समाचार 01 फ़ोटो 01
भारतीय जन नाट्य संघ का तीन दिवसीय दसवां राज्य सम्मेलन सम्पन्न, सदाचार के तावीज़ से परसाई के गूंजे बोल
*अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने जनकवि धूमिल की कविता "पटकथा" का एकल का सफल मंचन*
अनूपपुर
वैचारिक रूप से जनप्रतिबद्ध कला और जन संस्कृति का संरक्षक और संवाहक भारतीय जन नाट्य संघ का मध्य प्रदेश का दसवां राज्य सम्मेलन छत्तीसगढ़ की सीमा के निकट स्थित अनूपपुर के बलराज साहनी सभागृह में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आये कलाकारों ने, देश-दुनिया के मौजूदा हालात पर गंभीरता से चिंतन-मनन किया और नाट्य विधा की विभिन्न प्रस्तुतियाँ पेश कीं। आयोजन में इप्टा इंदौर इकाई द्वारा हरिशंकर परसाई की कहानी पर आधारित "सदाचार का तावीज़" की नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को ठहाके लगाने के साथ-साथ सोचने पर विवश कर दिया। यही परसाईजी की लेखनी की विशेषता भी थी।
सम्मेलन में अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने जनकवि धूमिल की कविता "पटकथा" का एकल मंचन किया। प्रयागराज (इलाहाबाद) की समानांतर संस्था ने "असमंजस बाबू", इप्टा लखनऊ के कलाकारों ने स्वतंत्रता संग्राम के 100 वर्षों की अवधि को समेटे हुए क्रांतिकारी अशफाक उल्ला की "दास्तान-ए-अशफाक" को किस्सागोई से तथा विवेचना इप्टा जबलपुर ने "72 मील" नाटक के माध्यम से हमारे समाज की विसंगतियों पर चोट की और दर्शकों का मन मोह लिया।
राज्य सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए वरिष्ठ रंगकर्मी और इप्टा के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष राकेश वेदा (लखनऊ) ने कहा कि वर्तमान समय विश्व के लिए उलझन भरा है। लेखक, रंगकर्मी, पेंटर अपने-अपने माध्यमों से इसे अभिव्यक्त कर रहे हैं।
प्रगतिशील लेखक संघ के राज्य सचिव सत्यम पांडे (भोपाल) ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद यह सम्मेलन एक उपलब्धि है। धर्म के नाम पर राजनीति विस्तारित हो रही है। खगोल विज्ञानी अमिताभ पांडे के अनुसार संस्कृति, प्रकृति और समाज के संबंधों को निर्धारित करती है। मनुष्य ब्रह्मांड में अपनी औक़ात नहीं समझ पा रहा है, यह उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है। सम्मेलन में प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वानुमति से पारित किया गया। सम्मेलन के संगठन सत्र में महासचिव शिवेंद्र शुक्ला ने अपने कार्यकाल की रिपोर्ट पेश की। उस रिपोर्ट पर विभिन्न इकाइयों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
आगामी वर्षों के लिए कार्यकारिणी का सर्वानुमति से गठन किया गया। संरक्षक मंडल में हिमांशु राय, डॉक्टर विद्या प्रकाश, विजय नामदेव, अध्यक्ष मंडल में विनीत तिवारी, अनिल दुबे, सीमा राजोरिया, हरनाम सिंह, पंकज दीक्षित, विजेंद्र सोनी, अध्यक्ष हरिओम राजोरिया, महासचिव शिवेंद्र शुक्ला, कोषाध्यक्ष नीरज खरे, सचिव मंडल में अभिषेक अंशु, सारिका श्रीवास्तव, हूरबानो सैफी, गुलरेज़ खान, आयुष सोनी, कार्यकारिणी में रामदुलारी शर्मा, पल्लविका पटेल, आदित्य रुसिया, अफरोज़ ख़ान, प्रमोद बागड़ी, मुकेश बिजौले, अशोक दुबे, सचिन वर्मा, बद्रीश पांडे, योगेश कुशवाहा को निर्वाचित घोषित किया गया। सम्मेलन में कलाकारों ने विभिन्न अवसरों पर जनगीतों की प्रस्तुति दी। कार्टून और पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई।
सम्मेलन के प्रारंभ में आयोजन समिति की अध्यक्ष पल्लविका पटेल, महासचिव लक्ष्मी खेड़िया ने अतिथियों का स्वागत किया। श्रम संगठन एटक के एस.एस. मौर्य के शुभकामना संदेशों का वाचन कोषाध्यक्ष श्रद्धा सोनी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विजेंद्र सोनी, गिरीश पटेल, आयुष सोनी, बेथल हायर सेकेंडरी विद्यालय के संचालक नोवेल की सहभागिता विशेष रूप से रही।
समाचार 02 फ़ोटो 02
छात्र ने की फायरिंग, दो युवक घायल, आरोपी हुआ फरार
शहडोल
भोपाल स्थित सेज यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले एक छात्र द्वारा फ्लैट में चल रही पार्टी के दौरान फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो छात्रों को गोली लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ओपीएम अमलई निवासी सुधांशु सिंह, जो सेज यूनिवर्सिटी भोपाल का छात्र बताया जा रहा है, एक फ्लैट में आयोजित पार्टी के दौरान अचानक फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि घटना कथित रूप से एक लड़की को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। फायरिंग में दो छात्रों को गोली लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सुधांशु सिंह, ओपीएम, अमलई निवासी सुबोध सिंह का पुत्र है जोकि ट्रक चलवाने का व्यवसाय करते हैं, सूत्रों के अनुसार सुधांशु सिंह का पुराना रिकॉर्ड भी आपराधिक गतिविधियों का रहा है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी छात्र फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
नगर परिषद में महिला इंजीनियर को लोकायुक्त ने 10 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
शहडोल
जिले में रीवा लोकायुक्त की टीम ने देवलौंद क्षेत्र के नगर परिषद खाड़ में पदस्थ महिला इंजीनियर सुधा वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रीवा की जेके कंस्ट्रक्शन कंपनी नगर परिषद खाड़ क्षेत्र में नाली, सड़क, स्टेडियम सहित कई निर्माण कार्य कर रही थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कंपनी द्वारा बिल भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में नगर परिषद की महिला इंजीनियर सुधा वर्मा ने ठेकेदार से 20 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता जेके अग्रवाल ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त से की। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर नगर परिषद कार्यालय में जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही महिला इंजीनियर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
नगर परिषद कार्यालय में अचानक लोकायुक्त की टीम के पहुंचने से पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के बाद टीम महिला इंजीनियर को पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बाणसागर स्थित जल संसाधन विभाग के रेस्ट हाउस ले गई, जहां देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अवैध मवेशियों से भरा पीकप जप्त, ड्राइवर हुआ फरार
अनूपपुर
क्षेत्र में बढ़ रही पशु तस्करी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब शिवसैनिकों ने मोर्चा खोल दिया है। बीती रात साथियों के सहयोग से क्रूरता पूर्वक मवेशियों से भरी एक पिकअप गाड़ी को फुनगा में पकड़ने में सफलता हासिल की गई है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
शिवसैनिकों को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पीकप वाहन में मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सतर्क हुए कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी की और वाहन को रोक लिया। शिवसैनिकों के तेवर देख पिकअप छोड़कर ड्राइवर भाग खड़ा हुआ। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि ड्राइवर और गाड़ी का मालिक हत्थे चढ़ जाते, तो उन्हें कड़ा सबक सिखाया जाता।
समाचार 05 फ़ोटो 05
किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में दिनांक 9 अप्रैल को कलेक्टर कार्यालय अनूपपुर के बाहर किसानों के समर्थन में किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया और किसानों की समस्याओं से संबंधित, जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। सर्वप्रथम कांग्रेसजन जिला पंचायत कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और जिला पंचायत कार्यालय से कलेक्टर कार्यालय तक हाथों बैनर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए, पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर कार्यालय के सामने पहुंचे, जहां पर कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों के कलेक्टर कार्यालय की ओर आगे बढ़ने पर कलेक्ट्रेट गेट के सामने तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया गया और तब जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने किसानों की समस्या से संबंधित कलेक्टर महोदय के नाम एक ज्ञापन मौके पर उपस्थित अधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख कर बताया गया प्रदेश की सत्तारूढ भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण आज अन्न दाता किसान काफी परेशानियों से जूझ रहा है। किसानों की गेहू की उपार्जन की तारीखे बार बार बढ़ाई जा रही है पहले 23 मार्च, फिर 1 अप्रेल, 10 अप्रेल, 15 अप्रेल की गई है जिससे किसानों में भारी आक्रोश निर्मित हो गया है। प्रदेश में किसानों को गेहूं उपार्जन का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। प्रदेश सरकार ने सहकारी संस्थाओं से किसानों का ऋण वसूलने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की थी सरकार के कुप्रबंधन के कारण लगभग 50 प्रतिशत किसान डिफाल्टर हो गए है तथा किसानों को कृषि उप मडी मे अपनी उपज 2000 से 2200 रूपये के ओने पौने दामों में मजबूरी में बेचने को विवश होना पड़ रहा है, जबकि पडोसी राज्य राजस्थान में 16 मार्च से गेहू उपार्जन किया जा रहा है। प्रमुख मांग रखते हुए लेख किया कि गेहूं सहित सभी रवि फसल उपार्जन के लिए लंबित पंजीयन कार्यों को अबिलंब पंजीकृत कर किसानों के उपार्जन खरीदी सुनिश्चित किया जाए। कृषि पंप कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए। खरीफ एवं रवि फसलों के अलावा जायज फसल एवं सब्जी उत्पादक किसानों को रासायनिक खाद की आपूर्ति सुनिश्चित कराया जाए। किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्धता सुनिश्चित कराया जाए।आगामी खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त रासायनिक खाद एवं बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित कराया जाए। अंत में उल्लेख किया गया कि किसानों के हित में उक्त समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करें, अन्यथा किसान हित में जिला कांग्रेस अनूपपुर उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगा, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।
समाचार 06 फ़ोटो 06
09 किलो गांजा के साथ 02 तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 02 बाइक जप्त
अनूपपुर
जिले के थाना जैतहरी पुलिस द्वारा दो दिनों में दो गांजा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। रात्रि कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान कुसुमहाई रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश राठौर पिता गोपाल राठौर, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम गोरसी, उमरिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 1.037 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी से गांजा कीमत लगभग 9 हजार एवं बिना नंबर की होंडा लिवो मोटरसाइकिल कीमत लगभग 60 हजार जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।
वही रात्रि गश्त के दौरान खोली फाटक टोला से मरनी टोला मार्ग पर एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसने अपना नाम दीपनारायण द्विवेदी पिता स्व. रामाधार द्विवेदी, उम्र 44 वर्ष, निवासी धनगंवा पूर्वी वार्ड क्र. 07, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर बताया। तलाशी में उसके पास से 08 पैकेटों में रखा लगभग 8.230 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी से गांजा (कीमत लगभग 72 हजार एवं होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल कीमत लगभग 80 हजार जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
कार्य करते समय बिजली पोल से गिरा ठेका मजदूर, हुई मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहडोल
जिले के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में मेंटेनेंस के दौरान बिजली के पोल से गिरकर एक ठेका मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के सहारे को छीन ले गया, बल्कि खदानों में काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक मजदूरों की जान यूं ही जोखिम में डालकर काम कराया जाता रहेगा। जरूरत है कि जिम्मेदार एजेंसियां सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करें, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरा टोला, पोस्ट चचाई निवासी 43 वर्षीय मोहे लाल सिंह, पिता ठुन्नू सिंह, एसईसीएल में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। रोजाना की तरह वो ड्यूटी पर पहुंचा और खान प्रबंधक कार्यालय के सामने स्थित बिजली के पोल पर मेंटेनेंस कार्य करने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, सहकर्मियों और प्रबंधन की मदद से उन्हें तुरंत केंद्रीय चिकित्सालय बुढ़ार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए आदित्य अस्पताल शहडोल रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
कलेक्टर की अध्यक्षता में पेयजल समस्याओं एवं वर्षा से पूर्व जल जनित रोगो से बचाव के संबंध में बैठक संपन्न
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में ग्रीष्म काल में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं एवं वर्षा से पूर्व जल जनित रोगो से बचाव के संबंध में बैठक संपन्न हुई ।
कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकायो के जिन वार्डाे में गीष्मकाल के दौरान पेयजल परिवहन की आवश्यकता हो, उन वार्डाे में नगर पालिका के ट्रेक्टर टैंकरो के माध्यम से जल प्रदाय करने के निर्देश जिला परियोजना अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण एवं समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिए।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करकेली के 19 ग्रामों , मानपुर जनपद पंचायत के 6 ग्रामों में पेयजल का परिवहन टैंकरो के माध्यम से किया जाएगा । इसी तरह जनपद पंचायत पाली के सीईओ व्दारा अवगत कराया गया कि ग्राम घुनघुटी के गांधीग्राम एवं तुम्मी छोट के कन्या टोला एवं टिकुरी टोला में कुओं मे पानी की पर्याप्त उपलब्धता है किंतु स्त्रोत सूखने पर 15 मई से टैंकर के माध्यम से जल का परिवहन किया जाएगा । कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व , कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय उमरिया तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी समस्त व्दारा प्रदान की गई जानकारी अनुसार ग्रामों में नल जल योजना कि स्थिति का आकलन किए जाने हेतु संयुक्त रूप से भ्रमण कर पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए । उन्होने कहा कि जिन ग्रामों मे पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है उन ग्रामो में तत्काल बंद नलों एवं हैंडपंप को सुधार पश्चात तत्काल पानी सप्लाई कराए जाने एवं पेयजल योजना चालू करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग को दिए। महाप्रबंधक जल निगम को पेयजल व्यवस्था हेतु पाइप लाइन बिछाये जाने की कार्यवाही अति शीघ्र पूर्ण करते हुए पेयजल की आूपर्ति कराए जाने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय को निर्देशित किया कि पेयजल व्यवस्था हेतु बंद पडे हैंडपंपो की जांच कराकर चालू कर उपयुक्त बनाये जाने एवं आवश्यकतानुसार ग्राम बसाहटो मे नवीन नलकूप खनन की संख्या वर्ष के लक्ष्य से बढाए जाने का प्रस्ताव शासन की ओर भेजे जाने के निर्देश दिए । उन्होने वर्षाकाल से पूर्व जल जनित रोगो से बचाव के लिए कहा कि पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइनो मे लीकेज को निरंतर चेक कराया जाकर शुध्द पेयजल की आपूर्ति की जांच कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय के माध्यम से नियमित अंतराल मे कराने के निर्देश दिए।
समाचार 09
किसानों को प्राकृतिक खेती की दी गई जानकारी
उमरिया
एन एफ एन एफ योजना अंतर्गत जैविक प्रमाणीकरण संस्थान टी सी बी टी के क्षेत्रीय अधिकारी सुरेश पाली विकासखंड में किसानों को प्राकृतिक खेती की उपयोगिता, महत्व एवं घटकों के बारे में सम्पूर्ण जानकारी दी गई साथ ही कृषको को नरवाई प्रबंधन , ई विकास प्रणाली , पोर्टल के बारे में बताया गया । प्रशिक्षण में विकास खंड पाली के सलैया 2, गोयरा, बरहाई, तिवनी एवं कुरकुचा क्लस्टर के पंजीकृत एवं गैर पंजीकृत किसान उपस्थित रहे । इस दौरान बताया गया कि प्राकृतिक खेती के माध्यम से अधिक उत्पादन लिया जा सकता है । उन्होने उपस्थित किसानों को बताया कि जीवामृत के घटक, बीजमृत के घटक, घनजीवामृत के घटक , ब्रम्हास्त्र, नीमास्त्र, अग्नि अस्त्र, फफूंद नाशक दवा आदि के बारे मे जानकारी दी।