बर्तन दुकान से नकाबपोश चोरो ने 1.5 लाख का सामान किया पार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना


शहडोल 

जिले के बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनेमा रोड पर स्थित बर्तन दुकान में बीती रात अज्ञात नकाबपोश चोर ने धावा बोलते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये के पीतल एवं अन्य धातुओं के बर्तन चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोर की पूरी करतूत पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे अब पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। यह सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

पीड़ित दुकानदार मोहम्मद शब्बीर निवासी बुढार ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दरवाजे में लगा ताला कब्जे समेत टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दुकान में रखे लगभग सभी बर्तन गायब थे। चोरी गए सामान में पीतल के बर्तन, बटुआ और अन्य धातुओं के कीमती बर्तन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

घटना के बाद मोहम्मद शब्बीर ने पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब साढ़े तीन बजे एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान में घुसकर बर्तन समेटते और बाहर ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार चोर बेहद इत्मीनान से वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि उसे इलाके की अच्छी जानकारी थी।

दुकानदार के अनुसार चोरी गए सामानों में पीतल के 5 नग बटुआ, करीब 25 नग फूल, पीतल की थालियां और लगभग 50 किलो बर्तन शामिल हैं। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। बुढार पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है और जल्द ही चोरी का खुलासा होने का दावा कर रही है।

कोहरे के कारण पीकप पलटी, चालक की हुई मौत, परिचालक गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती


शहडोल

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयसिंहनगर–सीधी मार्ग पर झारा फॉरेस्ट चौकी के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 18 जीए 4298 सीधी से जयसिंहनगर की ओर आ रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान झारा फॉरेस्ट चौकी के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से नीचे जा पलटी। बताया जा रहा है कि वाहन खाली था, बावजूद इसके तेज रफ्तार और कोहरे के कारण यह बड़ा हादसा हो गया।

हादसे में चालक मार्तंड सिंह कवर, निवासी चारहेट थाना सीधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिचालक बाबू बैगा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल परिचालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

दो पक्षो के बीच विवाद सुलझाने पहुँचे पुलिस से धक्का-मुक्की, जान से मारने की धमकी व हमला, एएसआई घायल


शहडोल

देवलौंद थाना अंतर्गत बाणसागर बाजार में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब मौके पर शांति व्यवस्था बनाने पहुंचे सहायक उप निरीक्षक पर ही एक आरोपी ने हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस कर्मी के साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे ASI के हाथ में चोट आई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाणसागर बाजार में दुकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना देवलौंद थाने को मिली थी। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक महेश झा मौके पर पहुंचे। उस समय दोनों पक्ष आपस में झगड़ रहे थे और कुछ लोग घायल भी हो चुके थे। ए एस आई ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।

इसी दौरान मौके पर मौजूद सुनील सोनी ने अचानक ए एस आई महेश झा पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देने लगा। हमले के दौरान ए एस आई के हाथ में चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील सोनी को हिरासत में ले लिया। सहायक उप निरीक्षक महेश झा की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मी से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी है। घटना के बाद बाणसागर बाजार में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। जिस विवाद को शांत कराने पुलिस कर्मी पहुंचे थे उस मामले में भी दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget