समाचार
अव्यवस्था का दंश झेल रहा है रघुनाथगंज, अंधेरे में डूबा रहता है चौराहा, नाली जाम कचरा का लगा ढ़ेर
रीवा
जिले के प्रमुख कस्बे रघुनाथगंज में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली अब जनआक्रोश का रूप ले चुकी है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण खुद को असुरक्षित, उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। करने का बाईपास हाईवे चौराहा वर्षों से अंधेरे में डूबा है। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात के समय यात्री बसों व अन्य सवारी वाहनों से उतरते ही लोग लूटपाट और असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 2018 से अब तक अंधेरे और अव्यवस्था के कारण दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आज तक न तो कोई स्थायी व्यवस्था की गई और न ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई हुई।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिम्मेदारी आखिर किसकी है, ग्राम पंचायत की या हाईवे रोड अथॉरिटी की। दोनों ही एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ते नजर आते हैं, जबकि आम जनता हर दिन जोखिम में जीवन जीने को मजबूर है। कस्बे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। महीनों से कचरा उठाने वाली गाड़ी बंद पड़ी है। नालियां बजबजा रही है, सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को समय पर मानदेय तक नहीं दिया गया, जिससे वे काम करने में असमर्थ हैं। विडंबना यह है कि हर साल गांधी जयंती या स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कुछ दिनों के लिए औपचारिक सफाई कर फोटो खिंचवा लिए जाते हैं, उसके बाद हालात फिर पहले जैसे ही हो जाते है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विकास योजनाएं केवल कागजों में पूरी कर दी जाती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।रघुनाथगंज जैसे कस्बे की यह हालत प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करती है। इन तमाम समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत कर मांग की है कि कस्बे में तत्काल स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, नियमित सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण, तथा सड़क और नाली निर्माण कार्य कराए जाएं। साथ ही लापरवाह अधिकारियों और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस जनआक्रोश को गंभीरता से लेता है या फिर रघुनाथगंज के लोग यूं ही अंधेरे, गंदगी और अव्यवस्था में जीने को मजबूर रहेंगे।
समाचार
अवैध उत्तखनन, भंडारण, परिवहन पर संयुक्त टीम की कार्यवाही
रीवा
रीवा जिले में खनिज का अवैध उत्तखनन, परिवहन व भंडारण लगातार ख़निज माफियाओं द्वारा किया जा रहा है, समय-समय पर जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जाती रही है। कलेक्टर के निर्देश पर तहसील त्योंथर अंतर्गत बेलन नदी से रेत अवैध खनन के मामले पर खनिज, राजस्व व पुलिस द्वारा सयुंक्त रूप से कार्यवाही की गई। जिसमें नायब तहसीलदार, पुलिस चौकी प्रभारी सोनोरी, खनि निरीक्षक रीवा द्वारा सयुंक्त रूप से औचक निरीक्षण के दौरान बेलन नदी स्तिथ ग्राम डीह में नदी से लगे घाट पर लगभग 20 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जिस पर टीम द्वारा कार्यवाही कर रेत को जप्त कर नदी के पानी मे ही जेसीबी मशीन डालकर अवैध भंडारण को समाप्त किया। अवैध उत्खनन परिवहन में के उपयोग में लाए जा रहे रास्तो को जेसीबी मशीन से ट्रेंच नाली खुदाई कर अवरुद्ध किया गया। एक वाहन हाइवा MP 19 HA 4080 गिट्टी का बिना दस्तावेज ले परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर सोनोरी पुलिस चौकी में खड़ा किया गया। अवैध उत्तखनन पर संयुक्त टीम की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। जिससे अवैध खनिज माफियाओं पर अंकुश लगेगी।