समाचार 01 फोटो 01
पुलिस पर प्राणघातक हमला कर सर्विस पिस्टल लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व 10 राउंड कारतूस बरामद*
अनूपपुर
जिले में 21 अप्रैल 2026 को चौकी सरई क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई कि तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से बकरी चोरी कर फरार हो रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मंगल दुबे अपने हमराह प्रधान आरक्षक राम प्रसाद मरावी के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर निर्धारित स्थान पर घेराबंदी हेतु रवाना हुए।
घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर अपने साथ लाई गई चोरी की बकरी को मोटरसाइकिल से फेंक दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, तभी एक आरोपी ने धारदार कुल्हाड़ी से पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने पत्थरों से हमला किया। इस हमले में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मंगल दुबे के सिर पर गंभीर चोट आई तथा प्रधान आरक्षक राम प्रसाद मरावी भी घायल हुए। इसी दौरान आरोपियों ने चौकी प्रभारी की सर्विस पिस्टल लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। गठित विशेष टीम के द्वारा अनुसंधान को वैज्ञानिक पद्धति, मुखबिर सूचना एवं सतत खोजबीन के आधार पर दिनांक 25 अप्रैल 2026 को किरर के जंगल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पुलिस की सर्विस पिस्टल एवं 10 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए है जिसमे त्वॉय खान, पिता चिराग खान, उम्र 29 वर्ष, एक नाबालिक, हसन खान पिता प्यार खान, उम्र 24 वर्ष तीनों निवासी ग्राम भदनपुर, थाना बदेरा, जिला मैहर के हैं। आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं विवेचना जारी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
सोते हुए चौकीदार को रेत से भरे ट्रक ने कुचला, घटनास्थल में हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले में सोहागपुर थाना क्षेत्र में रेत लोड ट्रक वाहन ने चौकीदार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बैजनाथ सिंह के प्लॉट में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां 40 वर्षीय अशोक कुमार कहार (बर्मन) चौकीदारी के साथ-साथ राज मिस्त्री का काम भी करता था। बीती रात अशोक प्लॉट में ही सो रहा था। इसी दौरान देर रात रेत डंप करने के लिए एक छोटा ट्रक वहां पहुंचा। चालक ने सोते हुए चौकीदार को नहीं देखा और सीधे उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
हादसा इतना भयावह था कि अशोक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी लगी, तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन चालक कौन था और घटना के पीछे लापरवाही या अवैध रेत परिवहन की क्या भूमिका रही।
गौरतलब है कि जिले में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे न सिर्फ अवैध उत्खनन कर रहे हैं, बल्कि अधिकारियों को भी धमकाने से बाज नहीं आ रहे। ऐसे में यह घटना प्रशासन के लिए भी एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक रेत माफिया का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बारात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार भिड़े बाइक व ट्रक से भिड़े, 2 की हुई मौत, 7 घायल अस्पताल में भर्ती,
उमरिया
जिले के बाबल कुंड ओर नया गांव के बीच सुबह बारात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार लोग बाईकों की जोरदार भिंडत होने के कारण घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल इलाज के लिए लाया गया घायलों में संध्या पिता सुरेंद्र बाडकरे उम्र 9 वर्ष, सुरेंद्र बडकरे पिता संपत 28 वर्ष, मदनलाल पिता तानिया बडकरे 55 वर्ष, दुर्घटना में घायल होकर गंभीर हालत में इलाजरत है, जबकि दूसरी बाइक सवार में चार लोग बैठे थे, तेजभान पिता राकेश 17 वर्ष गोपालपुर निवासी, संजीव पिता सुजीत पिता 23 वर्ष, नयागांव बाजा कुंड के पास दुर्घटना में घायल हुए दो अन्य रंजित सिंह पिता कमलभान सिंह 20 वर्ष, सुजीत कुमार फूलचंद बेगा उम्र 23 वर्ष, निवासी गिलोथर घायलों में शामिल हैं। मदन लाल ने बताया कि नशे में धुत्त बाइक सवार आकर टकराए सभी की हालत गंभीर बनी हुई है, वह अपनी साइड से घर गांव जा रहे थे, मामले के संबंध में अस्पताल चौकी प्रभारी ने जानकारी में बताया कि मामला कायम कर पुलिस के द्वारा जांच की जा रही है।
*सड़क हादसे में दो की मौत, दो की हालत गंभीर*
जिले में शुक्रवार की देर रात अमहा के करीब खेरमाई मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में जिन चार युवक सड़क हादसे का शिकार हुए थे, इनमें दो युवकों को देर रात चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। ये दोनों युवक चचेरे भाई बताये जा रहे है। इस हादसे में नोरोज़ाबाद थाना अंतर्गत सनन पिता सुखराम बैगा निवासी बरही उम्र 18 वर्ष, अभिषेक पिता बाबूलाल बैगा निवासी बरही उम्र 20 वर्ष की मौत हो गई है, हादसे में घायल दो अन्य युवक शिवम पिता दादू राम बैगा उम्र 10 वर्ष, छोटू पिता आशा राम बैगा उम्र 25 वर्ष निवासी कंचनपुर गम्भीर रूप से घायल है, जिन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार कर शहडोल रेफर किया है, जहाँ फिलहाल दोनों युवक इलाजरत है। इन दोनों युवकों में शिवम की हालत ज्यादा नाज़ुक बताई जा रही है। सूत्रों की माने तो ये सभी युवक वैवाहिक कार्यक्रम में ग्राम किरनताल जा रहे थे, इसी बीच खेरमाता मंदिर के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हुए है। हाइवे पर ब्रेकडाउन ट्रक खड़ा था, बाइक में सवार ये युवक उसी ब्रेकडाउन ट्रक में अनियंत्रित होकर भिड़कर चारों युवक लहूलुहान हो गए है। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाया गया,बजिसके बाद चारों युवकों को जिला अस्पताल लाया गया था, जहाँ प्राथमिक उपचार कर तत्काल शहडोल रेफेर किया गया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कलेक्टर रेट से कम मजदूरी का बड़ा खुलासा, प्रशासन की चुप्पी से उठ रहे सवाल, ठेका भी कम रेट पर स्वीकृत
अनूपपुर
नगर परिषद बरगवा से जुड़े निर्माण और सफाई कार्यों में कलेक्टर रेट से कम मजदूरी दिए जाने की शिकायतों के बाद अब एक और बड़ा खुलासा हुआ है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि न केवल उन्हें कम भुगतान किया जा रहा है, बल्कि जिस ठेके के तहत ये काम चल रहे हैं, वह भी कलेक्टर रेट से कम दर पर ही स्वीकृत किया गया है, जिससे मजदूरों को पूरा हक़ मिलना पहले से ही असंभव हो गया है।सबसे गंभीर बात यह है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे मजदूरों में भारी रोष और अविश्वास पैदा हो गया है।मजदूरों ने लगाया बड़ा आरोप—“कम रेट पर ठेका देकर पहले ही मजदूरी काट ली गई”मजदूरों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा जो ठेके स्वीकृत किए गए हैं, उनमें कलेक्टर रेट के अनुरूप बजट ही तय नहीं किया गया है। इससे ठेकेदार कम राशि में काम लेने के लिए मजबूर हैं और उसी की भरपाई मजदूरों की मजदूरी काटकर कर रहे हैं।
एक मजदूर ने बताया की ठेका ही कम रेट पर दे दिया है, तो ठेकेदार हमें पूरा क्यों देगा? प्रशासन ने पहले ही कम रेट में काम देकर हमारा हक़ काट दिया।”मजदूरों के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की गई है, जिसमें बजट कम रखा गया और बाद में मजदूरों को कम मजदूरी दे दी गई
एक नागरिक ने कहा जब ठेका ही गलत रेट में पास है तो मजदूरों का हक़ कौन दिलाएगा? प्रशासन जान-बूझकर अनदेखी कर रहा है। कानून कहता है कलेक्टर रेट से कम भुगतान बिल्कुल गैर-कानूनी व अपराध है। ऐसा आदेश पास करना या लागू करना दोनों गैर-कानूनी हैं दोषियों पर सजा और जुर्माना अनिवार्य है। लेकिन बरगवा में कानून का पालन न होना, जिला स्तर पर निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मजदूरी भुगतान की गड़बड़ी का मूल कारण यही है कि नगर परिषद ने ठेका स्वीकृत करते समय कलेक्टर रेट को ही नजरअंदाज कर दिया। जब ठेके का बजट ही कम है, तो मजदूरों को पूरा भुगतान कैसे मिलेगा?”ये गंभीर आरोप नगर परिषद की प्रक्रियाओं और पारदर्शिता को लेकर गंभीर संदेह खड़ा करते हैं। मजदूरों की मांग ठेके की पूरी जांच हो, भुगतान कलेक्टर रेट पर मिले। ठेके की फीस और रेट की जांच की जाए ठेका कैसे और किस दर पर स्वीकृत हुआ, इसकी कॉपी सार्वजनिक की जाए मजदूरों को बकाया राशि तुरंत दी जाए। दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज हो।
समाचार 05 फ़ोटो 05
चार भागों में बट कर विचरण कर रहे पांच हाथी, घर व फसल को पहुँचा रहे हैं नुकसान, ग्रामीणों परेशान
अनूपपुर
जिले में विचरण कर रहे पांच हाथी चार अलग-अलग भागों में बट कर विचरण करने से हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है वही खाने के तलाश में हाथियों द्वारा ग्रामीणों के घरों में अचानक पहुंचकर तोड़फोड़ कर संपत्ति का नुकसान पहुंचाते हुए खेत एवं बांडियो में लगे तथा रखें विभिन्न तरह के फसलों को खा कर हंगामा मचा रहे हैं ग्रामीणों द्वारा अपने इलाके से हाथियों को भगाए जाने की कोशिश में हाथी भी ग्रामीणो पर आक्रमण करने की कोशिश करते हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से तीन,एक एवं एक की संख्या में पांच हाथियों का दल अनूपपुर जिले के अनूपपुर एवं जैतहरी इलाके में निरंतर विचरण कर रहे हैं जो दिन के समय जंगल में बताने बाद शाम एवं रात होते ही खाने की तलाश में जंगल से लगे ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहे हैं एक दांत वाला नर हाथी जिला मुख्यालय अनूपपुर से 7 किलोमीटर दूरी स्थित ग्राम पंचायत खांड़ा के खांड़ा बांध के ऊपर स्थित जंगल में निरंतर 16 दिनों से ठहरा हुआ है जो रात होते ही पहाड़ से उतरकर खांडा बांध में नहाने एवं पानी पीने बाद जंगल में 2 कच्चे मकान को निरंतर 6 दिनों तक अचानक पहुंचकर तोड़फोड़ कर पूरे घर को तहस नहस कर दिया है। एक अकेला दंतैल हाथी जो एक सप्ताह पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा को पर कर जैतहरी थाना एवं वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत कुकुरगोंड़ा,पड़रिया एवं क्योटार के मध्य स्थित जंगल में अपने तीन अन्य हाथी साथियों के साथ दिन में ठहरा हुआ है । चारों हाथी एक-एक एवं दो की संख्या में अलग-अलग होकर विचरण करते हुए एक हाथी कुकुरगोंड़ा पंचायत के सरईहा टोला में एक घर में तोड़फोड़ कर,एक दांत वाला एक हाथी जंगल से निकल कर ग्राम पंचायत क्योटार के कुसुमहाई गांव से लगे पाड़ाडोंल में घरो व फसलो को नुकसान पहुँचा रहे हैं। शनिवार की सुबह फिर से कुकुरगोंड़ा पंचायत से लगे जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहा है। वही दो हाथी रात भर जंगल से बाहर नही निकले जो शनिवार की सुबह कुकुरगोंड़ा,वन बीट धनगवां के जंगल में सोननदी एवं संतोकनाला के मध्य जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति अवैध होर्डिंग्स का जाल, नगर की व्यवस्था व यातायात प्रभावित
अनूपपुर/कोतमा
कोतमा नगर में अवैध होर्डिंग्स और फ्लेक्स का अनियंत्रित विस्तार लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मुख्य सड़कों, अंडरब्रिज क्षेत्र, बस स्टैंड मार्ग तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर विज्ञापन सामग्री लगाई जा रही है, जिससे शहर की सामान्य व्यवस्था और यातायात संचालन पर स्पष्ट असर देखा जा रहा है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली के खंभों, सड़क किनारे डिवाइडरों, दीवारों और सार्वजनिक स्थलों को भी विज्ञापन लगाने का माध्यम बना लिया गया है। इसके चलते सड़क की दृश्यता कई जगहों पर प्रभावित हो रही है और वाहन चालकों को आवागमन के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ता है। व्यस्त चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यह स्थिति अधिक स्पष्ट रूप से देखी जा रही है, जहाँ पैदल और वाहन दोनों प्रकार के यातायात पर असर पड़ता है।
नगर क्षेत्र में होर्डिंग्स लगाने के लिए न तो स्पष्ट रूप से तय किए गए स्थानों की व्यवस्था दिखाई देती है और न ही अनुमति तथा शुल्क व्यवस्था का नियमित और प्रभावी पालन हो पा रहा है। इसी व्यवस्था की कमी का लाभ उठाकर निजी शिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य इकाइयाँ बिना अनुमति शहर के अलग-अलग हिस्सों में होर्डिंग और फ्लेक्स लगा रही हैं।
कई प्रमुख मार्गों पर लगे बड़े और छोटे फ्लेक्स सड़क की दृश्यता को प्रभावित करते हैं, जिससे यातायात के दौरान ध्यान भटकने और अचानक बाधा जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। अंडरब्रिज, मुख्य बाजार क्षेत्र और बस स्टैंड रोड जैसे व्यस्त हिस्सों में यह समस्या अधिक गंभीर रूप में दिखाई देती है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
नाबालिग बच्चों से करवाई जा रही है मजदूरी, नियमो की उड़ा रहे हैं धज्जियाँ,श्रम विभाग कटघरे में
उमरिया
जिला मुख्यालय में बाल श्रम का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन और श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में छोटे बच्चों को भारी सामान ट्रक में लोड करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पाली रोड स्थित मंसूरी ट्रेडर्स, अब्दुल कबाड़ी का है।
वीडियो के सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है। लोग इसे न सिर्फ अमानवीय बता रहे हैं, बल्कि कानून का खुला उल्लंघन भी मान रहे हैं। भारत में बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से इस तरह का काम करवाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद खुलेआम बच्चों से मजदूरी करवाई जा रही है, जो जिम्मेदार विभागों की लापरवाही को उजागर करता है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात लेबर इंस्पेक्टर यश दत्त त्रिपाठी का बयान है। जब उनसे इस वायरल वीडियो को लेकर बात की गई, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका यह जवाब अब सवालों के घेरे में है। जब मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, तो जिम्मेदार अधिकारी अनजान कैसे रह सकते हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब शहर में बाल श्रम के मामले सामने आए हों। पहले भी ऐसे आरोप लगते रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर ठोस कदम कम ही देखने को मिले हैं। अब यह वीडियो एक बार फिर पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। चाइल्डलाइन, पुलिस और श्रम विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
विभिन्न विभागों की योजनाओं में स्थानीय संभावनाओं को समाहित करते हुए कार्य योजना बनाकर करें कार्य- आयुक्त
शहडोल
कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में शहडोल संभाग के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विभागीय कार्यों की प्रगति की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री सूक्ष्म लघु खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, कृषि अवसंरचना निधि, नगरीय कल्याण एवं आवास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सुशासन, ग्रामीण विकास विभाग, श्रम विभाग, जल जीवन मिशन, जनजातीय कार्य विभाग, पेशन योजना, पीएमश्री एवं सांदीपनी विद्यालय, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु क्षीर धारा योजना सहित पीएम सौर्य घर योजना तथा कुसुम बी सोलर पंप योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
कमिश्नर ने किसान कल्याण वर्ष में कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु जिलों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले वार प्राकृतिक खेती हेतु चयनित क्लस्टरों, कृषि सखियों एवं किसानों के चयन की जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर ने कहा कि बीआरसी केन्द्रों को गौशालाओं से मैपिंग की जाए। जिन स्थानों में बीआरसी केन्द्रों के पास गौशाला नहीं हैं वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शासन से प्राप्त बजट का समय पर उपयोग कर भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य प्राप्त किए जाएं।
कमिश्नर ने शहडोल संभाग के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि संभाग में किए जा रहे विकास कार्यों की सतत रूप से मॉनिटरिंग करें कार्यों में प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहडोल संभाग के प्रगतिरत कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। कमिश्नर ने कहा कि विभागों द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान कार्य पूर्ण होने पर कराए और किसी अन्य कारणों से लंबित न रहे अधिकारी यह सुनिश्चित करें।