युवती के अपहरण के तीन आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल


अनूपपुर

जिले के थाना जैतहरी में पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि जयप्रकाश राठौर द्वारा उसे जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर विवाह के उद्देश्य से अपहरण किया। युवती की रिपोर्ट पर थाना जैतहरी में अपराध कायम कर विवेचना में लिया।

पीड़िता ने बताया कि वह पैरामेडिकल कॉलेज शहडोल में अध्ययनरत है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से जयप्रकाश राठौर (निवासी चोरभठी) से पहचान हुई थी। फोन पर हुई बातचीत में जयप्रकाश ने उससे विवाह करने की बात कही, लेकिन पीड़िता ने स्पष्ट किया कि वह केवल अपने माता-पिता की इच्छा अनुसार ही विवाह करेगी और दिनांक 28 फरवरी 2026 से वह अपने बड़े पापा के घर जैतहरी में आकर रह रही थी। दिनांक 13 मार्च 2026 को दोपहर में जब वह अपनी सहेली के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से जयप्रकाश राठौर, जिसने अपना चेहरा साफे से ढका था ने पीड़िता को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। वाहन में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता से वाहन और आरोपियों का पीछा किया। जयप्रकाश ने पिपरिया में पीड़िता को छोड़कर भाग गया। वहां ग्रामीण और पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। उसके भाई और मामा पिपरिया पहुंचकर पीड़िता को सुरक्षित वापस ले आए। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जैतहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटे में अपहरण में  शामिल तीनो आरोपी जयप्रकाश राठौर, पिता ललन राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी चोरभठी थाना जैतहरी, शुभम राठौर, पिता दुलारे राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी बेला, थाना अनूपपुर, सागर पटेल, पिता संतोष पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी मौहरी, थाना कोतवाली अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP 65 ZB 4472 को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया जहां से रिमांड पर जिला जेल अनूपपुर भेजा गया है।

पंचायत दर्पण में 'धुंधले बिलों' का महाघोटाला, सीईओ की मौन सहमति, आँखों में बंधी है पट्टी

*बिना सत्यापन के वित्तीय स्वीकृति कैसे, सरकारी खजाने की लूट*


अनूपपुर

जिले की जनपद पंचायत अनूपपुर इन दिनों भ्रष्टाचार की एक नई और शातिर प्रयोगशाला बन गई है। सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाने और लीकेज रोकने के लिए शासन द्वारा बनाए गए 'पंचायत दर्पण' पोर्टल का इस्तेमाल अब भ्रष्टाचारियों द्वारा अपने सुबूत मिटाने के लिए किया जा रहा है। बदरा जनपद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी खजाने की खुलेआम लूट हो रही है, और इसका जरिया बने हैं— 'धुंधले बिल'।

पंचायत दर्पण पोर्टल की पड़ताल से एक बेहद चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। ग्राम पंचायतों द्वारा पोर्टल पर सामग्री खरीदी और निर्माण कार्यों के बिल तो अपलोड किए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत इतना 'धुंधला' (Blur) कर दिया जाता है कि उनमें लिखी गई कोई भी जानकारी स्पष्ट रूप से पढ़ी ही न जा सके।

इन धुंधले बिलों को देखकर यह पता लगाना नामुमकिन है कि निर्माण सामग्री किस फर्म या दुकान से खरीदी गई है। बिल में सामग्री की मात्रा (Quantity) क्या है और किस दर (Rate) पर खरीदी गई है, यह सब धुंधलेपन के पीछे छिपा दिया जाता है। बिल पर तारीख तक स्पष्ट नहीं होती, जिससे एक ही बिल को बार-बार इस्तेमाल करने की आशंका बढ़ जाती है। इस तकनीकी खेल के जरिए बिना वास्तविक काम किए या बेहद घटिया सामग्री का उपयोग करके लाखों रुपये के फर्जी बिल आसानी से पास कराए जा रहे हैं।

इस पूरे सुनियोजित घोटाले में सबसे बड़ा सवाल जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि ग्वाल की भूमिका पर खड़ा हो रहा है। एक सीईओ के कंधों पर जनपद के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों की सीधी निगरानी, बिलों के भौतिक सत्यापन और वित्तीय कार्यों की पारदर्शी समीक्षा की अहम जिम्मेदारी होती है। यदि पोर्टल पर लगातार धुंधले और अपठनीय बिल अपलोड हो रहे हैं, तो सीईओ कार्यालय द्वारा उन्हें बिना सत्यापन के वित्तीय स्वीकृति कैसे दी जा रही है?

पंचायत के पैसों की इस बंदरबांट को लेकर नागरिकों ने जिला कलेक्टर और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अपलोड किए गए सभी संदिग्ध और धुंधले बिलों की एक उच्च स्तरीय समिति से जांच कराई जाए और मौके पर जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन हो। इस कृत्य में संलिप्त पंचायत सचिवों, सरपंचों और बिना देखे बिल पास करने वाले अधिकारियों पर गबन का आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

कपड़ा दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक, पुलिस जांच में जुटी


अनूपपुर

प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 12 स्थित मुख्य मार्ग पर संचालित विहान गारमेंट्स एवं रेडीमेड कपड़ा दुकान में हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच बंद दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य का कपड़ा, काउंटर तथा आलमारी जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है।

बताया गया है कि सुबह करीब 8 बजे एक राहगीर ने दुकान से धुआं उठते देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पास में रहने वाले नागेश्वर यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान के शटर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही नगर परिषद अमरकंटक को भी फायर ब्रिगेड के लिए सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पानी डालकर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग और अधिक फैलने से बच गई।

उक्त दुकान नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद देवानंद खत्री की पत्नी श्रीमती हर्षिता खत्री द्वारा संचालित की जाती है। घटना की सूचना मिलते ही खत्री दंपति मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। घटना की प्राथमिक सूचना अमरकंटक थाना पुलिस को दे दी गई है तथा राजस्व विभाग को भी अवगत करा दिया गया है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है।

इस घटना में खत्री दंपति को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही फुंदेलाल सिंह मार्को, क्षेत्रीय विधायक पुष्पराजगढ़, ने पार्षद देवानंद खत्री से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि इन दिनों अमरकंटक क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को ही कपिल संगम वार्ड क्रमांक 8 के जंगल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी और सतर्कता की आवश्यकता है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget