तालाब में डूबा मासूम, डूबने से हुई मौत, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर निकाला शव
तालाब में डूबा मासूम, डूबने से हुई मौत, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर निकाला शव
शहडोल
जिले के हरदी गांव में तालाब में डूबने से दूसरी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। सुबह एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर शव को बाहर निकाला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरदी गांव निवासी सात वर्षीय छात्र सीता राम उर्फ कपिल बैगा पिता मेला राम बैगा सोमवार दोपहर अपने घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अपने दो साथियों के साथ घर के पास स्थित बेलहा तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और गांव में जाकर लोगों को इसकी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सोमवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और अंधेरा होने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मंगलवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
एसडीआरएफ के सात सदस्यीय दल ने काफी मशक्कत के बाद बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी, रेस्क्यू दल के सहयोग से शव पानी से बाहर निकाल लिया गया है ।
रेस्क्यू टीम में कोमल सिंह (पीसी), सैनिक मुकेश, चौथमल दांगी, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, शारदा पटेल और धर्मेंद्र वैष्णव शामिल रहे, जिन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


