पूर्व पार्षद के भय से लापता मूक-बधिर युवक, परिजनों का आरोप, दो माह बाद भी पुलिस की कार्रवाई शून्य

*पुलिस अप्रिय घटना का कर रही है इंतजार*


अनूपपुर

नगर के वार्ड क्रमांक-6 निवासी 38 वर्षीय मूक-बधिर युवक दशरथ पाटस्कर पिछले लगभग दो महीनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजनों का आरोप है कि मामले में पूर्व पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ता से पुलिस सख्ती से पूछताछ नहीं कर रही, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार दशरथ पाटस्कर पिछले करीब 25 वर्षों से बस स्टैंड स्थित एक होटल में कार्यरत था, जो पूर्व पार्षद अजय तोमर से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि 9 फरवरी को होटल में मारपीट और अभद्रता की घटना के बाद दशरथ अचानक वहां से चला गया और उसी रात घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार ने थाना कोतमा में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

दशरथ के भाई अरुण पाटस्कर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका भाई मूक-बधिर होने के कारण अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर पाता था और लंबे समय से प्रताड़ना सह रहा था। उन्होंने बताया कि बेटे के वियोग में उनकी वृद्ध मां की मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है और परिवार गहरे सदमे में है।

परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई और जिस व्यक्ति के यहां दशरथ काम करता था, उससे कड़ाई से पूछताछ तक नहीं की जा रही। अरुण पाटस्कर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “क्या पुलिस किसी बड़ी अप्रिय घटना या मेरे भाई की लाश मिलने का इंतजार कर रही है? आखिर प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई से परहेज क्यों?”

मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते गंभीरता से जांच होती तो शायद अब तक लापता युवक का पता चल सकता था। क्षेत्रवासियों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस अधीक्षक अनूपपुर से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे और आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

इनका कहना है

पुलिस कार्यवाही पर लगी हुई है जैसे ही पता चलेगा परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

*रत्नाकर शुक्ल, थाना प्रभारी कोतमा*

तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने मासूम बालिका को मारी टक्कर, अस्पताल पहुँचने से पहले हुई मौत


शहडोल 

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट ऑफिस के पास रहने वाली चार वर्षीय सनाया खान पिता महबूब खान अपने घर से निकलकर सड़क पार कर दूसरी ओर स्थित अपने दादा के घर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात बाइक ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद बाइक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसा होते देख आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी जैतपुर जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि सनाया खान अपने घर से सड़क पार कर रही थी तभी अज्ञात तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। परिजन उसे इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनके आधार पर अज्ञात बाइक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे तक वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। 

अवैध रेत उत्तखनन एवं परिवहन पर 2 ट्रैक्टर जप्त, दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


अनूपपुर

जिले थाना भालूमाड़ा की पुलिस टीम द्वारा अवैध रेत उत्खनन कर ट्रेक्टर ट्राली में लोड कर परिवहन करने वालों पर कार्यवाही करते हुए 26 मार्च 2026 के रात्रि में छिडमिडी भाद रोड में नाकाबंदी कर दो नीले रंग के सोनालिका ट्रेक्टर जिसमे एक बिना नम्बर का ट्रेक्टर को रोक चेक किया गया, जिसके ट्राली में 03 घन मीटर अवैध रेत लोड था, ट्रेक्टर चालक रामपाल चन्द्रा पिता रामशरण चन्द्रा उम्र 26 वर्ष निवासी लोहारी थाना मरवाही जिला जी.पी.एम. (छ.ग.) द्वारा बिना टीपी के रेता (खनिज) शिव घाट सोन नदी बरौर से ग्राम भाद ले जाना बताया। आरोपी ट्रेक्टर चालक रामपाल चन्द्रा द्वारा अवैध रुप से ट्रेक्टर के ट्राली में 03 घन मीटर रेत (खनिज) कीमती 6000 रुपये लोड कर परिवहन करते पाये जाने पर उक्त आरोपी ट्रेक्टर चालक के कब्जे से ट्रेक्टर मय ट्राली जप्त कर थाना लाकर सुरक्षार्थ खडा कराया गया, आरोपी चालक रामपाल चन्द्रा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 303(2), 317(5) बीएनएस 4/21 खान खनिज अधिनियम का कायम कर विवेचना में लिया गया, वही दूसरा ट्रेक्टर क्रमांक CG 31 B 7537  नीले रंग का सोनालिका ट्रेक्टर को रोक कर चेक किया गया तो ट्रेक्टर ट्राली में 03 घन मीटर कीमती 6000 रुपये का खनिज रेता लोड था तथा चालक भुवनेश्वर सिंह पाव पिता कलम सिह पाव उम्र 26 वर्ष निवासी लोहारी थाना मरवाही जिला जीपीएम (छ.ग.) का बिना टीपी के शासन का चोरी का रेता परिवहन करते पाया गया उक्त आरोपी से ट्रेक्टर ट्राली एवं चोरी का रेता जप्त कर आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 96/2026 धारा 303(2), 317(5) बीएनएस 4/21 खान खनिज अधिनियम का कायम कर विवेचना में लिया गया तथा वाहन मालिक के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।

*दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार*


अनूपपुर के कोतवाली थाना अंतर्गत 16 जनवरी 2026 को 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक घर से बिना बताये चले जाने एवं ना मिलने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 44/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा उक्त नाबालिग बालिका की लगातार प्रयास कर पतासाजी की गई। उक्त नाबालिग बालिका को जबलपुर में थाना हनुमानताल अंतर्गत टेढी नीम इलाके में एक किराये के कमरे में आरोपी शिवम राठौर पिता सुन्दरलाल राठौर उम्र 19 साल निवासी वार्ड न. 01 सामतपुर अनूपपुर के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनो को सुपुर्द किया गया है। आरोपी शिवम राठौर को उक्त आदिवासी नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर साथ में भगा ले जाने एवं दुष्कर्म किये जाने के आरोप में धारा 137(2), 65(1) बी.एन.एस. 5एल, 6 पाक्सो एक्ट 3(2) (V) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार किया गया है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget