मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 443.31 करोड़ रुपए लागत के 114 विकास कार्यों का किया वर्चुअल लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 443.31 करोड़ रुपए लागत के 114 विकास कार्यों का किया वर्चुअल लोकार्पण एवं भूमिपूजन

*मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को सरकार उपलब्ध कराएगी 80 लाख का ऋण*


अनूपपुर

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनूपपुर जिले के कोतमा में आयोजित हरियाली से खुशहाली का नया परिवेश कार्यक्रम में "अमृत हरित महाअभियान" तथा हितग्राही सम्मेलन को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि अमरकंटक धार्मिक एवं पर्यटन के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यह त्रिवेणी नर्मदा, सोन एवं जोहिला का मायका है। इन तीनों नदियों का यह उद्गम स्थल है। प्रदेश सरकार ने राम पथगमन मार्ग में पड़ने वाले सभी स्थानों को विकसित करने का निर्णय लिया है। अमरकंटक का भी विकास किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल रूप से  कोतमा के मॉडल हायर सेकेन्ड्री स्कूल में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में 443.31 करोड़ रुपए की लागत वाले 114 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होेंने नीट एण्ड जेईई कोचिंग का लोकार्पण, अमरकंटक में नर्मदा नदी पर 13 करोड़ रूपए की लागत से प्रसाद योजना के तहत राम घाट पर बनाए गए रामसेतु का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवन रेखा है। प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक एवं आस्था वाले तीर्थ स्थानों का लगातार विकास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोध्या धाम के तर्ज पर 2800 करोड़ की लागत से चित्रकूट धाम का भी विकास किया जाएगा। डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश वासियों को गुरूपूर्णिमा की बधाई देते हुए कहा कि आगामी 10 जुलाई को गुरूपूर्णिमा के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों को साईकल वितरण तथा उच्च शिक्षा संस्थानों का लोकार्पण किया जाएगा। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सहयोग से प्रदेश सरकार किसान, महिला, युवा, गरीब के जीवन को बेहतर बनाने के लिए संकल्पित है। प्रदेश में महिलाओं को शासकीय सेवाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की पात्र हितग्राहियों को रक्षाबंधन से पहले अतिरिक्त 250 रुपए शगुन के रूप में मिलेंगे। दीपावली के बाद भाई-दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। राज्य सरकार संकल्प पूरा करते हुए 2028 तक 3000 रुपए बहनों के खातों में भेजेगी। इस अवसर पर उन्होंने वीरांगना रानी दुर्गावती, लोकमाता अहिल्या  बाई का स्मरण करते हुए कहा कि इनकी अद्भुत प्रशासन क्षमता आज भी हम सब का मार्गदर्शन कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 2 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 52 हजार रूपए हो गई है। प्रदेश सरकार ने स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाई में असुविधा न हो, इसके लिए समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने का काम किया है। इसके साथ ही गणवेश, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी, साईकल का भी वितरण आगामी दिनों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज प्रदेश के 94 हजार 500  मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 जुलाई को गुरूपूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों को साईकिलों का वितरण किया जाएगा। शासकीय स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को किताब-कॉपी के साथ साइकिलें भी बांटी जा रही हैं। सांदीपनि विद्यालय के रूप में हमारी शिक्षा व्यवस्था को एक अनुपम सौगात मिल रही है। 

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं। प्रदेश में किसानों की आय बढ़ानें के लिए सिंचाई रकवे का विस्तार, गौसंवर्धन बोर्ड के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुधारू पशु-पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन भी बढ़ेगा।

प्रदेश के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारी की 9 साल से अटकी पदोन्नति की प्रक्रिया को प्रारंभ करने की मंजूरी दी गई है। लगभग 2 लाख नए शासकीय पदों पर भर्ती की संभावना बनेगी। इसी के साथ प्रदेश स्तर पर 1 लाख पदों के लिए नई भर्तियों का अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वालों को राहगीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की योजना शुरू की है। प्रदेश के गरीब-जरूरतमंदों को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देहदान करना मानवता के प्रति संवेदना का प्रतीक है। देहदान करने से मानव अमर हो जाता है। प्रदेश सरकार ने देहदान करने वाले व्यक्तियों को गार्ड ऑफ ऑनर देने का निर्णय लिया है।

प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि म. प्र. के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में  प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है, प्रदेश में औद्योगीकरण तथा धार्मिक स्थलो का विकास किया जा रहा है, इससे युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे।

प्रदेश सरकार के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत से विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, प्रदेश में औद्योगीकरण से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, शासकीय सेवकों के प्रमोशन का निर्णय लिया गया है, इससे 2 लाख सेवकों को लाभ मिलेगा, जो पद रिक्त होंगे उनमें नयी भर्तियां की जायेगी। अनूपपुर जिले में भी विकास के अनेकों कार्य किये गये हैं, किसानों की आय बढ़ाने के लिए सोलर पंप के माध्यम से बिजली पंप देने, सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जिले में नई औद्योगिक कंपनियों ने अपने काम शुरू कर दिए हैं। पर्यटन के विकास से प्रदेश में सर्वाधिक पर्यटक मध्यप्रदेश में आए।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget