समाचार 01 फ़ोटो 01

दर्दनाक सड़क हादसा, दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

अनूपपुर

जिले के कोतमा के पास बदरा-जमुना तिराहा मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक फोर व्हीलर वाहन और मोटरसाइकिल में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमांशु साहू (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता राजकुमार साहू, निवासी वार्ड नंबर 16, भालूमाड़ा के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही नवागत थाना प्रभारी विपुल शुक्ला अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा तथा दुर्घटना में शामिल वाहनों को जब्त कर जांच प्रारंभ कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग संकरा और अत्यधिक व्यस्त है, जहाँ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारण और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

मृतक हिमांशु साहू के असामयिक निधन से भालूमाड़ा क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नवागत थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने घटना की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है

समाचार 02 फ़ोटो 02

शिकार के प्रयास में पकड़े गए पांच आरोपी, वन विभाग ने जप्त की शिकार की सामग्री, भेजे गये जेल

अनूपपुर

जिले के बिजुरी वन परिक्षेत्र के वनविभाग द्वारा थानगांव में जंगल के मध्य वन्यजीवों के अवैध शिकार के उद्देश्य से जीआई तार के माध्यम से फैलाए गए जाल की सूचना मिलने पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सामग्री जप्त की है। पांचो आरोपी न्यायालय के आदेश पर जेल भेजे गए।

इस संबंध में वन परिक्षेत्राधिकारी बिजुरी पवन कुमार ताम्रकार ने बताया कि, वन परिक्षेत्र बिजुरी अंतर्गत थानगांव बीट के ग्राम थानगांव अंतर्गत डोंगरीटोला में गांव के किनारे स्थित ट्रांसफार्मर से लेकर वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक आर,एफ,54 के मुनारा क्रमांक 74 से होकर गुप्ता प्रसाद कोल के खेत तक अज्ञात आरोपियों द्वारा जीआई तार में लकड़ी की खूंटी एवं कांच की बोतले बांधकर अवैध रूप से वन प्राणियों के शिकार के उद्देश्य जाल फैलाया रहा है, जिसकी सूचना मिलने पर आकस्मिक स्थल निरीक्षण दौरान पांच आरोपियों को डांग स्कार्ट शहडोल एवं स्थानीय सूत्रों की मदद से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है, अवैध शिकार के प्रयास में पड़ोस के छत्तीसगढ़ राज्य के भी आरोपी सम्मिलित रहे हैं, इस क्षेत्र में तेंदुआ, भालू, जंगली सुअर के साथ कई वन्यप्राणी विचरण करते हैं, कुछ लोगों का कहना है कि पूर्व में भी आरोपियों द्वारा जीआई तार का जाल बिछा कर बिजली करंट के माध्यम से वन्यप्राणियों के शिकार की कोशिश की गई रही,आरोपियों में शुभ सिंह उर्फ लल्ला पिता राम सिंह 25 वर्ष,बुद्धसेन सिंह और भोलू पिता नवल सिंह गोंड 23 वर्ष दोनों निवासी डोंगरीटोला थाना बिजुरी,विजेंद्र सिंह पिता हरमंगल सिंह गोंड 45 वर्ष,महादेव सिंह उर्फ बिट्टू पिता बिरझू 21 वर्ष एवं संतोष सिंह पिता मोहरशाय सिंह 36 वर्ष सभी निवासी खोचापारा थाना पोंडी( छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर इनके पास से अवैध शिकार के प्रयास के लिए लगाए गए आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया जाकर आरोपियों के पास से जीआई तार,खूंटी,एवं कांच की शीशिया बरामद की गई है। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने पर उपवन मंडलाधिकारी अनूपपुर प्रीतेश राव परवाले के निर्देशन में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोतमा न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने पर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया।

समाचार 03 फ़ोटो 03

मंत्री व नेताओं के गढ़ में कीचड़ में हो रहा विकास, टूटी रही जनता की आस, कहां गए जनप्रतिनिधि?

अनूपपुर

जिले में बड़े बड़े नेताओं के बीच जनता का सवाल गूंज रहा है कि आखिर जैतहरी से महुदा चांदपुर धुरवासिन कोटमी परासी छोहरी जमुना कॉलरी से बदरा तक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली पर किसी का ध्यान क्यों नहीं गया। जिले में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल हों, पुष्पराजगढ़ के विधायक फंदेलाल सिंह हों, अनूपपुर विधायक पूर्व मंत्री बिसाहुलाल सिंह हों या शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, सभी इसी जिले में निवास करते हैं और सभी कांग्रेस बीजेपी के कद्दावर नेता हैं,लेकिन इसके बावजूद इस सड़क की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है।

स्थानीय लोग बताते हैं कि इस सड़क पर चाय तक की दुकान चलाने वालों का व्यापार इसी रास्ते की मार झेल रहा है। विकास की बयार बहने का नाम नहीं ले रही और आम लोगों की जिंदगी इस सड़क के गड्ढों और कीचड़ में फंसकर रह गई है। यह पीडब्लूडी की सड़क विधायक पूर्व मंत्री बिसाहुलाल सिंह के अपने गृह ग्राम परासी से होकर गुजरती है, लेकिन लगता है जैसे यह सड़क उनकी नजरों से ओझल हो गई हो।

लोगों का कहना है कि जिस सड़क को लेकर नेताओं ने कभी विकास का सपना दिखाया था, आज वहीं कीचड़ का विकास दिख रहा है। रोजाना कीचड़ भरे इस रास्ते पर लोगों का गिरना और दुर्घटनाओं का शिकार होना आम बात हो गई है। गहरे गड्ढे राहगीरों की जान के लिए खतरा बन गए हैं और स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी जिंदगी इसी कीचड़ में धंसती जा रही है।

जनता इन बड़े नेताओं से सवाल पूछ रही है कि आखिर उनका विकास कब इस सड़क तक पहुंचेगा। लोगों का कहना है कि यह सड़क आंसू बहा रही है और जनता की आवाज बुलंद हो रही है कि अब ज्यादा इंतजार नहीं हो पा रहा। सवाल यही है कि क्या इन बड़े नेताओं की नजर में इस सड़क की कोई अहमियत नहीं है या फिर जनता की परेशानी उनके लिए मायने नहीं रखती।

समाचार 04 फ़ोटो 04

उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम की अनुपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई, नही हो पा रहा है टीकाकरण

अनूपपुर 

जिले के धुरवासिन उप स्वास्थ्य केंद्र पर लंबे समय से एएनएम की तैनाती नहीं होने से इस महीने में टीकाकरण नहीं हुआ और ग्रामीणों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, केन्द्र के नजदीक होने के बावजूद ग्राम धुरवासिन, कोटमी, खर्राटोला, बैगनटोला और जिगवानी टोला के निवासियों को प्राथमिक इलाज और टीकाकरण जैसी जरूरी सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, यह अस्पताल तो केवल नाम का है, बुखार हो या छोटे बच्चे का टीकाकरण हो, लोगो करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी या फुनगा जाना पड़ता है, कई बार तो लोग झोलाछाप डॉक्टरों से ही इलाज करा लेते हैं।

सीएचओ अकेले संभाल रहीं पूरे उप स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी, उन्होंने इस समस्या से अवगत कराते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी, अनूपपुर को एक लिखित आवेदन दिया था, जिसमें धुरवासिन उप स्वास्थ्य केंद्र पर एक एएनएम की तत्काल तैनाती की मांग की गई थी, इसके बावजूद, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वह उप स्वास्थ्य केंद्र धुरवासिन पर एक एएनएम की तत्काल तैनाती सुनिश्चित करे साथ ही, केंद्र में दावा बिजली, पानी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराया जाए, ताकि नियुक्त कर्मचारी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा सके ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते अगर उनकी इस मूलभूत समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आपात स्थिति में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।

*इनका कहना है* 

दो तीन दिन में हम एएनएम पदस्थ करवाते है।

*आर के बर्मा सीएमएचओ अनूपपुर*

समाचार 05 फ़ोटो 05

नेशनल हाईवे- 43 में टायर फटने से पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, बड़ी दुर्घटना टली

अनूपपुर

नेशनल हाईवे - 43 शहडोल से कोतमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पसला के पहले कोतमा की ओर जा रहे डीजल एवं पेट्रोल से भरा टैंकर MP 04 GB 0227 के अचानक टायर फटने से पलट गया और टैंकर में भरा डीजल बड़ी मात्रा में सड़क पर गिरकर बहने लगा। राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे नागरिक ने जिसकी सूचना पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को दी।

थाना कोतवाली तथा थाना यातायात के पुलिस बल की तत्परता पूर्वक कार्यवाही से बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर तत्काल दो फायर ब्रिगेड एवं दो हायड्रा क्रेन मौके पर पहुंचाई गई, सावधानी पूर्वक डीजल - पेट्रोल के टैंकर को खड़ा किया जाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया एवं उक्त अवधि के लिए नेशनल हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया, जिससे किसी प्रकार की कोई जन एवं धन हानि नही हो पाई। टैंकर के चालक चन्द्रभान ठाकुर पिता रामसिहं ठाकुर उम्र 21 साल निवासी ग्राम हरदुआ पानी थाना तेन्दूखेड़ा जिला दमोह के द्वारा बताया गया कि वह टैंकर जबलपुर डिपो से लेकर कोतमा जा रहा था, जो ग्राम भोलगढ़ के पास नेशनल हाईवे पर अचानक दो टायर फटने से टैंकर पलट गया, जो ड्रायवर और क्लीनर ने टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर से तेजी से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर गिरने लगा जो अनूपपुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद दी जिससे कोई बड़ी दुर्घटना एवं आगजनी नहीं हो सकी।

समाचार 06 फ़ोटो 06

म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर  कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न

उमरिया

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया के मार्गदर्शन पर युवा टीम उमरिया द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बांधवगढ़ ताला परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञसेन त्रिपाठी बीआरसीसी मानपुर ,किरण गुप्ता बीएसी जेंडर मानपुर,टीम संयोजक हिमांशु तिवारी,सरला सिंह हॉस्टल अधीक्षिका, प्रमिला द्विवेदी हेडमास्टर ताला ने विद्या के देवी मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पटल पर तिलक,माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की।दोनों अतिथियों ने मध्यप्रदेश के इतिहास की जानकारी दी।मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाकर स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा रंगोली सजाई। खेलकूद की विधाओं का आयोजन हुआ।कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने समूह गायन, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।वक्ताओं ने बच्चों को बताया कि मध्यप्रदेश केवल भौगोलिक रूप से नहीं, बल्कि संस्कृति, कला, भाषा और परंपराओं की दृष्टि से भी देश का हृदय है।

बीआरसीसी मानपुर यज्ञसेन त्रिपाठी ने स्थापना दिवस से जुड़ी जानकारी साझा की। इसके बाद सभी ने मध्यप्रदेश गान में भाग लिया।छात्रावास में रह रही छात्राओं को शासन द्वारा सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही है, सभी मन लगाकर पढ़ाई करें एवं नगर का नाम रोशन करें। टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने कहा कि सभी छात्राएं आज संकल्प लें कि वे होनहार बने और अपने परिवार का नाम रोशन करें।छात्रावास ऐसे स्थल हैं जहाँ विद्यार्थी अनुशासन, सहयोग और आत्मनिर्भरता सीखते हैं। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन कर अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सतत प्रयासरत रहने का आग्रह किया।छात्रावास में विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार दिए। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

19 हाथियों के झुंड ने 20 एकड़ की फसल को किया नष्ट, गांव से 200 मीटर से दूर है हाथी

शहडोल

शहडोल के खनौधी वन परिक्षेत्र के मलमाथर गांव में जंगली हाथियों का झुंड पहुंच गया है और दो दिनों से यह झुंड किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है। हाथियों की दस्तक के बाद वन विभाग की कई टीमें इन पर निगरानी बनाए हुए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही यह हाथी जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में मौजूद थे और अब यह झुंड खनौधी वन परिक्षेत्र में आ पहुंचा है। हाथियों की मौजूदगी से लोगों में काफी डर का माहौल है। यह एक नया झुंड है जिसमें 19 हाथी शामिल हैं। ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में दूसरा झुंड मौजूद है।

मलमाथर गांव में दो रातों में हाथियों के झुंड ने 20 एकड़ से अधिक फसलों को नष्ट कर दिया है, जिससे किसान काफी परेशान हैं। मलमाथर निवासी किशन राधिका प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनके खेत में लगी धान की फसल को हाथियों ने खाकर चौपट कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की लगभग 6 एकड़ से अधिक फसल हाथियों ने बर्बाद कर दी है। इसी तरह गांव की करीब 20 एकड़ फसलों को हाथियों के झुंड ने दो रात में नुकसान पहुंचाया है।

शनिवार की रात झुंड से निकलकर दो हाथी दशरथ पनिका के घर पहुंच गए और उनके घर की बाड़ी में लगी केला की फसल को खा लिया। हाथियों को देखकर दशरथ अपने परिवार को लेकर दूसरे मोहल्ले में जाकर रात बिताने को मजबूर हो गए। वन विभाग ने भी आसपास मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वन विभाग के अनुसार, मलमाथर गांव की बस्ती से महज 200 मीटर की दूरी पर हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है और शाम होते ही खेतों में लगी फसलों को खाने आता है। इससे लोगों में भय का माहौल है। किसान राधिका प्रसाद शर्मा ने कहा कि गांव के लोग पूरी रात जागकर गुजारने को मजबूर हैं, क्योंकि डर रहता है कि हाथी बस्ती में न आ जाएं। उन्होंने कहा कि वन विभाग इन जंगली हाथियों को यहां से खदेड़कर जंगल की ओर ले जाए, ताकि ग्रामीण अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें।

समाचार 08 फ़ोटो 08

51 हजार दीपो की रोशनी से जगमगा उठा रामघाट, माँ नर्मदा की हुई महाआरती

अनूपपुर 

जिले में स्थित अमरकंटक के रामघाट पर दीपोत्सव पर्व का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस और देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर मां नर्मदा का तट 51 हजार दीपों से जगमगा उठा। इस दौरान प्रदेश के कुटीर और ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने मां नर्मदा की महाआरती की।

इस आयोजन में कलेक्टर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी सहित जनप्रतिनिधि और पुजारी भी शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां नर्मदा की महाआरती की।

कार्यक्रम में जबलपुर के मनीष अग्रवाल ने भक्ति गायन प्रस्तुत किया। इस दीपोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भाग लिया। राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने इस अवसर पर उपस्थित संतगणों, पुजारियों को संबोधित किया। उन्होंने दीपदान आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भव्य आयोजन अमरकंटक में लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजनों से अमरकंटक में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

यह दीपोत्सव श्रीरामचन्द्र पथ गमन न्यास, मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन अनूपपुर के सहयोग से आयोजित किया गया था। श्रद्धालुओं ने रामघाट को रंगोली, पुष्पमालाओं और रंगीन रोशनी से सजाकर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया था।

समाचार 09 फ़ोटो 09

जुआं खेलते 8 जुआड़ी गिरफ्तार, 8 हजार रुपए सहित 4 बाइक जप्त

अनूपपुर

जिले के बिजुरी थाना को रात में मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बैहाटोला में तिराहा के पास कुछ जुआडियान बिजली के स्ट्रीट लाईट की रोशनी मे जुआ का फड लगाकर ताश पत्तो के माध्यम से रुपयो पैसो का दांव लगाकर हार जीत का जुआ खेल रहे है सूचना की तस्दीक हेतु मुताबिक निर्देश बिजुरी पुलिस द्वारा जुआ फड में रेड कार्यवाही कर जुआड़ी बृम्हानन्द पिता हेमराम चतुर्वेदी उम्र 40 वर्ष निवासी गिरारी थाना पेन्ड्रा जिला जीपीएम, दीपक सेन पिता लेखराम सेन उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम बैहाटोला,  मनोज कुमार पिता गोविन्द प्रसाद कचेर उम्र 54 वर्ष निवासी धनपुरी जिला शहडोल, हरीश जायसवाल पिता लल्लू जायसवाल उम्र 58 वर्ष निवासी कटखोरा जिला कोरबा, विनोद कुशवाहा पिता जगदीश सिंह कुशवाहा उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम बैहाटोला, पन्नेलाल पिता फूल सिंह उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम बैहाटोला, ईश कुमार पिता रिसीराम कचेर उम्र 53 वर्ष निवासी ग्राम बैहाटोला, चेतलाल पिता अमूले पनिका उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम बैहाटोला थाना बिजुरी के जुआ फड में जुआ खेलते मिले आरोपीगणो के विरुद्ध अपराध धारा 13 जुआ एक्ट का कायम कर अनुंसंधान मे लिया गया ।  इस प्रकार जुआडियान के कब्जे से नगदी रकम 8 हजार रुपये एवं 4 नग मोटर सायकल बरामद हुए कुल मशरुका  208000 रुपये जप्त किया गया।

समाचार 10 फ़ोटो 10

बसो का किया निरीक्षण, हुई चलानी कार्यवाही 

शहडोल

परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार, शहडोल जिले के अंतर्गत ब्यौहारी क्षेत्र में जिला परिवहन अधिकारी अनपा खान ने  स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10,800  रुपए का कर तथा 20,000 रूपए का चालान बनाया गया। साथ ही दो स्लीपर बसों को जब्त किया गया। जिला परिवहन अधिकारी ने सभी वाहन स्वामियों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों के समस्त दस्तावेज़ पूर्ण रखें, जिनमें वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस आदि शामिल रहें। उन्होंने ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से सभी वाहनों में अग्निशमन यंत्र तथा फर्स्टएडबाक्स लगाए जाएं।

समाचार 11 फ़ोटो 11

रेत का अवैध परिवहन ट्रैक्टर जप्त, मामला दर्ज

शहडोल

जिले मे रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते गोहपारू पुलिस ने एक ट्रैक्टर को जप्त कर चालक मालिक पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्यवाही देवरी नंबर दो से की है। पुलिस ने बताया कि गोहपारू थाना क्षेत्र के देवरी नंबर दो से रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था, तभी पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली, पुलिस ने देवरी नंबर दो सड़क पर एक ट्रैक्टर को आता देखा, और  घेराबंदी कर ट्रैक्टर को जप्त कर लिया, चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, तब पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर चालक को भी पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि सुरेश एवं बाल्मिक यादव पर खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget