युवक का अपहरण, हत्या के बाद शव को छिपाने वाले आरोपियों को आजीवन कारावास


अनूपपुर/कोतमा

न्यायालय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश कोतमा रवीन्द्र कुमार शर्मा के न्यायालय ने थाना भालूमाडा के अपराध क्रमांक 178/17 की धारा 302, 364ए, 365, 201, 120बी भादवि के जघन्य एवं सनसनीखेज मामलें में आरोपियों श्रवण बरकडे पिता मनी सिंह उम्र 40 निवासी ग्राम लिलरिया टोला चौकी दर्शिला थाना जैतपुर एवं यशोदा सिंह पिता स्वं. गोविंद सिंह उम्र 28 निवासी पडोर थाना भालूमाडा को धारा 302,120बी भादवि में आजीवन कारावास एवं 1000 रूपयें का अर्थदंड, धारा 364ए सहपठित 120बी में आजीवन कारावास एवं 1 हजार का अर्थदंड एवं धारा 201 में 3 वर्ष का कठोर कारावास एवं 500 का अर्थदंड से दंडित किया गया है। मामले में पैरवी सहायक जिला अभियोजन अधिकारी/एजीपी राजगौरव तिवारी द्वारा की गयी है। 

मामला अनूपपुर जिले के थाना भालूमाडा का है, जिसमें आरोपीगण द्वारा 29 जून 2017 को आपराधिक षडयंत्र कर मृतक को धुरवासिन से केशवाही बुलाया और उसे शराब पिलाने के बहाने मोटरसाईकिल में बिठाकर भोडा कछार जंगल जामुन टोला नाला के पास ले गये। जहां उसे अधिक शराब पिला दिया, जब वह नशे में हो गया तब उसकी हत्या कर दिये और उसकी लाश को वही जंगल में झाडियों में छिपा दिये और उसके लैपटाप पर्स को अपने घर ले जाकर छुपा कर रख लिये तथा एटीएम व सिम जला दिये और घटना में प्रयुक्त साफी और डंडा वहीं फेक दिये थे। मृतक के गायब हो जाने पर कुछ दिन उसके घर वाले ढूढ़ते रहे और नही मिलने पर गुम इंसान दर्ज कराया गया। जहां जॉच के दौरान घटना का खुलासा होने पर थाना भालूमाडा में मामला दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। मामलें में थाना प्रभारी भालूमाडा के.के त्रिपाठी ने विवेचना में मृतक का कंकाल बरामद करते हुये घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया व आरोपीगण के कब्जे से मृतक का समान बरामद हुआ। आरोपीगण के साथ घटना समयावधि में अंतिम बार मृतक को देखा गया था। कंकाल के साथ मिले कपडे से उसकी शिनाख्त हुई और डीएनए परीक्षण में वह मृतक की लाश होना प्रमाणित हुआ। उक्त मामलें की गंभीरता को देखते हुए उसे चिन्हित एवं सनसनीखेज प्रकरणों मे जिला समिति द्वारा चयन किया गया, जिसकी सतत समीक्षा जिला अभियोजन अधिकारी, जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा की गयी। न्यायालय में राजगौरव तिवारी अपर लोक अभियोजक/एडीपीओ कोतमा द्वारा साक्ष्य व तर्क प्रस्तुत किये गये जिससे संतुष्ट होकर न्यायालय ने उक्तानुसार दंड से दंडित किया है।

केवई जीवन दायनी नदी व क्षेत्र की जीवन रेखा है, कर सकती है किसानों का भला


अनूपपुर/कोतमा

केवई नदी कोतमा विधानसभा क्षेत्र की जीवन रेखा है । यह जीवन दायिनी नदी है। यदि इसके पानी को संचित करके बैराज के माध्यम से गांव - गांव पहुंचाया जा सके तो हजारों हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो जाएगी और किसान दो फसली खेती कर सकेगें। इससे किसानों की आमदनी बढने से क्षेत्र में संपन्नता आएगी। पिछले कुछ वर्षो में केन्द्र और प्रदेश की सरकारों ने क्षेत्र में बहुत से विकास कार्य करवाए हैं । बहुत से सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत से कार्य करने की आवश्यकता है। सरकार का इस ओर ध्यानाकर्षण करके पहल करने की जरुरत है। कोतमा के ग्राम गुलीडांड मे इस क्षेत्र के वरिष्ठ गणमान्य कृषक एवं बीस वर्षों तक सरपंच रहे पंडित श्री राममिलन शर्मा ने भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला भाजपा अनूपपुर के पूर्व मीडिया प्रभारी मनोज द्विवेदी से सौजन्य भेंट के दौरान उपरोक्त विचार व्यक्त किये।

पंडित राम मिलन शर्मा पुत्र स्व श्याम सुन्दर शर्मा कई पीढ़ियों पहले कोयलांचल के इस सुदूर गांव में आकर बसे तो यहीं के हो कर रह गये। अपनी मेहनत, लगन और व्यवहार कुशलता के बूते वे 32 वर्ष की आयु में गुलीडांड के सरपंच निर्वाचित हुए। वे 1983 से 2000 तक इस पंचायत के सरपंच रहे। तब और आज के परिवेश में आए परिवर्तन पर टिप्पणी करते हुए श्री शर्मा कहते हैं कि इस क्षेत्र में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य पर बहुत से कार्य हुए हैं। मोबाईल फोन के आने से जीवन सुगम हुआ है। रोजगार बढाने के लिये सरकार को चिंता करना चाहिए । किसानों को कृषि कर्म से जोड़े रखने के लिये इसे लाभ का कार्य बनाना होगा। सिंचाई की व्यवस्था ना होने से इस क्षेत्र के किसान एक फसल ले पाते हैं। उन्होने कहा कि केवई नदी का पानी कोतमा नगर की प्यास बुझा रहा है। बिजुरी नगर तक केवई का पानी पहुंचाने की योजना पर कार्य करना होगा। बैराज बना कर किसानों तक गांव - गांव पानी पहुंचाने की व्यवस्था हो जाए तो लोग दो से अधिक फसलें ले पाएगें। सब्जी की खेती हो सकेगी। जिससे किसानों की आय बढेगी। 

इस अवसर पर तरसिली, गुलीडांड प्रवास पर पहुंचे श्री मनोज द्विवेदी ने श्री शर्मा के साथ पंचायत के उप सरपंच श्री उमेश शर्मा, श्री फत्ते सिंह, श्री मुकेश गौतम,श्री महेन्द्र यादव एवं अन्य लोगों की उपस्थिति में हुई अनौपचारिक चर्चा के दौरान मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में लागू पेसा एक्ट के प्रभाव विषय पर जानकारी दी गयी। उपस्थित सभी लोगों ने माना कि पेसा एक्ट का इस जनजातीय क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक असर होगा। इसके लिये गाँव - गाँव लोगों को इस नये एक्ट की बारीकियों , विशेषताओं को बतला कर भ्रांतियों को दूर करने की जरुरत है। सभी ने कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने जनजातीय विकासखंडों में जनजातीय समाज के हितों को ध्यान में रख कर महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पेसा एक्ट किसी के विरुद्ध नहीं है। इस एक्ट के तहत पंचायत में बनने वाली समिति में सभी वर्ग के लोग होंगे। जिससे गाँव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आम राय बना कर सरलता से निर्णय लोये लिए जा सकेगें। छोटे - मोटे आपसी विवादों का निपटारा भी गाँव में ही हो जाएगा। पुलिस थाना से बचने के कारण लोग अपने कार्यों पर अधिक ध्यान केन्द्रित कर पाएगें। गुलीडांड के लोगों ने गाँव में 200 वर्ष पुराने धार्मिक स्थल ठाकुर धाम तक विद्युत व्यवस्था करवाने की मांग की गयी।

अवसरों का उपयोग सही ढंग से करने पर जीवन में सफलता अवश्य प्राप्त होती है- एसडीएम विवेक कुमार

 

अनूपपुर/राजेन्द्रग्राम

अगर विद्यार्थी जीवन में हम मिले हुए अवसरों का उपयोग सही ढंग से करें तो जीवन में सफलता अवश्य प्राप्त होती है और विद्यार्थी जीवन में मिले हुए अवसरों को हमें गवाना नहीं चाहिए उक्त आशय के विचार पुष्पराजगढ़ एसडीएम श्री विवेक कुमार द्वारा सीएम राईज मॉडल स्कूल पुष्पराजगढ़ में राष्ट्रीय युवा संगठन द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्रगट किए।
 एसडीएम विवेक कुमार ने स्कूल के बच्चों को उत्साहित करते हुए कहा कि मैं चाहता हूं पूरे पुष्पराजगढ़ के हायर सेकेंडरी स्कूलों का रिजल्ट 100% हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर महोदया सुश्री सोनिया मीणा के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है,उक्त कड़ी में हमारे द्वारा विषयवार मॉडल पेपर तथा उनके उत्तरों की पुस्तिका तैयार की गई है आपको उससे जरूर लाभ होगा।आपका स्कूल सर्व सुविधा युक्त स्कूल है और आपको यह अवसर मिल रहा है कि आप जिले के अन्य स्कूलों एवं छात्रों के लिए नजीर बने आप सभी पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें तो सफलता अवश्य मिलेगी।ज्ञात हो कि एसडीएम विवेक कुमार राष्ट्रीय युवा संगठन द्वारा विगत माह संविधान दिवस पर आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उक्त कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पुष्पराजगढ़ एसडीओपी सुश्री सोनाली गुप्ता द्वारा बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें निर्भय रहने की सीख दी गई सुश्री सोनाली गुप्ता ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपको सतर्क रहना है किसी प्रलोभन में नहीं आना है और अपने आसपास किसी खतरे को महसूस करके अपने माता-पिता शिक्षक अथवा पुलिस को सूचित करना है मैं चाहती हूं कि सभी बालिकाएं बगैर किसी भय के अपने जीवन में आगे बढ़े और आने वाली मुसीबतों का सामना मजबूती के साथ करें।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला बाल कल्याण समिति अनूपपुर के सदस्य ललित दुबे ने बच्चों को सिलेबस के साथ-साथ अन्य पढ़ाई पर भी ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया,ललित दुबे ने बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे बचाव के तरीके बताएं साथ ही बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। कार्यक्रम की आयोजक संस्था राष्ट्रीय युवा संगठन के प्रदेश संयोजक शिवकांत त्रिपाठी ने बच्चों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के मोहनिया से राष्ट्रपिता बनने के सफर को बताया और कहा कि हमें महात्मा गांधी से सत्य और अहिंसा के मंत्र सीखना चाहिए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एसडीएम विवेक कुमार व संस्था के प्राचार्य श्री सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना के साथ साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में 26 नवंबर संविधान दिवस पर आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के विजेताओं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया समारोह के प्रारंभ में प्राचार्य महोदय द्वारा सीएम राइज मॉडल स्कूल की जानकारी दी गई तथा संस्था के खेल व शैक्षणिक उपलब्धियों को बताया गया। उक्त कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक गण भी उपस्थित रहे।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget