समाचार 01 फ़ोटो 01

गौरेला विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य/संकुल प्रभारी को बीआरसीसी पुष्पराजगढ़ का भी प्रभार कैसे.?

*लिपिक पदस्थ पर कार्यालयीन ऑपरेटर का कार्य कर रहा अतिथि शिक्षक*

अनूपपुर

जिले के जनपद पंचायत जैतहरी और पुष्पराजगढ़ का एक बेहद लचर प्रशासनिक व्यवस्था प्रकाश में आया है जो बड़ा ही विचारणीय विषय है। 

आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत विकासखंड शिक्षा जैतहरी के ग्राम पंचायत गौरेला में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला जो कई विद्यालयों का संकुल केंद्र भी है यहां पर प्रभारी प्राचार्य/संकुल प्रभारी के रूप में हर प्रसाद तिवारी को पदस्थ किया गया है,जबकि विद्यालय और संकुल स्तर पर ही वृहद कार्य क्षेत्र है इन्हें विद्यालय प्रबंधन के अतिरिक्त अन्य विद्यालयों संबंधित जन शिक्षण क्षेत्र तथा संकुल कार्य को भी निष्पादन किया जाना है जब इतनी जिम्मेदारी पर्याप्त मात्रा में है जिसे वह निर्वहन करने में काफी कठिनाई महसूस कर रहे हैं फिर भी उन्हें पुष्पराजगढ़ विकासखंड का सर्व शिक्षा अभियान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी प्रशासनिक चूक के तहत प्रदान कर दी गई। बीआरसीसी और प्राचार्य/संकुल प्रभारी हर प्रसाद तिवारी सुबह-सुबह दोहरे दायित्व निर्वहन के चक्कर में विद्यालय पहुंचते हैं आनन-फानन मे कार्य निपटाते हुए 30 किलोमीटर दूर पुष्पराजगढ़ विकासखंड मुख्यालय राजेंद्र ग्राम पहुंचते हैं वहां भी जिस तरह इन महोदय के द्वारा कार्य संपादित किया जाता हो यह बता पाना मुश्किल है इस संबंध में महोदय स्वयं अथवा जिम्मेदारी प्रदान करने वाले विभाग के मुखिया ही बता सकते हैं कि दो तीन दायित्व और दो ब्लॉक क्षेत्र से आना-जाना करके किस तरह अपने पदों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रश्न यही उठता है कि क्या दो दायित्व पर दो अन्यत्र क्षेत्र में महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी सौंपना उचित है या प्रशासनिक चूक.?

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला में एक विषम परिस्थिति और देखने को मिली जहां पर स्थाई पद पर लिपिक पदस्थ है फिर भी प्राचार्य हर प्रसाद तिवारी के द्वारा अतिथि शिक्षक से कंप्यूटर ऑपरेटर संबंधित समस्त कार्यालयीन कार्य संपादित कराए जा रहे हैं। विद्यालयों में रेगुलर टीचर ना होने की वजह से अतिथि शिक्षकों की भर्ती की जाती है ताकि अध्यापन कार्य सुचार रूप से संपन्न हो सके और इस समय पर बोर्ड एग्जाम नजदीक है ऐसी स्थिति में प्राचार्य अपने स्वेच्छाचारी रवैया को अपनाते हुए अतिथि शिक्षक से कार्यालय संबंधित समस्त कार्य कराए जा रहे हैं और वहां पर पदस्थ लिपिक जिसका कार्यालय कार्य करने की जिम्मेदारी है वह विद्यालय प्रांगण और ग्राउंड में दिनभर घूमते हुए देखे जाते हैं।इस संबंध में जानकारी हेतु हमने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त अनूपपुर से दूरभाष पर संपर्क करना चाहा तो कॉल रिसीव ही नहीं हुआ और ना कभी होता है।

इनका कहना है।

दो-दो जिम्मेदारियां की वजह से मैं स्वयं व्यस्तता के कारण ग्रह कार्य में समय नहीं दे पाता। लिपिक पदस्थ है परंतु कंप्यूटर संबंधी कार्य न कर पाने के कारण विद्यालय की व्यवस्था चलाने के लिए जिससे काम आता है उससे मुझे काम लेना पड़ता है। दोहरे दायित्व के बारे में शासन प्रशासन विभाग बता सकता है। 

हर प्रसाद तिवारी प्राचार्य उच्चतर विद्यालय गौरेला/बीआरसीसी *पुष्पराजगढ़*

समाचार 02 फ़ोटो 02

नवयुवती से छेड़खानी का फरार आरोपी को पुलिस ने आन्ध्रप्रदेश से किया गिरफ्तार

अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र की एक 20 वर्षीय नवयुवती से बुरी नीयत से छेड़खानी एवं मारपीट के मामले में फरार आरोपी अंकित कोल निवासी ग्राम पोड़ी अनूपपुर को आन्ध्रप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत निवासी 20 वर्षीय नवयुवती के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 15 दिसम्बर 2025 को सुबह करीब 10.30 बजे वह आईटीआई कालेज अनूपपुर पढने के लिए जा रही थी जो तिपान नदी के पास ग्राम पोड़ी का रहने वाले अंकित कोल ने बुरी नियत से हाथ पकड़कर छेड़खानी की और मना करने पर हाथ मुक्को से मारपीट की गई। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 555/25 धारा 74,115(2),351 (2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। जो घटना वारदात दिनांक से ही आरोपी अपने घर एवं गांव से फरार हो गया था।

टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका, प्रधान आरक्षक विनय बैस, आरक्षक राहुल तिवारी एवं सायबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार की टीम के द्वारा फरार आरोपी अंकित कोल पिता लखनलाल कोल उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ी थाना कोतवाली अनूपपुर को आन्ध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले अंतर्गत थाना बल्लीकुरवा से गिरफ्तार किया गया है। उक्त आरोपी प्रकाशम (आन्ध्रप्रदेश) की टाईल्स फेक्ट्री में काम करके फरारी काट रहा था। कोतवाली पुलिस टीम द्वारा आरोपी को आन्ध्रप्रदेश से गिरफ्तार कर अनूपपुर लाया गया है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

तीन हाथी, तीन दिनों से अलग हो कर रातो में खेतों में लगी फसलों को कर रहे हैं नुकसान

*वन विभाग की दो टीम कर रही है निगरानी*

अनूपपुर

विगत 41 दिनों से तीन हाथियों का समूह अनूपपुर जिले के जैतहरी एवं अनूपपुर तहसील के ग्रामीण इलाकों में विचरण कर रहे हैं, विगत तीन दिनों से एक एवं दो की संख्या में हाथी अलग-अलग होकर घूमते हुए रात के समय ग्रामीणों के खेतों में लगी फसलों को अपना आहार बना रहे हैं। रविवार के दिन एक हाथी अनूपपुर के सोनमौहरी बीट के जंगल में एवं दो हाथी वन परिक्षेत्र एवं थाना जैतहरी के धनगवां बीट के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं।

विगत 22 जनवरी से अनूपपुर थाना तहसील एवं वन परिक्षेत्र के छुलहा भगतबांध भोलगढ सीतापुर पोंडी खांडा मानपुर बरबसपुर में विचरण कर रहे हैं, तीनों हाथी सुबह होते ही जंगलों में प्रवेश कर दिन बिताने बाद देर शाम एवं रात होने पर शहडोल मनेद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को पोंडी गांव के समीप से निरंतर पार कर ग्रामीणों के खेतों में लगी फसलों को आहार बना रहे हैं, विगत तीन दिनों से तीन हाथियों के समूह से का एक दांत वाला हाथी तथा दो अन्य हाथी दो समूह में बट कर विचरण कर रहे है, शनिवार के दिन एक दांत वाला हाथी पोंडी बीट के जंगल से साम होते ही निकलकर भोलगढ गांव के खेतों में लगी गेहूं अरहर एवं अन्य फसलों को अपना आहार बनाते हुए देर रात ट्रैक्टर एवं हल्ला कर भगाए जाने पर सोननदी को पार कर भगतबांध गांव में खेत में लगे गेहूं की फसल को पूरी रात खाते हुए रविवार की सुबह अपने दो अन्य साथियों की तलाश में ग्राम अमगवां के गोहाटोला में फसलों को खाते हुए, सुबह होने पर सोनमौहरी के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहा है। वही दो हाथियों का समूह शनिवार के दिन सोन मौहरी बीट के बर्री एवं सेन्दरी सोनमौहरी गांव के मध्य स्थित बोडवा जंगल में दिन बीताने बाद देर शाम को जंगल से निकल कर ग्राम पंचायत अमगवां के वार्ड क्रमांक 12 गोहाटोला निवासी फसल को खाते हुए अमगवां के नयाटोला पथरहा टोला छुलहा के खिरनाटोला से खिरना नाला पार कर बेलिया अमगवां हाई स्कूल के पीछे से गुवारी टकहुली पटौराटोला होते हुए रविवार की सुबह वन परिक्षेत्र थाना एवं तहसील जैतहरी के वन बीट धनगवां के जंगल जो ग्राम पंचायत केवटार के कुशमहाई गांव से लगा हुआ है, पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं, दो अलग-अलग समूह में बटे हाथियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग द्वारा दो टीमें बनाकर हाथियों पर निगरानी रखते हुए ग्रामीण जनों को सचेत एवं सतर्क रहने की निरंतर हिदायतें दी जा रही हैं, वही हाथियों के निरंतर विचरण एवं नुकसान किये जाने पर कई गांव की ग्रामीण रात रात भर जाग कर अपनी एवं गांव की सुरक्षा करने में लगे रहते हैं तीनों हाथी विगत एक सप्ताह से जिला मुख्यालय अनूपपुर के तीन से पांच किलोमीटर की दूरी पर विचरण किए हैं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

मंहगाई बढ़ाने वाला जनविरोधी बजट, संसदीय क्षेत्र की जमकर उपेक्षा -जीवेन्द्र सिंह 

अनूपपुर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संत रविदास जयंती के दिन रविवार को बजट पेश किया गया है जबकि संत रविदास जयंती के दिन राष्ट्रीय अवकाश घोषित है, इससे देश की बहुसंख्यक आबादी को ठेस पहुंची है। बजट में मध्यप्रदेश की अनदेखी हुई है एक नया पैसा भी नहीं दिया गया है जबकि मध्यप्रदेश की जनता ने भाजपा को सभी 29सीट पर जिताया है।

शहडोल संसदीय क्षेत्र की जमकर उपेक्षा की गई है सासंद महोदया बजट की एक भी उपलब्धि जनता को चाह कर भी नहीं बता सकती हैं।केंद्रीय विश्वविद्यालय आई जी एन टी यू में मेडिकल कालेज, अभियांत्रिकी कालेज, कृषि विश्वविद्यालय हेतु बजट में प्रावधान नहीं है।कृषि क्षेत्र में सिंचाई के लिए एक भी पैसे का प्रावधान नहीं है, जनजातीय जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा भी झूठा साबित हुआ। रेललाइन से कोयला परिवहन हेतु बिलासपुर- कटनी रेलखंड में चौथी रेल लाइन विस्तार किया जाना अति आवश्यक है परन्तु बजट में कोई उल्लेख नहीं है।

शहडोल संसदीय क्षेत्र से मुंबई तक ट्रेन के लिए बजट में प्रावधान किया जाना अति आवश्यक था। हितग्राही मूलक योजनाओं में कटौती किया गया है, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार चुप्पी साध रखी है। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में रियायत नहीं दिया गया है। महंगाई बढ़ाने वाला जनविरोधी बजट है इस बजट से छात्र, नौजवान और किसान पलायन कर मजदूरी करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

नगर मंडल अध्यक्ष पद क्या बाहरी व्यक्ति को नवाजने की तैयारी, अब मंडल के नगर में 17 तो गांव के 35 बूथ है शामिल

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर का महत्वपूर्ण नगर मंडल जिसके सबसे लंबे कार्यकाल के अध्यक्ष शिवरतन वर्मा अभी भी स्थापित है जिस पद पर चयन लगभग 1 वर्ष पूर्ण हो जाना था लेकिन पता नहीं किस तरह का पेचीदा मामला है की राष्ट्रीय स्तर का चुनाव हो जाने के बावजूद भी मात्र अनूपपुर नगर मंडल की घोषणा अछूता रह गया है जहां पर ना तो पूर्व के मंडल अध्यक्ष को रिपीट किया गया और ना ही नई नियुक्ति जारी की गई है यह पेच किस तरह का फंसा हुआ है समझ से परे है भारतीय जनता पार्टी की चुनावी प्रक्रिया में सर्वप्रथम बूथ स्तर,मंडल स्तर, जिला स्तर, प्रदेश स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर का चुनावी प्रक्रिया पूर्ण होती है। सर्व विदित होना चाहिए कि अनूपपुर नगर मंडल में 17 बूथ होते थे परंतु ग्रामीण मंडल के 35 बूथ को अब वर्तमान समय में अनूपपुर नगर मंडल अंतर्गत शामिल कर दिया गया है जिसमें नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का भी महत्वपूर्ण दावेदारी माना जा रहा है और गांव से मंडल अध्यक्ष बन सकता है इससे भी नकारा नहीं जा सकता। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी के मुखिया से कुछ बाहरी तत्व मिलकर अपनी ताजपोशी करवाना चाहते हैं और जिन्हें माननीय मुखिया के द्वारा मंडल अध्यक्ष पद से नवाजने की मनसा भी बना चुके हैं इनमें एक ऐसा बाहरी है जो जिले का ही है लेकिन कुछ समय पूर्व अनूपपुर विधानसभा में नाम जुड़वा करके स्थानीय कार्यकर्ता बता रहा है दूसरा उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है जो कुछ वर्ष से अकेले अनूपपुर में निवास कर रहा है जिसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि का स्थानीय स्तर पर पता नहीं है और वर्तमान में उसे भाजपा में जिम्मेदारी मिली हुई है और यह महाशय प्रशासनिक स्तर पर अपने आप को मंडल अध्यक्ष बताते फिर भी रहे हैं। तीसरा तो प्रभारी मंत्री का सबसे खास बना हुआ है यह स्थानीय कार्यकर्ता है लेकिन इसके क्रियाकलाप भी पार्टी हित में उचित नहीं है। अब ऐसे लोगों को भाजपा मंडल अध्यक्ष पद से नवाजना कहां तक सार्थक होगा जिन्हें अनूपपुर मंडल की बूथ संख्या मालूम ना हो गांव मालूम ना हो अर्थात भाजपा में कार्यकर्ताओं के ऊपर ऐसे नेता को थोपने का प्रयास किया जा रहा है जिसे पार्टी संगठन और जमीनी स्तर पर राजनीति का भूगोल इतिहास ही मालूम नहीं है जानकारी के मुताबिक ऐसे कुछ पदाधिकारी जिला कार्यकारिणी में भी स्थापित हो चुके हैं।अनूपपुर नगर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति तो जिला अध्यक्ष के अनुशंसा पर ही होना है जिसमें राजनीति के माहिर खिलाड़ी अनूपपुर विधानसभा के स्थापित नेता वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक,सांसद के हस्तक्षेप में जुड़ा हुआ है जल्द होगी घोषणा देखते हैं कौन बनेगा मंडल अध्यक्ष।

समाचार 06 फ़ोटो 06

मंत्री,सांसद, विधायक से लेकर भाजपा नेताओं ने सराहा केंद्रीय बजट, सभी वर्गों को मिली प्राथमिकता

अनूपपुर

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर जिले में उत्साह का माहौल रहा। भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन और जिला संयोजक जितेंद्र भट्ट के नेतृत्व में जिले के सभी मंडलों व प्रमुख स्थानों पर बजट का सीधा प्रसारण देखा गया। भाजपा नेताओं ने बजट की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सभी वर्गों—युवा, महिला, किसान, व्यापारी व गरीब—के कल्याण के साथ देश को प्रगति पथ पर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट  है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह के माध्यम से भाजपा नेताओं ने बजट पर अपने विचार व्यक्त किए ।

मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा, यह विश्वास पर आधारित विकास का बजट है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का बजट। यह आने वाले 10 वर्षों में भारत की दिशा तय करने वाला है।

शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने प्रतिक्रिया में कहा, भारत को वैश्विक पटल पर अग्रणी बनाने के लिए अमेरिका व चीन जैसे क्षेत्रों पर फोकस जरूरी है। इस बजट में रियल एस्टेट, चिप मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया है, जो भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाएगा।

अनूपपुर विधायक व पूर्व मंत्री विसाहू सिंह ने कहा, दुनिया के दो-तीन देशों के दबदबे वाले रणनीतिक उत्पादों पर भारत में विशेष ध्यान दिया गया है। लॉजिस्टिक्स लागत घटाने के लिए पहली बार अलग मालगाड़ी कॉरिडोर की योजना शानदार है, जो निर्यात को बढ़ावा देगी।

अनूपपुर पूर्व विधायक व कोल विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने कहा, युवा व महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रावधान हैं। टैक्सपेयर्स को राहत देते हुए सजा की जगह नाममात्र पेनल्टी का प्रावधान डरमुक्त टैक्स व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम है।भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा, यह हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, उद्योगपति व व्यवसायी—को राहत देने वाला समावेशी बजट है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

नाली निर्माण की शिकायत की जांच में भृष्टाचार की बदबू आती है - जुगुल राठौर।

अनूपपुर

जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत चोरभठी में गुणवत्ता विहीन नाली निर्माण का कार्य, कार्य एजेंसी सरपंच/ सचिव के द्वारा किया गया है। कार्य एजेंसी ने निर्माण कार्य में जब बेश किया जा रहा था खाली गिट्टी बिछाकर ऊपर से लेप लगाकर किया गया है और सरिया छः छः इंच के वजाय आधा आधा मीटर की दूरी से अधिक में लगाया जाकर ढलाई किया गया है। जिसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में किया गया। शिकायत की जांच शिकायत कर्ता को बिना सूचित किए शिकायत कर्ता के गैरमौजूदगी में किया गया।

शिकायत को निराधार बताया गया और निर्माण कार्य को तकनीकी मानदंडों के अनुरूप बताया गया है। तकनीकी जानकारों की जांच गांव के प्रत्यक्षदर्शियों के गले के नीचे नहीं उतर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माण कार्य का फोटो एवं वीडियो बनाकर रखा गया है शिकायतकर्ता एव ग्रामीणजन जांचकर्ता से जानना चाहते हैं कि गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य को तकनीकी मानदंडों के अनुरूप किस आधार पर साबित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि भले ही वह तकनीकी का पढ़ाई नहीं किए हैं लेकिन हजारों निर्माण कार्य करके तकनीकी आधार पर निर्माण कार्य कैसे किया जाता है जिसकी गहरी समझ है कि तकनीकी आधार पर निर्माण कार्य कैसे किया जाता है जिसके सम्बन्ध में उन्हें गहरी समझ है। यह जांच ग्रामीणों के हलक से नीचे नहीं उतर रहा है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि भृष्टाचार के जांच में भी बड़ा भृष्टाचार किया गया है । उन्होंने मांग किया है उक्त नाली निर्माण कार्य का जांच , टीम गठित कर शिकायत कर्ता एवं सभी पंच उपसरपंच के मौजूदगी में किये जाने की मांग किया है।

समाचार 08

नेशनल लोक अदालत 14 मार्च को

उमरिया

न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत में न्यायिक प्रकरण आपराधिक, सिविल,श्रम, मोटरयान दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, कुटुम्ब न्यायालय के लंबित / प्रिलिटिगेशन के समझौता योग्य प्रिलिटिगेशन के रूप में सभी बैंको के प्रकरण, नगर पालिका समकेतिक कर एवं जलकर एवं विद्युत प्रकरणों का निराकरण भी किया जावेगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमरिया ने अधिवक्ताओं एवं जनमानस से अपील की है कि नेशनल लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा आपसी सुलह समझौता के माध्यम से 14 मार्च 2026 को निपटारा कराएं एवं नेशनल लोक अदालत का फायदा उठाएं।

समाचार 09

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस 15 मार्च को मनाया जाएगा

उमरिया

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता  संरक्षण अधिनियम 2019 में निहित उद्देश्य अनुसार उपभोक्ताओं को उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में जागरूक करने की मंशा से प्रतिवर्ष अनुसार 15 मार्च को ‘विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस’ का आयोजन किया जाएगा । इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों/व्यक्तिओं एवं छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार योजनांर्गत उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन किया जाकर राज्य/संभाग स्तरीय पुरस्कार  प्रदान किया जावेगा।

उन्होने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्था/व्यक्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया जावेगा जिसमें प्रथम पुरस्कार मय प्रशस्ति पत्र रूपये 1,11,000, द्वितिय पुरस्कार मय प्रशस्ति पत्र रूपये 51,000 तथा तृतीय पुरस्कार मय प्रशस्ति पत्र रूपये 25,000 दिया जाएगा । उन्होने बताया कि स्वैच्छिक उपभोक्ता संरगठन/व्यक्ति जो विशेष रूप से उपभोक्त हित संरक्षण एवं संवर्धन में संलग्न हो।आवेदक संगठन,व्यक्ति द्वारा एक प्रति में आवेदन के मुख्य पृष्ठ पर ‘राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2025-26 हेतु’ सुस्पष्ट रूप से लिखकर जिला कलेक्टर/जिला आपूर्ति अधिकारी को संबोधित कर कार्यालय कलेक्टर (खाद्य-शाखा) जिला उमरिया (म.प्र.) में 31 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत करना होगा । विलम्ब से प्रस्तुत आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। संगठन/व्यक्ति द्वारा उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में वर्ष 2025 (1 जनवरी 2025 से 31 दिसम्बरर 2025) के दौरान प्रत्येक माह में की गई गतिविधियों की सप्रमाण विस्तृत विवरण रिपोर्ट संलग्न करना होगा । उक्त  के संबंध मे 1 जनवरी 2025 से पूर्व में किए गए कार्यों के प्रमाण इस वर्ष के पुरस्कार हेतु अमान्य होंगें अर्थात केवल 1 जनवरी 2025 से 31 दिसम्बर 2025 के प्रमाण संलग्न  करें ।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget