नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सीवर लाइन का दूषित पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
*निराकरण नही तो धरना, प्रदर्शन, आंदोलन व घेराव*
अनूपपुर
अनूपपुर नगर सहित पूरे जिले में दूषित पानी की समस्या की शिकायतें प्राप्त हो रही थी, जिसका कारण सीवर लाइन का पानी नदियों में मिलना, जगह जगह गंदे पानी का जमा होना तथा लंबे समय से संचालित फिल्टर प्लांटों में व भंडारण हेतु बनी पानी टंकियों की सफाई न होना है। जिसका विरोध करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान की अगुवाई में कलेक्टर अनूपपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दूषित पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र अनूपपुर सहित पूरे जिलेभर के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दूषित पानी की समस्याएं सामने आ रही है, लंबे समय से फिल्टर प्लांटों, पानी टंकियों की साफ सफाई ना होने, पानी स्त्रोतों व भंडारण की जांच न होने एवं सीवर लाइन का दूषित पानी नदियों में मिलने के कारण पूरा अनूपपुर जिला दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है। मैने स्वयं तथा हमारे कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया है, जिसमे पेयजल की सही व्यवस्था व शुद्धता न होना बहुत चिंताजनक है।
नगर पालिका क्षेत्र अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 09, तहसील कार्यालय के पीछे अमरकंटक तिराहा, शंकर मंदिर चौक, इंदिरा तिराहा तथा जिला चिकित्सालय क्षेत्र के हजारों घरों का गंदा पानी लंबे समय से खुले में जमा है। इस जलभराव के कारण आसपास के बोरवेल और कुओं का पानी भी दूषित हो चुका है, जो अब उपयोग योग्य नहीं रह गया। गंदे पानी के जमाव से क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है। दूषित पानी रिस-रिसकर रेलवे सब स्टेशन के पास, रेलवे की तीसरी लाइन के किनारे-किनारे लगभग एक किलोमीटर दूर जाकर सीधे तिपान नदी में मिल रहा है। इस पानी में कचरा, काई, बैक्टीरिया और रासायनिक तत्व मिश्रित दिखाई दे रहे हैं।
तिपान नदी का प्राकृतिक उद्गम जल अब लगभग मृतप्राय हो चुका है। नगर का गंदा पानी, शांति नगर क्षेत्र का मलबा युक्त अपशिष्ट जल तथा तिपान नदी किनारे स्थित प्री-मैट्रिक 100 सीटर आदिवासी छात्रावास का अपशिष्ट भी इसी नदी में मिल रहा है। नगर पालिका द्वारा बनाए गए छोटे बांध के कारण यही प्रदूषित पानी रुककर फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है, जहां से शुद्धिकरण के बाद इसे शहर के 15 वार्डों और रेलवे कॉलोनी में सप्लाई किया जा रहा है। इसी तरह के दूषित पानी के सेवन से पेट, लीवर संबंधी बीमारियों के साथ त्वचा रोग-दाद, खाज, खुजली के मरीज बढ़ रहे हैं। मांग अनुसार समस्याओं के निराकरण हेतु जल्द से जल्द कार्यवाही की जाए और यदि ऐसा नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, घेराव करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी।
