22 अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्यवाही


अनूपपुर  

पवित्र नगरी अमरकंटक को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद अमरकंटक द्वारा बुधवार को अतिक्रमण विरोधी विशेष अभियान चलाया गया। राजस्व विभाग, नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने वार्ड क्रमांक 14 में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्यवाही की।

अभियान के दौरान शासकीय भूमि पर किए गए कुल 22 अवैध अतिक्रमणों को हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया। इनमें 15 बाड़ियां, 4 झोपड़ियां तथा 3 कच्चे मकान शामिल थे। प्रशासन द्वारा जेसीबी एवं अन्य मशीनों की सहायता से अतिक्रमणों को हटाते हुए भूमि को अपने कब्जे में लिया गया।

कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।

जिले में शासकीय भूमि के संरक्षण एवं नगरों के सुनियोजित विकास के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा नगर के स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित विकास में सहयोग प्रदान करें।

दो बच्चों की हुई मौत, पांच वर्षीय मासूम को मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने कुचला, किशोर जामुन के पेड़ से गिरा


शहडोल 

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। एक घटना में घर के सामने खेल रहे पांच वर्षीय बालक को मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जबकि दूसरी घटना में जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा 12 वर्षीय बालक गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

पुलिस के अनुसार पहली घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ताली खुर्द गांव की है। यहां अमन उर्फ भोलू सिंह (5) पिता रजनीश सिंह अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान मिट्टी से लोड ट्रॉली लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर वहां से गुजरा। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते अमन अचानक सड़क पर आ गया और ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना ग्राम नगडवाह की है। पुलिस के मुताबिक 12 वर्षीय निशांत बैगा पिता मिस्टर बैगा घर के पास स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दोनों मामलों में जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोयले से लोड खड़े ट्रक में अचानक लगी आग, पेट्रोल पंप के नजदीक की घटना, बड़ा हादसा टला


शहडोल 

जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप खड़ी एक कोयला लोड ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना बुढ़ार-धनपुरी मार्ग स्थित कॉलेज के पास हाईवे पर हुई, जहां ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, क्योंकि ट्रक पेट्रोल पंप के बेहद नजदीक खड़ा था और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से लोग दहशत में आ गए।

ट्रक के केबिन से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य तकनीकी खराबी समझा, लेकिन कुछ ही मिनटों में धुआं घने काले गुबार में बदल गया और आग की लपटें केबिन से बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

तत्काल दमकल विभाग और बुढ़ार पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

आग लगने के दौरान ट्रक के आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी बना ली और यातायात को भी कुछ समय के लिए प्रभावित होना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget