पुलिस ने जुआं फड़ में मारा छापा, 66 हजार रुपये हुए जप्त, नपा एआरआई सहित 9 गिरफ्तार


शहडोल

जिले में जुए के खिलाफ पुलिस की हालिया कार्रवाइयों के बीच जयसिंहनगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बीते सप्ताह सिंहपुर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जयसिंहनगर पुलिस ने झाड़ियों के बीच संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 66 हजार 340 रुपये नकद के साथ 9 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। इस मामले ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ लिया है क्योंकि पकड़े गए आरोपियों में नगर पालिका शहडोल में पदस्थ एआरआई (राजस्व निरीक्षक) पराग दुबे भी शामिल हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर अंतर्गत छुलहनी पहाड़िया इलाके में सुनसान झाड़ियों के बीच लंबे समय से जुआ फड़ चल रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान ताश के पत्ते और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह जुआ फड़ कब से संचालित था, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े थे और कहीं किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है और सभी आरोपियों पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

हालांकि, इस कार्रवाई के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि सोहागपुर थाना क्षेत्र में जुआ गतिविधियां अब भी बेखौफ चल रही हैं, जहां पुलिस अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी है। इसी तरह अनूपपुर जिले के राजेंद्र ग्राम में पिछले एक सप्ताह से बड़े पैमाने पर जुआ चलने की सूचनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

विवाद में किसान की हुई हत्या, आरोपी गिरफ्तार,नवविवाहिता ने कुएं में कूदकर की आत्महत्या


अनूपपुर

जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र के ग्राम अमगवां में लकड़ी के रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक किसान की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। अमरकंटक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 213/25 भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। फरियादी सूचनाकर्ता बती बाई पति रामधारी सिंह गोंड, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम अमगवां, थाना अमरकंटक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

फरियादी ने बताया कि उनके पति रामधारी सिंह गोंड पिता फूंदेलाल सिंह गोंड, उम्र 56 वर्ष, दिनांक 31 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी के साथ खेत की मेड़ पर पड़े एक सूखे पेड़ को काटने गए थे। रामधारी सिंह लोहे की टांगी (कुल्हाड़ी) से पेड़ को चीर-फाड़ रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बती बाई लकड़ी का छिलका (चैली) लेकर घर लौट आईं।

करीब सुबह 10 बजे जब वे दोबारा खेत पहुंचीं तो देखा कि उनके पति लकड़ी के ऊपर मृत अवस्था में पड़े थे। उनके सिर के पीछे गर्दन के बाईं ओर, गले तथा पीठ के पीछे बाईं तरफ धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट था कि धारदार टांगी/कुल्हाड़ी से मारपीट कर उनकी हत्या की गई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की और मामले में अपराध क्रमांक 213/25 धारा 103(1) बीएनएस तथा मर्ग क्रमांक 52/25 धारा 194 बीएनएसएस कायम किया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही पुरुषोत्तम सिंह पिता ईश्वर सिंह गोंड, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम अमगवां को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि खेत के रास्ते में लकड़ी होने से उसे परेशानी हो रही थी, इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने लोहे की कुल्हाड़ी से रामधारी सिंह की हत्या कर दी।

*नवविवाहिता ने कुएं में कूदकर की आत्महत्या*


शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनटोला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नवविवाहिता ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सरोज पति चन्द्रभान सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी सोनटोला के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद सरोज नाराज होकर घर से बाहर निकल गई और घर के सामने स्थित कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर पति मौके पर पहुंचा और पत्नी को बचाने का प्रयास किया। उसने आसपास के लोगों को भी मदद के लिए आवाज दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। मृतिका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहा। गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने कहा कि घटना के पहले पति पत्नि का विवाद हुआ था। उसके बाद पत्नी ने कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मर्ग कायम किया है।

शिक्षक से मारपीट व जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार, रिसोर्ट में युवती ने की आत्महत्या


अनूपपुर

पवित्र नगरी के अमरकंटक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमगवां में शिक्षक के द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी शिक्षक वृंदावन सिंह श्याम पिता गोकुल सिंह श्याम (50 वर्ष), निवासी ग्राम अमगवां  ने थाना अमरकंटक में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने बताया कि वे बूथ लेवल अधिकारी के रूप में शासकीय दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। दिनांक 01 जनवरी 2026, गुरुवार को लगभग दोपहर 2 बजे वे अपने मोहल्ले में फली सिंह पिता बिकनु सिंह के घर के सामने बैठकर SIR मतदाता गहन पुनरीक्षण का कार्य कर रहे थे तथा सूची का मिलान कर रहे थे।

इसी दौरान ग्राम निवासी चिंताराम सिंह पिता कुंवर सिंह वहां पहुंचा और उनसे यह कहते हुए विवाद करने लगा कि वे उसके यहां क्यों आए हैं और रिकॉर्ड क्यों मांग रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं तथा फरियादी से लिपटकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान नारद सिंह, तुलसीराम सिंह, बंती बाई, दुकलु सिंह, विकनू सिंह एवं सगुना बाई मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद आरोपी अपने घर चला गया। फरियादी ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि घटना के समय वे  बूथ लेवल अधिकारी के रूप में शासकीय कार्य कर रहे थे और आरोपी द्वारा जान बूझकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

पुलिस ने फरियादी के आवेदन के आधार पर आरोपी चिंताराम सिंह के खिलाफ धारा 121(1), 132, 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है अभियुक्त चिंताराम को पकड़ कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

*रिसोर्ट में युवती ने फांसी लगाकर दी जान*

अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधा–कपिलधारा मार्ग पर स्थित एक रिसोर्ट में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरकंटक रिसोर्ट के मैनेजर व व्यवस्थापक प्रकाश पांडे पिता सुरेश पांडे, उम्र 34 वर्ष, निवासी अमरकंटक ने थाने में सूचना दी कि 01 जनवरी 2026 को रिसोर्ट में किराए पर लिए गए कमरा नंबर 4 में एक युवती ठहरी हुई थी। युवती की पहचान कंचन कुमारी पिता महेश चंद्र, उम्र 19 वर्ष, निवासी श्रीनगर कॉलोनी, एसकेडी मॉडर्न इंटर कॉलेज वाली गली, कोरासी, एटा बाईपास रोड, कोल, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे जब रिसोर्ट स्टाफ द्वारा कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर खिड़की की ओर से झांककर देखा गया, जहां युवती कमरे के सीलिंग फैन में अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर लटकी हुई दिखाई दी।

घटना की सूचना तत्काल अमरकंटक थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इस मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 01/26 धारा 194 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। युवती द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget