समाचार 01 फ़ोटो 01

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा पर मामला दर्ज, भ्रष्टाचार की खबर पर, पत्रकार को गाली देना पड़ा भारी

शहडोल

पत्रकार को फोन पर गाली-गलौज और धमकी देना भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं धनपुरी नगर पालिका अध्यक्ष के पति इंद्रजीत सिंह छाबड़ा को भारी पड़ गया। पत्रकार कैलाश की शिकायत पर धनपुरी थाना पुलिस ने छाबड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (ए) और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने 24 अक्टूबर को नगर पालिका धनपुरी में हो रही ड्रेस खरीदी में अनियमितताओं से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर की दोपहर लगभग 12:30 बजे, इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज करते हुए धमकाया।

पत्रकार द्वारा प्रकाशित खबर में खुलासा किया गया था कि नगर पालिका धनपुरी द्वारा कर्मचारियों को ड्रेस वितरण किया गया, जबकि उसकी खरीदी की कोई निविदा जारी नहीं की गई थी। खबर सामने आने के बाद आनन-फानन में टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन बाद में उक्त टेंडर पोर्टल से हटा दिया गया। 

नगर पालिका धनपुरी में अनियमितताओं के मामले पहले भी उजागर हो चुके हैं। तत्कालीन एसडीएम लोकेश जांगिड़ द्वारा की गई जांच में कई अनियमितताएं साबित भी हुईं, परंतु कार्यवाही के बजाय फाइलें दबा दी गईं। अब एक बार फिर नपा के भ्रष्टाचार की फाइलें दोबारा खुलने की चर्चाएं तेज हैं।

नगर पालिका धनपुरी इन दिनों कई वार्डों में सीसी रोड की जगह पेवर ब्लॉक सड़कों का निर्माण करा रही है। बताया जा रहा है कि बिल में पेवर ब्लॉक की दरें बाजार भाव से कई गुना अधिक दर्शाई गई हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन ब्लॉकों को स्वयं इंद्रजीत सिंह छाबड़ा द्वारा अपनी मशीन से बनवाया जा रहा है और फिर ठेकेदारों के माध्यम से नगर पालिका को सप्लाई किया जा रहा है। आरोप है कि इस प्रक्रिया से अध्यक्ष पति दोहरा आर्थिक लाभ उठा रहे हैं एक ओर ठेकेदारी का फायदा, दूसरी ओर कमीशन की कमाई।

समाचार 02 फ़ोटो 02

2 जुआं फड़ में पुलिस ने मारा छापा, 12 आरोपी गिरफ्तार, ताश के पत्ते समेत 3560 रुपये जप्त

अनूपपुर

जिले के थाना रामनगर पुलिस द्वारा अवैध जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 02 दिनों में दो अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों पर दबिश देकर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।

पहला मामला ग्राम मलगा के थाना रामनगर पुलिस टीम दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मलगा में राकेश रजक के घर के सामने बल्ब की रोशनी मेंकुछ व्यक्ति ताश के पत्तों से रुपये पैसों की हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाह प्रशांत मिश्रा एवं गजेन्द्र मिश्रा को साथ लेकर बताए स्थान पर दबिश दी गई, जहाँ 5 जुआरी पकड़े गए, जिसमे महेश प्रसाद केवट, पिता रामदीन केवट, उम्र 28 वर्ष, मन्नाराम केवट, पिता लालमन केवट, उम्र 34 वर्ष, प्रकाश केवट, पिता महिलाल केवट, उम्र 39 वर्ष, संतोष कुमार लोने, पिता गोकल प्रसाद, उम्र 32 वर्ष, गोपाल केवट, पिता शेराराम केवट, उम्र 35 वर्ष। इनके पास से कुल ₹1530 नगद एवं 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। जुआ फड़ पर की गई कार्रवाई में अपराध क्रमांक 292/25 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

दूसरा मामला ग्राम हर्री थाना रामनगर के ग्राम हर्री में मुखबिर की सूचना पर जुआ फड़ पर दबिश दी गई, जहाँ 7 आरोपीगण ताश के पत्तों से रुपये पैसों की हार-जीत का दांव लगाते हुए पकड़े गए, जिसमे शिवानंद द्विवेदी उर्फ शिल्लू, पिता रामखेलावन द्विवेदी, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 01, फुलकोना, रवि उपाध्याय, पिता स्व. चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 15, ग्राम हर्री, बृजेश केवट, पिता दयाराम केवट, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम हर्री, रोशन लाल मांझी, पिता पूर्ण लाल केवट, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हर्री सचिन द्विवेदी, पिता रामप्यारे द्विवेदी, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 02, ग्राम सेमरा कैलाश मांझी, पिता भैयालाल केवट, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हर्री, मूलचन्द्र केवट, पिता स्व. उदयशरण केवट, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 01, ग्राम आमाडाड़। इनके पास से कुल ₹2030 नगद एवं ताश के पत्ते बरामद किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 295/25 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किया गया।

समाचार 03 फोटो 03

पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर परिक्रमा वासी का कपिलधारा के जंगल में मिला शव

अनूपपुर

मां नर्मदा की पवित्र परिक्रमा के दौरान एक परिक्रमा वासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो जाने की खबर से पूरा क्षेत्र शोक और चिंता से व्यथित है। कपिलधारा के घने जंगलों में पंचकोसी कच्चा परिक्रमा मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसने श्रद्धालुओं को स्तब्ध कर दिया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शव के पास रखा बैग बंदरों ने फाड़ दिया था और मृतक का सामान चारों ओर बिखरा पड़ा था। पास में मिली पूजा सामग्री, परिक्रमा मार्ग से जुड़ी पुस्तिका और आय-व्यय दर्ज करने वाली नोटबुक उनके तपस्वी जीवन की गवाही दे रही थीं। आधार कार्ड से मृतक की पहचान विधूत बैरा नामक व्यक्ति के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही नर्मदा समग्र संस्था के कार्यकर्ता सक्रिय हुए। उन्होंने तत्परता से नगर परिषद अमरकंटक के  मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते को जानकारी दी और प्रशासनिक टीम को जंगल के भीतर तक पहुँचाने में सहयोग किया। उनकी सक्रियता के कारण डिंडोरी जिला के करंजिया थाना से प्रधान आरक्षक जीवनलाल कोल और आरक्षक शिवपाल कौरव शीघ्र मौके पर पहुँचे, जिन्होंने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम हेतु करंजिया भेजा। पुलिस ने प्रारंभिक जाँच आरंभ कर दी है और परिजनों की तलाश जारी है।

नर्मदा समग्र के कार्यकर्ताओं ने बताया कि मृतक कई दिनों से कपिलधारा क्षेत्र में अकेले परिक्रमा कर रहे थे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि नर्मदा परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए तथा परिक्रमा वासियों के लिए सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

मोबाइल दुकान की छत तोड़कर 40 मोबाइल चोरी

अनूपपुर 

जिले के कोतमा थाना क्षेत्र स्थित एक मोबाइल दुकान में रात को लाखों रुपये के मोबाइल चोरी हो गए। चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर घुसा और लगभग 40 ब्रांडेड मोबाइल लेकर फरार हो गया। यह घटना मुखर्जी चौक स्थित जय माता दी मोबाइल दुकान में हुई। चोर ने दुकान से लाखों रुपये मूल्य के ब्रांडेड कंपनियों के लगभग 40 कीमती मोबाइल फोन चुराए। सुबह जब दुकान मालिक ने अपनी दुकान खोली, तो उन्होंने सामान बिखरा हुआ पाया और चोरी का पता चला। इसकी सूचना तत्काल कोतमा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच कर रही है और चोर की तलाश जारी है।

समाचार 05 फोटो 05

फरार इनामी पशु तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर जिले के थाना कोतमा पुलिस द्वारा  फरार चल रहे है  इनामी पशु तस्कर को किया गिरफ्तार, पूर्व में  भी थाना  कोतमा व आसपास के  थाना क्षेत्रों मे कई  पशु तस्करी के अपराध पंजीबध्द है। पुलिस टीम द्वारा  काफी समय से फरार चल रहे पशु तस्कर वाजिद पिता अकलाख  निवासी मवेशी बाजार को गिरफ्तार किया गया है। 03 मई 2025 को थाना कोतमा क्षेत्रांतर्गत अवैध हथियार के साथ पशु तस्करी करने पर थाना कोतमा में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 11 पशुओ  के प्रति क्रुरता अधि. 6 (क) , 10 के तहत आरोपी वाजिद खान एवं अन्य के विरूध्द पंजीबद्घ किया गया था। उक्त घटना के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पूर्व में की जा चुकी है ।  घटना का  एक आरोपी वाजिद खान पिता अकलाख खान निवासी मवेशी बाजार कोतमा मूल निवासी ग्राम उमरपुर थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर उ.प्र.का काफी दिनो से फरार चल रहा था  जिसकी निरन्तर पता तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर वाजिद खान को कोतमा पुलिस द्वारा दबिश देकर केशवाही के पास घेराबंदी कर पकड़ा। जिसे गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

परोड़ के जंगल में खुलेआम चल रहा लाखों का जुआं, युवा बरबादी की कगार पर, प्रशासन मौन

अनूपपुर

जिले के जमुना कोतमा थाना भालूमाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कोयलांचल नगरी जमुना कॉलोनी के आसपास स्थित परोड़ के जंगल में इन दिनों खुलेआम जुआ 52 पत्ती का खेल चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह अवैध गतिविधि इतनी तेजी से फैल चुकी है कि आसपास के कई युवा इसकी गिरफ्त में आकर अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस जुआ अड्डे पर हर रोज लाखों रुपए का दांव खेला जा रहा है, जबकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह बेखबर नजर आ रहा है या फिर मिलीभगत में शामिल है।

ग्रामीणों ने बताया कि जुआ खिलाने का काम जमुना निवासी जालिम और फनूआ नामक व्यक्तियों के द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह लोग जंगल के अंदरूनी हिस्सों में जुआ खिलाते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए एक-एक किलोमीटर की दूरी पर अपने लोगों को चौकसी पर तैनात रखते हैं, ताकि किसी अनजान व्यक्ति या पुलिस की हरकत की खबर पहले ही मिल जाए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस अवैध जुए की वजह से कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। पहले भी जमुना कादरी क्षेत्र के मुन्ना नामक व्यक्ति ने जुए में भारी नुकसान झेलने के बाद अपने परिवार के छह सदस्यों सहित आत्महत्या कर ली थी। उस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था, लेकिन इसके बाद भी जुआ माफियाओं के हौसले कम नहीं हुए। लोगों का कहना है कि यह जुआ अब सिर्फ एक खेल नहीं रहा, बल्कि सामाजिक विनाश का कारण बन चुका है। युवा वर्ग जुए की लत में अपनी पढ़ाई, रोजगार और पारिवारिक जीवन तक बर्बाद कर रहे हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जिले के पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान से मांग की है कि ग्राम परोड़ के जंगल में चल रहे इस अवैध जुआ संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए और इसके संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कोयलांचल क्षेत्र में बर्बादी की इस श्रृंखला को रोका जा सके। यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाया तो आने वाले दिनों में यह जुआ अड्डा जिले के युवाओं के लिए आत्मविनाश का केंद्र बन जाएगा।

समाचार 07 फ़ोटो 07

वन विभाग ने पेंगोलिन तस्करी मामले मे 10 आरोपियो को किया गिरफ्तार

शहडोल

जिले में वन्यजीवों की अवैध तस्करी पर शिकंजा कसते हुए वन विभाग की विशेष टीम ने पेंगोलिन के शिकार और तस्करी के मामले में 10 आरोपियों को धर दबोचा है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर दक्षिण वन मंडल अंतर्गत जैतपुर के देवरी बीट में सोन नदी पुलिया के पास की गई। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 1.643 किलोग्राम पेंगोलिन की खाल (स्केल्स) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी कीमत बताई जाती है। इसके साथ ही वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

डीएफओ श्रद्धा पेंद्रो के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धनपुरी निवासी ईस्ताक मोहम्मद और दीपक द्विवेदी शामिल हैं। वहीं अन्य आरोपियों में शंकर उर्फ गोलू दहायत, सुशीत कुमार अधिकारी, लक्ष्यपत सिंह गोंड, अर्जुन सिंह, मार्को चैन सिंह, गेंद सिंह और बीरन सिंह परस्ते के नाम शामिल हैं। खास तौर पर बीरन सिंह के पास से एक जीवित कछुआ भी बरामद किया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पेंगोलिन का शिकार कहां से किया गया और इसकी बिक्री कहां की जानी थी, इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। वन विभाग की कई टीमें मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। यह पूरी कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत की गई है, जिसमें अवैध शिकार व तस्करी पर कड़ी सजाओं का प्रावधान है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

समाचार 08

65 वर्षीय अधेड़ ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

शहडोल 

जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय अधेड़ ने पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। जानकारी के अनुसार आरोपी अधेड़ ने 16 मार्च के दिन बच्ची को घर पर काम करने के बहाने बुलाया और मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद दुराचारी ने फिर से किशोरी के सांथ यह शर्मनाक कृत्य किया। डर और शर्म के कारण पीड़िता ने यह बात किसी को भी नहीं बताई।

जब बच्ची की तबीयत बिगड़ी, तब परिवार को शक हुआ। परिजनों द्वारा जांच कराने पर नाबालिग के गर्भवती होने का चैंकाने वाला सच सामने आया। जिसके बाद सोहागपुर थाने मे जाकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

समाचार 09

युवक ने नाबालिग के साथ किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि नाबालिग छह माह की गर्भवती है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग को पेट में दर्द होने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय अनूपपुर ले गए थे। डॉक्टरों की जांच में उसके छह माह की गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजनों ने कोतमा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 19 वर्षीय युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है। कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार देर रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पीड़िता को धमका रहा था, जिसके कारण उसने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी थी। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

समाचार 10

जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज अनूपपुर पहुँचे

जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज शुक्रवार रात को अनूपपुर पहुंचे। वह छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भागवत कथा संपन्न कर अयोध्या लौटते समय अनूपपुर में अल्प प्रवास पर रुके। इस दौरान लोगों ने उनका स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार, 25 से 31 अक्टूबर तक पेंड्रा नगर के मल्टी परपज हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया था। पेंड्रा में कथा संपन्न करने के जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज देर रात अयोध्या के लिए प्रस्थान कर रहे थे। रास्ते में उन्होंने पीएचई ऑफिस के पास अल्प विश्राम किया। इस दौरान अनूपपुर के लोगों ने उनका स्नेहपूर्ण स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। महाराज थोड़ी देर विश्राम के बाद अपनी वैन से अयोध्या के लिए रवाना हुए।

समाचार 11 फ़ोटो 11

सड़क जाम करने के मामले मे पुलिस ने 30-35 लोगो पर मामला किया दर्ज

उमरिया

जिले के इंदवार थानांतर्गत आम रोड चहली रोड मझौली में कल 30 अक्टूबर की दोपहर 2 बजकर 20 मिनट से 3 बजकर 57 मिनट तक अपनी मांगों को लेकर दर्जनों ग्रामीणों के द्वारा सड़क जाम कर दी गई थी। लगभग एक से डेढ़ घण्टे सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित रही, जिसे एसडीएम मानपुर की समझाईस के बाद 15 दिनों का अल्टीमेटम देकर प्रदर्शनकारियों ने धरना स्थगित कर दिया था।

उक्त मामले में शासन की तरफ से निरीक्षक गोविंद सिंह की सूचना पर बीएनएस की धारा 189(2), 126(2) के तहत रोशनी सिंह, रमाकांत पांडे, रमेश चौधरी, रामनरेश राय, मोतीलाल सहित 30 से 35 लोगो पर मामला दर्ज किया गया है।

उक्त मामले में एसडीओपी उमरिया डॉ नागेंद्र सिंह के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि विगत कुछ दिनों पूर्व ग्रामीणों के द्वारा एक ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन में मांग की गई थी कि बाँघवगढ़ टाईगर रिज़र्व अंतर्गत फारेस्ट में रोड का निर्माण किया जाए। माननीय सुप्रीम कोर्ट और शासन के द्वारा ऐसे निर्देश है कि फारेस्ट के अंदर ऐसी गतिविधि नही की जा सकती है, इसके बावजूद भी बाँघवगढ़ प्रबंधन के द्वारा उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन माँगा गया है। उसी क्रम में कल दिनाँक 30 अक्टूबर को उक्त मांग को लेकर किए जा रहे धरने के दौरान जो रोड इंदवार से मानपुर की ओर आती है, जो कि काफी व्यस्ततम मार्ग है, यहां से यात्री बसों के अलावा क्षेत्रीय लोगो का आवागमन लगा रहता है। उक्त सड़क को धरना प्रदर्शन के दौरान जाम कर दिया गया।

इस कारण इंदवार पुलिस के द्वारा 5 नामजद और 30-35 अन्य के विरुद्ध सड़क जाम करने का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।



Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget