अवैध उत्खनन की कार्यवाही करके लौट रही वन विभाग की टीम पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
कोयले के अवैध उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन टीम पर हमले के मामले में सोहागपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार शाम पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में इस कार्रवाई का खुलासा किया गया।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों सोहागपुर क्षेत्र के खेतौली गांव में कोयला उत्खनन एवं परिवहन की सूचना पर वन परिक्षेत्राधिकारी रामनरेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में वन अमला मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान आरोपियों ने टीम के साथ दुर्व्यवहार करते हुए हमला कर दिया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना के बाद रेंजर रामनरेश विश्वकर्मा की शिकायत पर थाना सोहागपुर में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान आरोपी राजू सिंह उर्फ राकेश सिंह (50 वर्ष), चिन्टू सिंह उर्फ जितेन्द्र सिंह (34 वर्ष) तथा बेटन सिंह उर्फ बृजेश सिंह (54 वर्ष), सभी निवासी ग्राम बड़खेरा थाना सोहागपुर जिला शहडोल, को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय शहडोल में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और अवैध उत्खनन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। शासकीय कार्य में बाधा एवं शासकीय अधिकारी पर हमले पर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।
वही इस मामले में डीएफओ ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करने में काफी समय लगाया, लेकिन वहीं पुलिस का कहना था कि शिकायत की जांच कर मामला दर्ज किया गया और तीन आरोपियों की शनिवार गिरफ्तारी भी कर ली गई है।
