शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी पुजारी पहुँचा थाने, पुलिस ने किया गिरफ्तार, 2 माह से था फरार


शहडोल 

जिले में शादी का झांसा देकर शोषण के चर्चित मामले में फरार चल रहा आरोपी पुजारी आखिरकार दो महीने बाद खुद थाने पहुंच गया। महिला थाना पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 18 फरवरी को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि मंदिर में पूजा कराने वाला पुजारी आशीष राज तिवारी उर्फ छोटू पिछले करीब आठ वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी ने महिला को अलग-अलग शहरों में किराए के मकानों में पत्नी की तरह रखकर उसका शोषण किया।

पीड़िता का कहना है कि जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी बहाने बनाकर बात टाल देता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने के बाद महिला ने आखिरकार पुलिस की शरण ली।

मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच पुलिस ने आरोपी के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिजनों पर दबाव बढ़ने के बाद उन्होंने आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए राजी किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपा हुआ था। 

चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कार जलकर हुई खाक


उमरिया

ताला–पनपथा मार्ग पर सोमवार सुबह मझौली के पहले चहली पुलिया के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक चलती डस्टर कार अचानक धुआं छोड़ते हुए आग की चपेट में आ गई। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसने हालात को भांपते हुए तुरंत गाड़ी किनारे लगाई और सुरक्षित बाहर निकल गया।

देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच इस तरह की घटनाएं अब सामने आने लगी हैं, जो आम लोगों के लिए चेतावनी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी में वाहनों में तकनीकी खराबी और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार मालिक का नाम धर्मेंद्र पिता प्रेमलाल प्रजापति बताया की वह मानपुर से सटे पोंड़ी गांव से ग्रह ग्राम डिघिया (अमरपुर) जा रहे थे, इसी बीच मझौली (पनपथा) में कार में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ये अकेले ही थे। धर्मेंद्र प्रजापति की माने तो हादसे के दौरान कार में आठ हजार के करीब नगदी भी थी, जो आग की लपटों में जलकर खाक हो गई है।

सूने घर चोरो ने बोला धावा, लाखो के सोने, चांदी के सामान व नगदी पार, शादी में गया था परिवार


शहडोल 

जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के सूने घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी उमेश यादव अपने परिवार के साथ गांव में ही स्थित दूसरे घर में पारिवारिक शादी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका घर खाली था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर कीमती सामान समेट लिया। जब परिवार शादी से लौटकर घर पहुंचा, तो दरवाजा में लगा ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।

पीड़ित के मुताबिक, घर में बेटी के विवाह के लिए रखे गए करीब एक किलो चांदी, चार तोले से अधिक सोने के जेवर और 45 हजार रुपये नगद चोरी हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इधर, कोतवाली थाना क्षेत्र में भी चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाया है। मेसर्स ओम हार्डवेयर में हुई चोरी के मामले में दुकान संचालक शांतनु केशरी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। यहां से करीब एक लाख रुपये के सामान की चोरी होना बताया जा रहा है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget