समाचार 01 फ़ोटो 01
पसान नगर विकास को नई गति, मंगल भवन सहित निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण आज
अनूपपुर
नगर पालिका परिषद पसान, जिला अनूपपुर म.प्र.के वार्ड क्रमांक–7 में मंगल भवन एवं विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण का भव्य समारोह मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजे आयोजित किया जा रहा है यह कार्यक्रम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित है आयोजन स्थल जमुना कॉलोनी, वार्ड क्रमांक–7, पसान रहेगा।
समारोह के मुख्य अतिथि बिसाहूलाल सिंह पूर्व मंत्री, म.प्र. शासन एवं विधायक, अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में हिमाद्री सिंह सांसद, शहडोल संसदीय क्षेत्र, रामलाल रौतेल अध्यक्ष, कोल विकास प्राधिकरण, म.प्र. शासन हीरा सिंह श्याम जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, अनूपपुर) तथा बृजेश गौतम (पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।समारोह की अध्यक्षता राम अवध सिंह अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पसान करेंगे कार्यक्रम का आयोजन केयर कमेटी द्वारा संपन्न होगा
नगर पालिका परिषद पसान के उपाध्यक्ष अजय ताराचंद यादव धीरेंद्र सिंह उर्फ मिंटू मंडल अध्यक्ष इंजीनियर उमेश त्रिपाठी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशांक आर्मो के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह ने नगर के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं वार्डवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस लोकार्पण समारोह को सफल बनाएं उन्होंने कहा कि मंगल भवन सहित ये निर्माण कार्य नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक विकास को सशक्त बनाएंगे और नागरिक सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि करेंगे।
समाचार 02 फ़ोटो 02
पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी परीक्षा में डॉ. मधु पटेल का हुआ चयन
रीवा
मध्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी परीक्षा में डॉ. मधु पटेल (पिता स्व. बृजेन्द्र कुमार पटेल एवं माता पुष्पा पटेल )का चयन हुआ है। परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें उन्होंने सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, क्षेत्र एवं महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
डॉ. मधु पटेल रीवा जिले की निवासी हैं। वर्तमान में वे वेटनरी ऑफ़िसर के पद पर जिला सिंगरौली ब्लॉक देवसर में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय रीवा से पूर्ण किया है।
अपनी कड़ी मेहनत, लगन एवं अनुशासित अध्ययन के माध्यम से उन्होंने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चयन की सूचना मिलते ही महाविद्यालय के प्रोफ़ेसर डॉ. बृजेश ओझा, डॉ. अभिलाषा सिंह, डॉ. कुमार गोविल सहित समस्त शिक्षकों एवं सहयोगी व परिवारजनों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. मधु पटेल ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, मित्रगण, परिवारजनों एवं गुरुजनों को दिया। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
समाचार 03 फ़ोटो 02
मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 10 लोग गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
शहडोल
शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहपुर-मालाचुआ मार्ग पर सुबह मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा घुसा। हादसे में वाहन में सवार दस ग्रामीणों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य को मामूली चोट आने पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिले के अंतिम छोर के ग्राम पड़मनिया खुर्द और ग्राम कुंई से ग्रामीणों को मालवाहक वाहन के जरिए शहर मजदूरी कराने के लिए लाया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे शाहपुर और मालाचुआ के बीच अचानक वाहन का स्टेरिंग जाम हो गया, जिससे तेज रफ्तार मालवाहक संतुलन खो बैठा और सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला चिकित्सालय शहडोल लाया गया।
अगरिया बैगा (18), राजकली बैगा (18), दिल्ला बाई सिंह (48), अंगूर बाई सिंह (35), प्यारा बाई यादव (36), शांति बाई सिंह (35), रामेश सिंह (42), चमेली सिंह (15), कलावती सिंह (22) और अनीता सिंह (20) शामिल हैं। वहीं भुंगिया बाई, द्रोपति बाई, सुनीता सिंह, सविता बाई सहित दो-तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। माल वाहक वाहनों में दर्जनों लोगों को बैठाया जा रहा है, सवारियां ढोई जा रही है, लेकिन यातायात विभाग इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। जिससे लगातार हादसो में इजाफा हो रहा है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
दो बाघो की मौत से मचा हड़कंप, एक कि करेंट तो दूसरे की आपसी संघर्ष से घायल, संक्रमण से गई जान
शहडोल
जिले में 2 बाघों की मौत का मामला दक्षिण के वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के करपा बीट से आया है जहां दो बाघ की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि एक बाघ की मौत करंट से हुई है। वही बताया जा रहा है दूसरा बाघ जो कि हाल ही में टाईगर फाइट में वन मंडल उत्तर शहडोल की जयसिंह नगर रेंज की वनचाचर बीट के कक्ष क्रमांक 380 RF मे दो बाघ के आपसी संघर्ष में घायल हुए थे। जिसमें से एक बाघ को बांधवगढ़ टाईगर रिज़र्व के मगधी कोर ज़ोन में बने इनक्लोजर में रखा गया है। वही इस दूसरे बाघ की मौत संक्रमण फैलने से हुई है।
हाल ही में पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ ने उमरिया जिले और आसपास के क्षेत्र के लिए एक अलर्ट जारी किया था जिसमें बताया गया था कि सामान्य वन मंडल में जो टाइगर विचरण कर रहे हैं उन पर शिकारियों की नजर है। लेकिन पीसीसी का वाइल्डलाइफ के अलर्ट को शहडोल संभाग में नजर अंदाज कर दिया गया यही कारण है कि इस लैंडस्केप में इस नए वर्ष में कुल 6 बाघों की मौत हो चुकी है।
दरअसल जयसिंहनगर का यह क्षेत्र टाईगर कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है। बांधवगढ़ के बाघ संजय दुबरी टाईगर रिज़र्व आने जाने के लिए उपयोग में करते है। लेकिन वर्तमान में दिन ब दिन जंगलों में बढ़ रहे अतिक्रमण से यह कॉरिडोर अस्तिव खोता चला जा रहा है।
समाचार 05 फोटो 05
माँ नर्मदा मंदिर का होगा उद्धघाटन, महायज्ञ के साथ होगा शिवलिंग निर्माण
अनूपपुर
मां नर्मदा तट के किनारे अत्यंत रमणीय स्थल जो की एक बार आने पर वापस जाने का मन ना करें ऐसा स्थान है, जहां अनेकों संत अपना तप कर चुके हैं एवं अनेकों संतों की तपोभूमि एक पुण्य भूमि जहां हमारे सदगुरुदेव भगवान स्वामी संत शरण भी तपस्या कर चुके हैं, उनके शिष्य परम पूज्य स्वामी बाल संत महाराज, सिद्धनधाम लोढ़ा सिद्ध पहाड़ सिहोरा जिला जबलपुर मध्य प्रदेश के द्वारा आयोजित किया जा रहा है, महायज्ञ जो की श्री राम कुटी दमगढ़ राजेंद्र ग्राम अमरकंटक में दिनांक 8 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक चलेगा, 8 फरवरी 2026 से प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 तक शिवलिंग निर्माण होना है एवं उसके पश्चात पूजन विसर्जन और भंडारा प्रसाद का वितरण होगा, साथ ही साथ राम नाम संकीर्तन पूरे 24 घंटे अखंड 8 फरवरी से 15 फरवरी तक चलता रहेगा, 15 फरवरी को मां नर्मदा मंदिर का उद्घाटन है तथा मां नर्मदा एवं शिवलिंग का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भी आयोजित किया जा रहा है, जहां आने जाने हेतु शहडोल से नित्य प्रति बस की व्यवस्था की गई है, जो की सुबह 6:00 बजे स्थानीय राम मोहन तालाब शहडोल से चलेगी तथा शाम 6:00 बजे वापस शहडोल पहुँचेगी, जिन भक्तों को अपने साधन से आना हो वह राजेंद्र ग्राम के पोडकी तिराहा से मुड़कर 10 किलोमीटर नर्मदा तट की ओर श्री राम कुटी दमगढ़ आ सकते हैं।
समाचार 06 फ़ोटो 06
रेलवे स्टेशन पर नियमों की उड़ाई जा रही खुलेआम धज्जियां, बिना अनुमति तोड़ी गई रेलवे की सुरक्षा दीवार
*घटिया सामग्री से प्लेटफॉर्म विस्तार का आरोप*
अनूपपुर
जिले के कोतमा रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म विस्तार निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। नगरवासी एवं यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से कार्य कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्लेटफॉर्म विस्तार के नाम पर रेलवे की सुरक्षा के लिए बनाई गई संपत्ति दीवार को बिना किसी लिखित अनुमति के तोड़ दिया गया, जो सीधे तौर पर रेलवे नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा रेलवे द्वारा स्वीकृत एस्टीमेट और गुणवत्ता मानकों को ताक पर रखकर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी धन की खुली लूट हो रही है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। आरोप यह भी है कि निर्माण स्थल पर पारदर्शिता के लिए आवश्यक सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिसमें निर्माण एजेंसी का नाम, लागत, संबंधित विभाग और समय-सीमा का उल्लेख होना चाहिए था।
ग्रामीणों ने बताया कि जब इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो आईओडब्ल्यू (इंजीनियरिंग विभाग) सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। इससे अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि अधिकारी जवाबदेह होते, तो इस तरह खुलेआम नियमों की अनदेखी नहीं होती।
इस पूरे मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने बिलासपुर रेलवे डिवीजन को भी सूचित किया है और मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गुणवत्तायुक्त निर्माण कराया जाए तथा रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
वहीं इस मामले में रेलवे स्टेशन अधीक्षक पी एन रजक का कहना है कि रेलवे की संपत्ति यानी सुरक्षा दीवार को निर्माण एजेंसी/ठेकेदार द्वारा तोड़ा गया है और इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर वासियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
दो भागों में बंटे हाथी, एक गणेश भगवान ने गणेश के खेत में ढाया कहर रात भर फसलों का किया नुकसान
अनूपपुर
विगत चार दिनों से तीन हाथियों का समूह दो अलग-अलग भागों में बट कर विचरण कर रहे है, जिसमें एक दांत वाला एक गणेश भगवान रविवार एवं सोमवार की मध्य रात्रि वन परिक्षेत्र थाना एवं तहसील अनूपपुर के सोनमौहरी बीट अंतर्गत, ग्राम पंचायत अमगवां के वार्ड क्रमांक 10 डोंगरीटोला,गोहानाला के समीप रविवार की शाम 4 बजे से जंगल से निकल कर, गणेश सिंह पिता अमेर सिंह की चार एकड़ भूमि में लगाए गए गेहूं एवं अरहर की फसल के साथ पड़ोसी रमेश पिता मोतीलाल राठौर के तीन एकड़ की भूमि में लगे गेहूं की फसल को आहार बनाता रहा, इस दौरान कई बार एक अकेले हाथी को पटाखा हल्ला एवं अन्य तरीकों से खेतों से भगाए जाने की कोशिश ग्रामीण जन करते रहे, लेकिन खाने के लालच के कारण यह हाथी लोगों के भगाए जाने पर कुछ दूर पर लेंटाना की झाड़ियों एवं बांस के जंगल में जाकर ठहरने बाद फिर से खेतों में आकर गेहूं एवं अरहर की फसल को घंटे तक खाते रहा, पेट भरने बाद यह हाथी सोमवार की सुबह 4 बजे के लगभग खेत से निकल कर पड़ोस के सोनमौहरी के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहा है। वही दो हाथियों का समूह रविवार की सुबह वन परिक्षेत्र थाना एवं तहसील जैतहरी के वन बीट धनगवा के झण्डीटोला जंगल जो ग्राम पंचायत के क्योटार के कुसुमहाई ग्राम पंचायत पड़रिया के गोढाटोला,भलुवान घर टोला एवं ग्राम पंचायत कुकुरगोंड़ा के बड़का टोला,मंटोलियाटोला,कोषमटोला से लगा हुआ है जंगल में विश्राम कर रहा है। विगत रात यह दोनों हाथी किसी भी इलाके में जंगल से नहीं निकले हैं, जिनकी हाथी गस्ती दल के कर्मचारी एवं ग्रामीण जन रात भर हाथी के अचानक किसी टोला मोहल्ला में ना जाने को लेकर पूरी रात जाग जाग कर बिताएं।
समाचार 08
अवैध कोयला उत्खनन के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
शहडोल
शिवसेना शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के के नेतृत्व में 2 फरवरी को शिवसैनिकों द्वारा केशवाही पुलिस चौकी अंतर्गत बढ़ते अपराध और कुछ लोगों के द्वारा किए जा रहे अवैध कोयला उत्खनन, गांव गली मोहल्लों में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के विरोध में पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन उपरांत केशवाही पुलिस चौकी प्रभारी को पुलिस अधीक्षक शहडोल के नाम ज्ञापन सौंप मांग की है कि शिवपाल भरिया (31 वर्ष) के परिजनों का आरोप है कि वह 14 जनवरी की रात 8 बजे से लापता था, जिसकी सूचना तत्काल केशवाही चौकी में दी गई थी। अगर पुलिस समय रहते सक्रियता दिखाती तो शायद शिवपाल की जान बचाई जा सकती थी। केशवाही क्षेत्र में बढ़ते अपराध को देखते हुए शिवसेना जिला इकाई शहडोल के द्वारा केशवाही चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंप मांग की गई थी कि केशवाही पुलिस चौकी अंतर्गत हो रहे अवैध कोयला उत्खनन, अंग्रेजी शराब पैकारी करने वालों पर कार्यवाही की जाए, परन्तु केशवाही चौकी प्रभारी द्वारा यह कृत्य करने वाली को पूरी तरह छूट दे के रखे हैं या जान कर भी अंजान बने हुए हैं। सेमरिया चौक और पकारिहा में अंग्रेजी शराब की बिक्री करवाई जा रही है, जिससे प्रतिदिन गांव मोहल्ले में विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। कठना नदी मरखी माता के पास में ही अवैध कोयले का उत्खनन जोरो पर है, पर केशवाही चौकी प्रभारी पूरी तरह से अंजान बने हुए हैं।
समाचार 09
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक संपन्न
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में समय सीमा की साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का शत प्रतिशत निराकरण करते हुए ए ग्रेड मे आना सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से प्राप्त आवेदनों, आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय से प्राप्त आवेदनो तथा जनसुनवाई,न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार के पत्रों, फैक्ट न्यूज आदि की समीक्षा करते हुए जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में अनिवार्य रूप से करें।उन्होने महिला एवं बाल विकास से कहा है कि कुपोषित बच्चों को एनआरसी केंद्र में भर्ती कराकर उन्हेे समुचित इलाज उपलब्ध कराएं।
समाचार 10
जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न हुई । बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों को एनएफटी की वेबसाइट विजिट करने हेतु निर्देशित किया गया । एआईएसएचई अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानो के सभी हितधारकों शिक्षण संस्थान, विद्यार्थी, फेकल्टी मेंबर, अभिभावक, मानसिक स्वास्थ्य प्रदाता एवं नागरिको , एनटीएफ व्दारा तैयार पोर्टल पर सर्वे मे भाग लेने हेतु निर्देशित करनें, आयुक्त उच्च शिक्षा व्दारा प्रेषित गाइड लाइंस का पालन एवं माहवार किए जाने वाले कार्य को सुनिश्चित कर रिपोर्ट एसटीएफ को प्रेशित करनें, एनटीएफ व्दारा जारी प्रेस नोट एआईएसएचही अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानो के साथ साझा करने, आयुक्त शिक्षा व्दारा तैयार मानसिक स्वास्थ्य के नियमों का पालन कराने,जिले की सभी कोचिंग सेंटर्स का पंजीयन कराने पर चर्चा की गई।