जनपद अध्यक्ष के खिलाफ़ 18 सदस्यों ने प्रस्तुत किया अविश्वास प्रस्ताव
उमरिया
जिले की मानपुर जनपद अध्यक्ष ममता सिंह के खिलाफ सदस्यों द्वारा बगावत का बिगुल फूंके जाने के बाद से यहां का राजनैतिक तापमान गरमाया हुआ है। जानकारी के मुताबिक एक अविश्वास प्रस्ताव कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी को सौंपा गया है। प्रस्ताव मे अध्यक्ष के खिलाफ तीन आरोप लगाये गये हैं। जिनमे उनके द्वारा सदस्यों की अनसुनी के कारण शासन की हितग्राहीमूलक योजना का लाभ जनता को नहीं मिलना, जनपद की मासिक बैठक नहीं करना तथा अपने पद का दुरूपयोग करते हुए विकास कार्यो मे लापरवाही बरतना शामिल है। इन बिंदुओं को आधार बनाते हुए कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की गई है।
कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव मे जनपद के 22 मे से 18 सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। जिसके बाद गेंद अब कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के पाले मे हैं, देखना होगा कि उनके द्वारा इस मामले मे कब और क्या कार्यवाही की जाती है। कानून के जानकारों का मानना है कि अविश्वास प्रस्ताव नियमानुसार होने पर सक्षम प्राधिकारी विहित प्राधिकारी की नियुक्ति करेंगे। जो सदस्यों को सात दिन की सूचना देकर बैठक बुलायेंगे। जिसमे वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न कराई जायेगी। इस दौरान प्रस्ताव दो तिहाई बहुमत से पारित होने पर अध्यक्ष को अपना पद छोडऩा पड़ेगा।
उधर जनपद अध्यक्ष ममता सिंह ने अपने ऊपर लगाये गये सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होने कहा कि यह एक साजिश है, जो क्षेत्र के कुछ दबंगों द्वारा अपने निजी स्वार्थ के लिये रची गई है। ये लोग भोले-भाले सदस्यों को डरा-धमका कर जबरन कार्यवाही का प्रयास कर रहे हैं। श्रीमती सिंह ने कहा कि वे सभी सदस्यों का सम्मान करती हैं। उनसे निरंतर मुलाकात होती है। विगत तीन वर्षो मे सभी पदाधिकारियों ने मिल कर संपूर्ण जनपद का विकास किया है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि जनपद सदस्य किसी के बहकावे मे नहीं आकर जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।