मायके गई पत्नी से नाराज पति ने मासूम पुत्री की कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल


अनूपपुर 

जिले के थाना थाना राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्राम बेंदी में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान पति ने अपनी ही 4 वर्षी पुत्री की गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शव पंचनामा तैयार करने के साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम बेंदी निवासी अमरवती मरावी ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोवर्धन सिंह मरावी अक्सर शराब के नशे में उससे झगड़ा और मारपीट करता था। इसी कारण वह आठ दिन पहले अपनी 4 वर्षीय बेटी प्रीति मरावी और 1 वर्षीय बेटे के साथ मायके ग्राम केशवानी अपने मायके चली गई थी। 30 मई को गोवर्धन सिंह मायके पहुंचा और पत्नी को वापस ससुराल चलने के लिए कहा। पत्नी ने उसके शराब छोड़ने तक साथ न जाने की बात कही। इसके बाद गोवर्धन अपनी बेटी प्रीति को जबरन अपने साथ ग्राम बेंदी ले गया।

महिला ने बताया कि मंगलवार की रात उसकी बहन के मोबाइल पर गोवर्धन का फोन आया। जिसने धमकी देते हुए कहा कि यदि वह घर नहीं आई तो उसकी बेटी प्रीति को मार देगा। इसके बाद महिला अपने माता-पिता के साथ तत्काल ससुराल पहुंची। घर पहुंचने पर गोवर्धन वहां नहीं मिला। परिजनों के द्वारा 4 वर्षीय पुत्री की तलाश करने पर घर के भीतर शव खून से लथपथ और गला कटा हुआ मिला। बच्ची की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। आरोपी शराबी था जो आए दिन शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था जिसके कारण उसकी पत्नी चली गई थी और इस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने पहले फोन पर ऐसा करने की धमकी उसे दी और बाद में घटना को अंजाम दिया।

घर के कमरे में संदिग्ध अवस्था मे सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी का मिला शव, हत्या की आशंका,पुलिस जाँच मे जुटी


शहडोल

जिला मुख्यालय के बलपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर बैंककर्मी का शव उनके ही घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। 81 वर्षीय जगदीश प्रसाद मिश्रा घर में अकेले रहते थे। सुबह खाना बनाने पहुंची महिला ने उन्हें मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुबह रोजाना की तरह खाना बनाने आने वाली महिला जब घर पहुंची तो मुख्य कमरे के भीतर जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव पड़ा मिला। बुजुर्ग नग्न अवस्था में थे और उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखकर महिला घबरा गई और तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से अकेले रह रहे थे। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था।

मामले में सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घर में चोरी या लूटपाट हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

सड़क किनारे खड़ी बस से चोरो ने चौथी बार डीजल किया पार, पुलिस की कार्यवाही पर उठ रहे सवाल


शहडोल 

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरों ने सड़क किनारे खड़ी बस से डीजल पार कर दिया। खास बात यह है कि पिछले चार महीनों के दौरान इसी बस से चौथी बार डीजल चोरी की वारदात हुई है। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे वाहन मालिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बाद भी यदि एक ही वाहन लगातार निशाना बन रहा है, तो यह पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पीड़ित बस मालिक दिनेश शुक्ला ने बताया कि उनकी बस प्रतिदिन जैतपुर से कोतमा के बीच संचालित होती है। रोजाना की तरह बस शाम को लौटकर बलभद्रपुर नंबर 1-जैतपुर-झींक-बिजुरी मुख्य मार्ग स्थित उनके घर के सामने खड़ी कर दी गई थी। सुबह जब चालक बस लेकर जाने पहुंचा तो उसने देखा कि बस का डीजल टैंक टूटा हुआ है और उसमें रखा करीब 50 लीटर से अधिक डीजल गायब है।

बस मालिक के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले चार माह के दौरान इसी बस से चार बार डीजल चोरी हो चुका है। लगातार हो रही चोरी से परेशान होकर उन्होंने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे। पूर्व में हुई एक चोरी की घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, जिसमें बोलेरो वाहन से आए कुछ लोग बस से डीजल चोरी करते दिखाई दिए थे।

दिनेश शुक्ला का आरोप है कि हर घटना के बाद उन्होंने जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बस मुख्य सड़क पर घर के सामने खड़ी रहती है, फिर भी चोर बेखौफ होकर बार-बार वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

ताजा घटना के बाद बस मालिक एक बार फिर शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम नागरिकों में चिंता बढ़ रही है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक चोर खुलेआम वारदात करते रहेंगे और उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। वही इस मामले में जब थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget