समाचार 01 फ़ोटो 01
मायके गई पत्नी से नाराज पति ने मासूम पुत्री की गला काटकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
अनूपपुर
जिले के थाना थाना राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्राम बेंदी में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान पति ने अपनी ही 4 वर्षी पुत्री की गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शव पंचनामा तैयार करने के साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम बेंदी निवासी अमरवती मरावी ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोवर्धन सिंह मरावी अक्सर शराब के नशे में उससे झगड़ा और मारपीट करता था। इसी कारण वह आठ दिन पहले अपनी 4 वर्षीय बेटी प्रीति मरावी और 1 वर्षीय बेटे के साथ मायके ग्राम केशवानी अपने मायके चली गई थी। 30 मई को गोवर्धन सिंह मायके पहुंचा और पत्नी को वापस ससुराल चलने के लिए कहा। पत्नी ने उसके शराब छोड़ने तक साथ न जाने की बात कही। इसके बाद गोवर्धन अपनी बेटी प्रीति को जबरन अपने साथ ग्राम बेंदी ले गया।
महिला ने बताया कि मंगलवार की रात उसकी बहन के मोबाइल पर गोवर्धन का फोन आया। जिसने धमकी देते हुए कहा कि यदि वह घर नहीं आई तो उसकी बेटी प्रीति को मार देगा। इसके बाद महिला अपने माता-पिता के साथ तत्काल ससुराल पहुंची। घर पहुंचने पर गोवर्धन वहां नहीं मिला। परिजनों के द्वारा 4 वर्षीय पुत्री की तलाश करने पर घर के भीतर शव खून से लथपथ और गला कटा हुआ मिला। बच्ची की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। आरोपी शराबी था जो आए दिन शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था जिसके कारण उसकी पत्नी चली गई थी और इस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने पहले फोन पर ऐसा करने की धमकी उसे दी और बाद में घटना को अंजाम दिया।
समाचार 02 फ़ोटो 02
दहेज प्रताड़ना पर नवविवाहिता मौत पर पति व सास गिरफ्तार, नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर द्वारा नवविवाहिता हेमा वंशकार पति राज वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर की दिनांक 13 मई 2026 को घर पर संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में मृतिका के पति राज वंशकार और सास ज्योति वंशकार दोनो निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है।
हेमा वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को घर में फांसी लगा लेने पर मृत अवस्था में शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में लाये जाने पर, थाना कोतवाली अनूपपुर में मर्ग क्रमांक 32/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. पंजीबद्ध किया जाकर नवविवाहिता की संदिग्ध मृत्यु की जांच प्रभारी एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी द्वारा की गई। जांच में मृतिका के मायके पक्ष के गवाहों ने शादी के बाद से मृतिका हेमा वंशकार के पति राज वंशकार पिता श्रवण वंशकार एवं सास ज्योति वंशकार पति श्रवण वंशकार के द्वारा दहेज के रूप में 02 लाख रूपये तथा मोटर सायकल की मांग कर हेमा वंशकार को लगातार पेरशान किया गया, तथा दहेज न देने पर, गाली गलौज कर, मारपीट करना बताया गया। उपरोक्त दहेज प्रताडना के कारण मृतिका हेमा वंशकार की शादी के सात वर्ष के अन्दर संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु होना पाया गया जो आरोपीगण का उपरोक्त कृत्य अपराध धारा 85, 80(2), 3(5) बी.एन.एस. एवं 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 का अपराध घटित होना पाए से थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 311/26 पंजीबद्ध किया गया।
*नाबालिग बालिका से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार*
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ बुधवार की सुबह रेल्वे स्टेशन अनूपपुर के पास कोचिंग के लिए जाते समय रास्ता रोककर छेड़खानी करने वाले आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी निवासी ग्राम दुलहरा अनूपपुर को घटना के तुरंत बाद पीछा कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
बुधवार की सुबह सुबह करीब 06.00 बजे थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंची नाबालिग बालिका द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि सुबह जब वह कोचिंग पढने के लिए रेल्वे स्टेशन के पास से जा रही थी, तभी एक युवक द्वारा रास्ता रोककर हाथ पकड़कर बुरी नियत से छेड़खानी की गई और हल्ला करने पर भाग गया। उक्त सूचना पर टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व मे पुलिस टीम के द्वारा तत्काल घटना स्थल पहुंचकर आरोपी के संबंध में सीसीटीवी कैमरों से जानकारी प्राप्त की गई एवं घटना के तुरन्त बाद आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी पिता रामदास कोरी उम्र करीब 30 साल निवासी ग्राम दुलहरा थाना कोतवाली अनूपपुर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 312/26 धारा 74,126 (2) बीएनएस 7,8 पास्को एक्ट पंजीबद्ध किया जाकर गिरफ्तार किया गया है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
डैम मे तैरते मिला था युवक का शव, अंधी हत्या का हुआ खुलासा, चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
अनूपपुर
02 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई की पोखरी डैम ओसीएम छोहरी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैर रहा है, जिसकी तस्दीक की गई तो ग्राम छोहरी निवासी सनि उर्फ मोटू सहीस पिता रंजू सहीस उम्र 18 वर्ष का शव छत विछत हालत में कमर में रस्सी से रेत भरी बोरी बधी हुई पानी में उतराता हुआ दिखा, जिसे पानी से बाहर निकलवा कर, मृतक के पिता रंजू सहीस पिता संतराम सहीस निवासी ग्राम छोहरी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 148/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस का कायम कर विवेचना में लिया गया ।
हत्या जैसे गंभीर जाघन्य अपराध की गंभीरता को देखते चार लोगो को अभिरक्षा में लेकर बारीकी से पूछताछ किया गया जो बताये की आरोपी की सगी भांजी एवं मोहल्ले का मृतक सनि सहीस का पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी लडकी के मामा व घर वालों को पता चलने पर सनि सहीस को कई बार समझाया गया, लेकिन सनि सहीस नही माना, जिस कारण लडकी के मामा ने 29 मई 2026 को अपने एक साथी व चचेरा भाई एवं पडोसी चारो लोग आपस में सनि सहीस की हत्या करने की योजना बनाकर रात्रि 08.30 बजे मोटर सायकल से सनि सहीस को बैठाकर ग्राम छोहरी के बडी पुलिया के पास ले गये और सनि सहीस का रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दिये, मृतक के शव को छिपाने के उद्देश्य से मोटर सायकल में रखकर ओसीएम के पोखरी डैम में ले जाकर फेंक दिये थे । घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं मृतक का मोबाईल व दस्तावेज व हत्या में प्रयुक्त रस्सी को जप्त किया गया चारो आरोपीगणों को को गिरफ्तार किया जाकर न्यायालय पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
घर के कमरे में संदिग्ध अवस्था मे सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी का मिला शव, हत्या की आशंका,पुलिस जाँच मे जुटी
शहडोल
जिला मुख्यालय के बलपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर बैंककर्मी का शव उनके ही घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। 81 वर्षीय जगदीश प्रसाद मिश्रा घर में अकेले रहते थे। सुबह खाना बनाने पहुंची महिला ने उन्हें मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सुबह रोजाना की तरह खाना बनाने आने वाली महिला जब घर पहुंची तो मुख्य कमरे के भीतर जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव पड़ा मिला। बुजुर्ग नग्न अवस्था में थे और उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखकर महिला घबरा गई और तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से अकेले रह रहे थे। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
समाचार 05 फ़ोटो 05
आंधी बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली, मवेशी बांध रहा अधेड़ की हुई मौत
शहडोल
जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। शाम होते ही तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो रही है, वहीं कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसी बीच सोहागपुर थाना क्षेत्र के बडखेरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बडखेरा निवासी धन्नू पाव (50 वर्ष), पिता लेगरा पाव अपने घर के पास मवेशियों को पेड़ के निकट बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। मौसम खराब होने के बीच अचानक आकाशीय बिजली उसी स्थान के आसपास गिर गई, जिसकी चपेट में धन्नू आ गए। बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो धन्नू अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सोहागपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
ट्रेन में चोरो ने 7 लाख का गहना किया था पार, आरपीएफ ने अंतरराज्यीय गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
चलती बेतवा एक्सप्रेस में महिला यात्री के पर्स पर हाथ साफ कर लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हुए शातिर चोर आखिरकार आरपीएफ के हत्थे चढ़ गए। करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के इस सनसनीखेज मामले में आरपीएफ ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों समेत चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लंबी पड़ताल और तकनीकी जांच के बाद चोरी की पूरी गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने अधिकांश जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी रवि प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ ट्रेन नंबर 18204 बेतवा एक्सप्रेस से कानपुर से रायपुर जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी पत्नी का लेडीज पर्स, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे, कटनी स्टेशन के बाद चोरी हो गया। पर्स में रखे सामान की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई।
मामले की शिकायत पर जीआरपी शहडोल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरपीएफ ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्धों की पहचान हुई, जो ट्रेन से उमरिया स्टेशन पर उतरकर बस के जरिए शहडोल पहुंचे और फिर यहां से ट्रेन पकड़कर कानपुर चले गए।
तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरपीएफ टीम ने मुख्य आरोपी विनय प्रणामी को कानपुर में दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी प्रमोद कुमार यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
माली में भीषण पेयजल संकट 2-3 किलोमीटर घाट उतरकर एक मात्र कुएँ से गाँववालों को मिलता है पीने का पानी
*आदिवासी बाहुल्य गाँव पेयजल के लिए कर रहा संघर्ष*
उमरिया
जिले के आकाशकोट क्षेत्र की ग्राम पंचायत माली में हैं पेयजल का भीषण संकट है।गाँव का एक मात्र कुआँ पीने के पानी का स्त्रोत है। 2-3 किलोमीटर घाट उतरने चढ़ने पर पानी मिल पाता है।हर परिवार का प्रत्येक सदस्य दिनभर इस भीषण गर्मी में घाट चढ़कर कुएं से पानी ले जाने के लिए मजबूर है।
माली गाँव की निवासी इन्द्राणां बाई बताती हैं कि हमारे गाँव मे एक ही कुँआ है। घाट को चढ़कर हम पानी भरते है।उम्र दराज होने से हमे काफी समस्या होती है।पानी देने का वादा जिला प्रशासन करता तो है लेकिन हमें पानी नही मिलता।हमें बड़ी मजबूरी में घाट चढ़कर पानी लाना पड़ता है।
माली गाँव के सुंदर सिंह बताते है कि हमारे गाँव मे पानी की जटिल समस्या है।हमारे गाँव मे नहाने के लिए तालाब का गंदा पानी है।पीने के लिए भी 2-3 किलोमीटर घाट चढ़कर बच्चे,बूढे दिनभर पानी भरते है।हम जिला प्रशासन से अनुरोध करते है कि हमे पानी उपलब्ध करवाया जाए। हमारे गाँव मे नलजल योजना भी बंद पड़ी हुई।
माली गाँव की निवासी इमरती बाई बताती हैं की हमें पीने के पानी के साथ-साथ रोज के नहाने के लिए भी पानी की बड़ी समस्या है।गाँव से 2 किलोमीटर दूर एक तालाब है जहां हम नहाने जाते है उसके बाद घर से 2 किलोमीटर दूर इस कुएँ में पीने का पानी लेने आते है।हमें पानी चाहिए क्योंकि हमारे छोटे-छोटे बच्चे भी पानी दिनभर भरते है। ईमरती बाई, गनेसिया बाई बताती है कि पानी का हमे आकाल है। घर की सभी लोग आते हैं तो यहां से पानी ले जाते हैं। हमें स्कूल में भी एक-दो घंटे लाइन लगना पड़ता है तब पानी मिलता है।
वही पूरे मामले में जब जिला कलेक्टर उमरिया राखी सहाय से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा आपके द्वारा संज्ञान में लाया गया कि माली गाँव मे पेयजल संकट हैं।
समाचार 08
विश्व साइकिल दिवस पर साइक्लोथॉन का हुआ सफल आयोजन
उमरिया
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं फिट इंडिया अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में ‘उमरिया साइक्लोथॉन-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों तथा शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइकिल चलाने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साइक्लोथॉन रैली का शुभारंभ स्टेडियम ग्राउंड से हुआ। रैली रणविजय चौक, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, पुराना बस स्टैंड, स्टेशन चौराहा, सगरा मंदिर तिराहा, नया बस स्टैंड तिराहा एवं नौ नंबर कॉलोनी से होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंची।

