समाचार 01 फ़ोटो 01
चोरी की मिट्टी से रखी जा रही, रेलवे प्लेटफार्म की बुनियाद, मिट्टी की दलाली का उपाध्यक्ष का पुराना इतिहास
*शासन को रहा लाखो की रायल्टी का नुकसान, ₹200 की दलाली में मस्त हुआ नेता*
अनूपपुर
बिलासपुर जोन अंतर्गत कटनी बिलासपुर के मध्य रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से कई रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, इसी क्रम में अमलाई रेलवे स्टेशन मे भी प्लेटफार्म नंबर दो एवं तीन की ऊंचाई को बढ़ाना, साज-सज्जा, लाइटिंग, नवीन भवन, शुद्ध पेयजल इत्यादि शामिल है, किंतु भारतीय रेल की ईमानदार छवि को धूमिल करते हुए जीणोद्धार का कार्य कर रहे ठेकेदार संजय यादव द्वारा प्लेटफार्म की नीव ही चोरी की मिट्टी से भरी जा रही है, जो न सिर्फ रेल प्रशासन की साख पर बट्टा लगाने के लिए ना काफी है, बल्कि खनिज विभाग को मिलने वाले राजस्व पर भी सरेआम डाका मरने जैसा है। मिट्टी चोरी के इस खेल में एक बार फिर से देवहरा का एक तथा कथित स्थानीय सफेद पोश नेता की दलाली मे सक्रियता देखने को मिल रही है।
*डिस्प्ले से अलग है पिक्चर*
चोरी की मिट्टी खपा कर दलाली खा रहे तथाकथित स्थानीय सफेद पोश नेता ने शहडोल एवं अनूपपुर जिले में पूरा का पूरा नेटवर्क स्थापित किया हुआ है। पूर्व में भी अमलाई स्टेशन के गुड्स मरम्मत कार्य मे लगने वाली मिट्टी को खपाने का कार्य बड़ी मात्रा में नेता द्वारा किया गया था, लेकिन इस बार सिंडिकेट के एक नए चेहरे को काम की जिम्मदारी सौंपी गई है। सूत्रों की माने तो कटकोना के बारगाही एंड कंपनी द्वारा लगभग 1200 हाईवा ट्रक अवैध मिट्टी अमलाई स्टेशन में खपाने का काम अवैध तरीके से कर रहा है।
*दो विभागों को चूना लग रहा है मास्टरमाइंड*
मिट्टी की दलाली के इस पूरे खेल का तथाकथित मास्टरमाइंड फॉरेस्ट तथा खनिज दोनों विभागों को चूना लगाकर दोहरा लाभ उठा रहा है, एक ओर जंगल विभाग की लीज पर संचालित अमलाई ओपन कास्ट से बिना किसी परमिशन के लगभग 1200 गाडी मिट्टी ढोने का अनुमान बताया जा रहा है, वहीं दूसरी और अवैध मिट्टी उत्खनन एवं परिवहन से खनिज विभाग को मिलने वाली लाखों रुपए की रॉयल्टी लगभग ₹400 प्रत्येक गाड़ी के हिसाब से 1200 गाड़ियों की लाखों रुपए राजस्व के चूना दलाल द्वारा लगाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि अमलाई ओपन कास्ट में ओवर बर्डन हटाने का कार्य कर रही आर केटीसी कंपनी में नेता की नियुक्ति लोकल लाइजनिंग अर्थात लेनदेन कर मामला सेटलमेंट करने के लिए की गई है।
*₹200 की दलाई में मस्त हुए नेता*
रेलवे ठेकेदार को 1200 गाड़ी मिट्टी देने के एवज में प्रत्येक गाड़ी ₹900 के हिसाब से दलाल ने सौदा किया गया था, लेकिन फिर इस काम को कटकोना निवासी बारगाही को ₹700 प्रत्येक गाड़ी में पलटी कर ₹200 के लाभ में नेता मस्त है।
*दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा ठेकेदार*
रेलवे प्लेटफॉर्म में मिट्टी फीलिंग के कार्य पर घोर लापरवाही देखने को मिल रही है, जिसमें ठेकेदार द्वारा मैनुअल तरीके से कार्य ना करते हुए मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है, अति संवेदनशील एवं प्रवेश निषेध की जगह पर ट्रैक्टर वाहन एवं जेसीबी मशीन का विद्युत लाइन के नीचे उपयोग मिट्टी फीलिंग के लिए किया जाना निश्चित तौर पर किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित करना है। 24 घंटे निरंतर दौड़ती व्यस्ततम रेल पटरी पर बिना परमिशन गाड़ियों की आवाजाही ठेकेदार की मनमानी दर्शाती है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
नगर मे आस्था और उल्लास के संग मना महाशिवरात्रि, धूमधाम से निकली भोलेबाबा की बारात
अनूपपुर
विद्युत नगरी जैतहरी मे महाशिवरात्रि पर्व बडे़ ही धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही नगर के सभी शिवालयों मे शिव भक्तों की भीड़ बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने के लिये उमड़ पड़ी, नगर मे सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र वार्ड क्र . 06 मे स्थित देवी मढिया प्रांगण मे स्थित शिव मंदिर रहा, जहाँ कि मढिया के पुजारी आचार्य शैलेंद्र के द्वारा देवी मढिया मे पूरी तरह साज सज्जा के साथ ही साथ शिव मंदिर का सजावट बर्फ के सिल्ली से कर बाबा बर्फानी का रुपांतरण कर सजाये जो कि शिव भक्तों के लिये और ही दर्शन का आकर्षण का केंद्र बन गया। वहाँ हजारों लोगो ने दर्शन प्राप्त कर धर्म लाभ प्राप्त किया, नगर के शिव भक्तों के द्वारा दोपहर तीन बजे नगर परिषद के प्रांगण मे स्थित राम मन्दिर से भगवान् शिव की बरात बडे़ धूमधाम से निकाली गई जो कि नगर भृमण करते हुए देवी मढिया गई बारात के नगर भृमण के दौरान नगर के नागरिकों ने जगह जगह बारात का स्वागत जलपान से हर्षोल्लास के साथ किया गया। बारात के स्वागत का आकर्षण वहाँ देखने को मिला जहाँ नगर के नागरिक जफर खान एवं उनके सभी साथियों ने बारातियों के लिये जलपान की व्यवस्था करवाई व बढ़चढ़ कर भोले बाबा की बारात का स्वागत किया। बारात मे मुख्य बराती देवी देवता वानर भालू के साथ ही साथ नगर के गणमान्य नागरिक के साथ ही साथ नगर के सैकड़ों महिलाओं की टोली बरात मे नाचते गाते हुए नगर भृमण करते हुए सभी देवी मढिया तक गईं जहाँ कि बरात का भव्य स्वागत किया गया। वैवाहिक कार्यक्रम पूजा पाठ के बाद वृहत भण्डारा मे हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किये।
समाचार 03 फ़ोटो 03
शाहपुर बोर्ड परीक्षा केंद्र में गंभीर आरोपों की गूंज, शिकायतकर्ता को धमकी, नियमों पर सवाल
उमरिया
जिले के शाहपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र से बोर्ड परीक्षा के दौरान गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि संभावित नकल गतिविधियों को लेकर पूर्व में सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते सख्ती नहीं बरती गई।
आरोप है कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षिका ने शिकायतकर्ता को कथित रूप से कहा की 3 किलोमीटर के अंदर दिखे तो तुम्हारे खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दूंगी। यह बयान तब सामने आया जब परीक्षा केंद्र के 100–200 मीटर प्रतिबंधित दायरे और भारतीय दंड संहिता की धारा 144 के संबंध में जानकारी मांगी गई।
केंद्र अध्यक्ष द्वारा कथित रूप से कहा गया कि प्रतिबंधित दायरा लगभग 200 मीटर है और चूंकि सड़क लगा हुआ है तो कोई दिक्कत नहीं। सिर्फ भीड़भाड़ और लाउडस्पीकर जैसे शोर शराबा वर्जित है। सूत्रों के अनुसार, पिछले सत्र में इसी केंद्र का परीक्षा परिणाम 30% से कम रहा था। आरोप है कि उस समय एक शिक्षिका को नकल संबंधी विवाद के बाद ड्यूटी से हटाया गया था। अब उसी शिक्षिका की पुनः तैनाती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि संबंधित शिक्षिका के पति उसी विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे में “संभावित हितों के टकराव” की चर्चा भी क्षेत्र में तेज है। क्या पूर्व शिकायतों की गंभीर जांच हुई, ड्यूटी निर्धारण प्रक्रिया कितनी पारदर्शी थी, क्या हितों के टकराव पर विचार किया गया, परीक्षा के दौरान कर्मचारियों का बाहर जाना नियमों के अनुरूप है, क्या शिकायतकर्ता को डराने की कोशिश की गई।
जब इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, उमरिया से बात की गई तो उन्होंने कहा की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। अब सवाल यह है कि क्या जांच लंबी प्रक्रिया में उलझेगी या परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित निर्णय लिया जाकर नकल आदि में विवादित शिक्षिका आरती शर्मा और चपरासी पुरुषोत्तम वर्मा को तत्काल परीक्षा ड्यूटी से पृथक किया जाएगा। बोर्ड परीक्षा केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि प्रशासनिक निष्पक्षता की भी परीक्षा है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
बिरासनी जवारा जुलुस की भव्यता बढाने बैठक, पंडितों से शुल्क लेने पर उभरे मतभेद
उमरिया
चैत्र बंंसतीय नवरात्रि की भव्यता बढाने के लिए तहसील परिसर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गयी, बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मीनाक्षी इंगले की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बिरासनी जवारा जुलुस की भव्यता बढाने पर जोर दिया गया। दर असल में एक लंबे समय से माता के दरबार में श्रद्धालु जवारा कलश बोते तो है, लेकिन उठाने नहीं आते, जिससे धीरे धीरे बिरासनी जवारा जुलुस का अस्तित्व ही संकट मे पडता जा रहा है, इसलिए सभी श्रद्धालुओं को कलश उठाने के लिए प्रेरित किया जाये। इसके लिए सबसे प्रेरणा के लिए अनुविभागीय अधिकारी मीनाक्षी इंगले ने खुद कलश लेकर चलने की बात कही गयी जिसकी बैठक के सभी सदस्यों ने स्वागत किया, साथ ही पाली नगर की सभी महिला मंडल, रामायण मंडलियों की महिलाओं से भी बैठक कर कलश उठाने के लिए प्रेरित करने की कोशिश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने स्वयं उठायी।
बिरासनी मंदिर में पंडितों से बैठकी वसूली पर लेकर जबर्दस्त बहस हुई और नगर के बहु प्रतिष्ठित व्यवसायी और व्यापारी संघ के संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने इस बात का कडा विरोध जताते हुए कहा कि इस जरा सी आमदनी के लिए विवाद की स्थिति बनती है।अगर पंडितों से बैठकी वसूली जाती है, तो सभी लोगों से शुल्क लिया जाना चाहिए , चाहे वह रक्षा सूत्र बांधने वाला हो, सभी से वसूल किया जाये। बैठक में तीखी बहस के कारण पंडितों से वसूली जाने वाली राशि 1100 से घटाकर पांच सौ रूपये लिये जाने का निर्णय लिया गया। विदित होवे की पिछली बार भी बैठक में पांच सौ रूपये का निर्णय पारित किया गया था, लेकिन 1100 रूपये वसूल किया गया था। इस बात को भी प्रमुखता से रखा गया। बैठक में क्रय होने वाली सामग्री बांडेड कंपनी को ही निविदा में रखा जाये, घी कलश के मूल्य वृद्धि पर भी बैठक में दर न बढाने का निर्णय लिया गया। जानकर सूत्रों ने बताया कि घी कलशो में कहीं कोई नुकसान नहीं है तो मुनाफा कमाने के लिए दरो में वृद्धि नहीं की जानी चाहिए। इस प्रकार बैठक में उठाये गये सभी मुद्दों में तार्किक और विधिवत समीक्षात्मक चर्चा कर निर्णय लिया गया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
अव्यवस्था का दंश झेल रहा है रघुनाथगंज, अंधेरे में डूबा रहता है चौराहा, नाली जाम कचरा का लगा ढ़ेर
रीवा
जिले के प्रमुख कस्बे रघुनाथगंज में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली अब जनआक्रोश का रूप ले चुकी है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण खुद को असुरक्षित, उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। करने का बाईपास हाईवे चौराहा वर्षों से अंधेरे में डूबा है। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात के समय यात्री बसों व अन्य सवारी वाहनों से उतरते ही लोग लूटपाट और असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 2018 से अब तक अंधेरे और अव्यवस्था के कारण दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आज तक न तो कोई स्थायी व्यवस्था की गई और न ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई हुई।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिम्मेदारी आखिर किसकी है, ग्राम पंचायत की या हाईवे रोड अथॉरिटी की। दोनों ही एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ते नजर आते हैं, जबकि आम जनता हर दिन जोखिम में जीवन जीने को मजबूर है। कस्बे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। महीनों से कचरा उठाने वाली गाड़ी बंद पड़ी है। नालियां बजबजा रही है, सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को समय पर मानदेय तक नहीं दिया गया, जिससे वे काम करने में असमर्थ हैं। विडंबना यह है कि हर साल गांधी जयंती या स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कुछ दिनों के लिए औपचारिक सफाई कर फोटो खिंचवा लिए जाते हैं, उसके बाद हालात फिर पहले जैसे ही हो जाते है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विकास योजनाएं केवल कागजों में पूरी कर दी जाती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।रघुनाथगंज जैसे कस्बे की यह हालत प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करती है। इन तमाम समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत कर मांग की है कि कस्बे में तत्काल स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, नियमित सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण, तथा सड़क और नाली निर्माण कार्य कराए जाएं। साथ ही लापरवाह अधिकारियों और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस जनआक्रोश को गंभीरता से लेता है या फिर रघुनाथगंज के लोग यूं ही अंधेरे, गंदगी और अव्यवस्था में जीने को मजबूर रहेंगे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
अवैध उत्तखनन, भंडारण, परिवहन पर संयुक्त टीम की कार्यवाही
रीवा
रीवा जिले में खनिज का अवैध उत्तखनन, परिवहन व भंडारण लगातार ख़निज माफियाओं द्वारा किया जा रहा है, समय-समय पर जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जाती रही है। कलेक्टर के निर्देश पर तहसील त्योंथर अंतर्गत बेलन नदी से रेत अवैध खनन के मामले पर खनिज, राजस्व व पुलिस द्वारा सयुंक्त रूप से कार्यवाही की गई। जिसमें नायब तहसीलदार, पुलिस चौकी प्रभारी सोनोरी, खनि निरीक्षक रीवा द्वारा सयुंक्त रूप से औचक निरीक्षण के दौरान बेलन नदी स्तिथ ग्राम डीह में नदी से लगे घाट पर लगभग 20 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जिस पर टीम द्वारा कार्यवाही कर रेत को जप्त कर नदी के पानी मे ही जेसीबी मशीन डालकर अवैध भंडारण को समाप्त किया। अवैध उत्खनन परिवहन में के उपयोग में लाए जा रहे रास्तो को जेसीबी मशीन से ट्रेंच नाली खुदाई कर अवरुद्ध किया गया। एक वाहन हाइवा MP 19 HA 4080 गिट्टी का बिना दस्तावेज ले परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर सोनोरी पुलिस चौकी में खड़ा किया गया। अवैध उत्तखनन पर संयुक्त टीम की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। जिससे अवैध खनिज माफियाओं पर अंकुश लगेगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
लापरवाही पूर्वक कामर्शियल वाहन चलाने वाले चालकों के ड्रायविंग लाइसेंस निरस्त करने के दिये निर्देश
शहडोल
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कलेक्टर द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाहीपूर्वक कमर्शियल वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी टू-व्हीलर वाहन डीलरों को निर्देशित किया कि वाहन विक्रय के समय क्रेता को अनिवार्य रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाए तथा बिना हेलमेट वाहन सुपुर्द न किया जाए। कलेक्टर ने गोल्डन ऑवर में दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर जीवन रक्षा करने वाले लोगों को राहवीर योजना अंतर्गत 25 हजार रूपए के नगद पुरूस्कार हेतु प्रस्ताव भेजने तथा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में सुरक्षित यातायात के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु यातायात पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य कराने, प्रमुख चौराहों पर संकेतक बोर्ड एवं स्पीड ब्रेकर लगाने और रात्रि में रिफ्लेक्टर व रोड मार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घनाग्रस्त व्यक्ति को मौत से बचाने प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। आपने जिले के उच्च धनत्व वाले मार्गों, क्रिटिकल जंक्सन एवं हाई रिस्क जोन में जिले के सड़कों को विभाजित कर संयुक्त दल द्वारा भ्रमण करते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।
समाचार 08 फ़ोटो 08
राष्ट्रीय बजरंग दल, महिला परिषद ओजस्विनी के अंतर्गत टोली समन्वय की बैठक हुई संपन्न
शहडोल
राष्ट्रीय बजरंग दल महिला परिषद ओजस्विनी जिला शहडोल के अंतर्गत आज आयोजित क्षेत्रीय ब्लॉक टोली समन्वय बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं परिणामकारी सिद्ध हुई। यह बैठक माननीय प्रांतमंत्री मेहुल श्रीवास्तव जी एवं विभाग संगठन मंत्री श्री अरविन्द बघेल जी के अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र, ग्राम, ब्लॉक, तहसील एवं नगर स्तर के चिन्हित एवं अपेक्षित पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगठन की वर्तमान स्थिति, विस्तार की रणनीति तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गंभीर, अनुशासित एवं सकारात्मक विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान आगामी जिला समिति उज्जैन महाधिवेशन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही हनुमान चालीसा केंद्रों के संचालन को और प्रभावी बनाने, छात्र परिषद के विस्तार, सेवा संकल्प कार्यक्रमों को ग्राम स्तर तक पहुँचाने तथा संगठनात्मक मजबूती हेतु कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य केवल विस्तार नहीं बल्कि संस्कार, सेवा और सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जिम्मेदारियाँ स्वीकार करते हुए आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के समापन सत्र में संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों के विस्तार तथा युवाशक्ति और मातृशक्ति के सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया गया। विशेष उल्लेखनीय है कि प्रांतमंत्री मेहुल श्रीवास्तव जी को क्षेत्र में “प्रवीण तोगड़िया ऑफ शहडोल” के नाम से भी जाना जाता है। संगठन के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता, जमीनी पकड़, कार्यकर्ताओं से जीवंत संवाद और नेतृत्व क्षमता को लेकर बैठक में व्यापक सराहना व्यक्त की गई।