आरोपी खुलेआम घूम रहा है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
संकल्प महाविद्यालय के विद्यार्थियों का बंगवार अंडरग्राउंड माइंस में सफल औद्योगिक भ्रमण
अनूपपुर
संकल्प महाविद्यालय के बीबीए एवं बी.एससी. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बंगवार अंडरग्राउंड माइंस का सफल औद्योगिक भ्रमण किया।इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव उपलब्ध कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने भूमिगत खनन प्रक्रिया, खदानों की कार्यप्रणाली, मशीनों के संचालन तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त की। एसईसीएल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विस्तार से बताया कि किस प्रकार कोयला उत्पादन देश की ऊर्जा आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और खनन कार्य में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
विद्यार्थियों ने उद्योग के वास्तविक वातावरण को नजदीक से समझते हुए यह अनुभव किया कि प्रबंधन, तकनीकी ज्ञान और सुरक्षा उपाय किसी भी उद्योग की सफलता के लिए कितने आवश्यक हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा बल्कि उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध हुआ।
महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संकल्प महाविद्यालय का उद्देश्य हमेशा से विद्यार्थियों को कक्षा की शिक्षा के साथ वास्तविक औद्योगिक अनुभव प्रदान करना रहा है। इसी कड़ी में इस औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराया जा सके।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य/निदेशक ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाते हैं और उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने इस भ्रमण को सफल बनाने में सहयोग देने वाले एसईसीएल प्रबंधन तथा संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया। यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ, जिसने उनके दृष्टिकोण को विस्तृत करने के साथ-साथ व्यावसायिक और व्यवहारिक शिक्षा के नए आयाम खोले।
समाचार 08 फ़ोटो 08
एक शाम राष्ट्र के नाम" देश भक्तिमय कार्यक्रम संपन्न, श्रोताओ व दर्शकों का मन मोह लिया
शहडोल
शहडोल के मानस भवन में आयोजित "एक शाम राष्ट्र के नाम" देशभक्तिमय कार्यक्रम रहा। कार्यक्रम की शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में देश भक्ति गीत, नृत्य, मार्शल आर्ट पर आधारित लाठी एवं शहीद भगत सिंह पर नाट्य रहा। साथ ही भूत पूर्व सैनिको की उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये, (भूत पूर्व सैनिक कारगिल युद्ध का हिस्सा रहे), कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. केदार सिंह कलेक्टर , मंचीय अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष घनश्याम जयसवाल, कार्यक्रम की अध्यक्षता जन परिषद् चेप्टर शहडोल के सम्भागीय अध्यक्ष शुभदीप खरे, विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्भागीय उपाध्यक्ष वरीष्ठ समाजसेवी पंडित जयप्रकाश नारायण गर्ग, सम्भागीय मीडिया प्रभारी बी पी तिवारी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को बेमिसाल बना दिया, उक्त ऐतिहासिक कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजको की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम उद्बोधन एवं स्वागत भाषण के साथ प्रारंभ हुआ जिसमें क्षतीसगढ से आई गायिका, समाजसेवियों व पत्रकारों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया के साथ साथ शुभदीप खरे की प्रस्तुति हुई
एक शाम राष्ट्र के नाम कार्यक्रम में देश भक्ति के साथ आपसी भाईचारे, प्रेम का सन्देश सम्मलित रहा, मानस भवन मे उपस्थित तमाम श्रोताओ और दर्शकों का दिल मोह लिया, गायक- गायको द्वारा गाया गया प्रत्येक गीत हृदय को छू लेने वाला था। साथ ही विभिन्न स्कूलों द्वारा किए गए नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, इतना ही नहीं विराट मार्शल आर्ट लाठी कार्यक्रम की प्रत्येक जनों ने सराहना की और श्री लकी चतुर्वेदी की टीम द्वारा शहीद शहीद भगत सिंह पर दर्शाया गया दृश्य प्रत्येक जनों को देशभक्ति से ओत प्रोत कराया औऱ सुर्खिया बटोरी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी को हार्दिक बधाई कार्यक्रम का सफ़ल संचालन डॉ गोपाल प्रसाद निगम अधिवक्ता शहडोल, अरुण शुक्ला, क्रिस्टी भाई, एवं अभिदीप सोनी ने किया अंत में आभार प्रदर्शन जन परिषद् के सम्भागीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण गर्ग के द्वारा किया गया और कार्यक्रम समाप्त राष्टगान के साथ सम्पन्न किया गया।
समाचार 09 फ़ोटो 09
सहकार भारती महाकोशल प्रांत का अभ्यास वर्ग का होगा आयोजन
शहडोल
इस आशय के संबंध में शाम 6 बजे सहकार भारती ज़िला इकाई शहडोल की बैठक संपन्न हुई । बैठक डॉ गोपाल प्रसाद निगम प्रदेश प्रमुख क्रेडिट प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में आयोजित की गई । ज़िलाध्यक्ष संजय निगम द्वारा दिनांक 30-31 अगस्त 2025 को गाडरवारा ज़िला नरसिंहपुर में आयोजित महाकौशल प्रांत के अभ्यास वर्ग के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई । जिला इकाई के सभी अपेक्षित प्रमुख पदाधिकारियों -महामंत्री , संगठन प्रमुख , सह-संगठन प्रमुख, महिला प्रमुख , सह-महिला प्रमुख से अभ्यासवर्ग में सम्मिलित होने के लिए सहमति प्राप्त की गई । बैठक में गोपाल निगम, संजय निगम , राजेश श्रीवास्तव , निखिलेश तिवारी उपस्थित रहे साथ ही अभिमान सिंह जोधावत, संगीता शुक्ला, शोभा रत्नम आदि सदस्यो ने ग्रुप कॉल के माध्यम से अपनी उपस्थिति एवं सहभागिता देते हुए अपने विचारों को साझा किया ।