समाचार 01 फ़ोटो 01
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष को जारी किया कारण बताओ नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब
अनूपपुर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनूपपुर मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी से जुड़ा एक वायरल ऑडियो इन दिनों जिले से लेकर प्रदेश भर के मीडिया ,सोशल मीडिया के साथ आमजन मानस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
पक्ष, विपक्ष में बैठे लोग भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं सत्ता, संगठन के जिम्मेदारों की कार्यशैली पर विभिन्न तरह के आरोप, प्रत्यारोप ,व कयास लगाते हुए देखे जा रहे।
इतना ही नहीं मंडल अध्यक्ष के इस घिनौने कृत्य से जहां एक ओर गंगाजल जैसे शुद्ध पार्टी के ऊपर कालिख लग रही वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रति आमजन मानसिक विश्वास उठता हुआ दिखाई दे रहा के मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में एक महिला के ट्रांसफर के नाम पर ₹40,000 की राशि लेने और इसके बावजूद कार्य न कराने के साथ मप्र के भाजपा सरकार के मंत्री अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार को अमर्यादित भाषा का उपयोग करते हुए कलेक्टर अनूपपुर को भी अमर्यादित ट्रीट किए जाने के आरोप सामने आए हैं। साथ ही ऑडियो में सत्ताधारी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रभारी मंत्री और कलेक्टर के संदर्भ में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल जनहित में तरह तरह के सवाल खड़े कर रहे को मद्देनजर रखते हुए
मामले को संज्ञान में लेकर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने 21 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी कर मंडल अध्यक्ष से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में वायरल ऑडियो की सत्यता और आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा संगठन ने इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है और स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और संगठन आगे क्या रुख अपनाता है। यह मामला क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
IPTA इकाई द्वारा महिला समिति की अगुवाई में तीन दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य समारोह का होगा आयोजन
*असमंजस बाबू, बहत्तर मील, नाटक का होगा मंचन*
अनूपपुर
जिले में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जन नाट्य संघ (IPTA) इकाई अनूपपुर द्वारा तीन दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 3, 4 और 5 अप्रैल 2026 को अमरकंटक रोड स्थित बेथेल मिशन हायर सेकेंड्री स्कूल में संपन्न होगा।
समारोह की सबसे खास बात यह है कि इस बार आयोजन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं की आयोजन समिति ने संभाली है, जो न केवल अनूपपुर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।
समारोह के पहले दिन 3 अप्रैल को अशोकनगर की जनसंगीत की प्रस्तुति के साथ इलाहाबाद से आए कलाकारों द्वारा ‘असमंजस बाबू’ नाटक का मंचन किया जाएगा। दूसरे दिन 4 अप्रैल को प्रसिद्ध फिल्म एवं रंगमंच अभिनेता राजेंद्र गुप्ता की विशेष प्रस्तुति होगी, जिसमें वे चर्चित कवि धूमिल की कविता-पटकथा पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे। तीसरे दिन 5 अप्रैल को जबलपुर से आए ‘विवेचना’ समूह द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित नाटक ‘बहत्तर मील’ का मंचन किया जाएगा।
इस आयोजन समिति की अध्यक्ष पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पल्लविका पटेल हैं, जबकि महासचिव के रूप में लक्ष्मी खेडिया जिम्मेदारी निभा रही हैं। कोषाध्यक्ष के रूप में डॉ. श्रद्धा सोनी अपनी भूमिका अदा कर रही हैं।
इसके अलावा महिला समिति में अनु शर्मा, बिंदू सिंह, तृप्ति ठाकुर, पूनम रात्रे, डॉक्टर करुणा सोनी, निरुपमा पटेल सहित शहर की अनेक महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई है। सभी महिलाएं मिलकर इस आयोजन को सफल और प्रभावी बनाने में जुटी हुई हैं।
इस नाट्य समारोह का मुख्य उद्देश्य कला और संस्कृति को संरक्षित करना तथा समाज को रंगमंच से जोड़ना है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिलती है। यह आयोजन न केवल अनूपपुर के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सांस्कृतिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
समाचार 03 फ़ोटो 03
नपा पर गंभीर आरोप 181 शिकायत बिना निराकरण के बंद, 10 मीटर नाली के लिए 15 लाख का एस्टीमेट
*पीड़ित ने उठाई जांच की मांग*
अनूपपुर
जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद एक बार फिर कार्यप्रणाली को लेकर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 9 के भूमि स्वामीके पुत्र भगवान दास मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन (खसरा नंबर 835) में नगर का निस्तारण पानी वर्षों से डाला जा रहा है, जिससे उनकी भूमि तालाब में तब्दील हो गई है।
पीड़ित के अनुसार, इस समस्या को लेकर उन्होंने कई वर्षों से मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन हर बार सीएमओ द्वारा नाली निर्माण का आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। मजबूर होकर उन्होंने 12 फरवरी 2026 को सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायत क्रमांक 36 7200 14 दर्ज कराई।
मिश्रा का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी कोई स्थलीय कार्यवाही नहीं की गई। उल्टा नगर पालिका के इंजीनियर पांडेय द्वारा फोन कर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और नाली निर्माण का भरोसा दिया गया।
जब शिकायतकर्ता ने कहा कि मात्र 10 मीटर पक्की नाली बना देने से समस्या का समाधान हो जाएगा, तब भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। आरोप है कि बाद में शिकायत को जबरन बंद कर दिया गया और यह कहा गया कि 20 तारीख तक ग्रेडिंग है, उसके बाद दोबारा शिकायत कर देना।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब सीएम हेल्पलाइन से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि नगर पालिका द्वारा इस कार्य के लिए 15 लाख रुपये से अधिक का एस्टीमेट दर्शाया गया है, जिसे परिषद की बैठक में स्वीकृति के बाद ही कार्य होगा।
जबकि शिकायतकर्ता का कहना है कि 10 मीटर नाली निर्माण का खर्च अधिकतम 40 से 50 हजार रुपये ही हो सकता है। ऐसे में लाखों का एस्टीमेट दिखाना गंभीर अनियमितता और योजना के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।
इस पूरे घटनाक्रम ने मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी सीएम हेल्पलाइन 181 योजना की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना समाधान के शिकायत बंद करना और आंकड़ों में हेरफेर कर मामले को दबाने की कोशिश करना, आम जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने वाला है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
समाचार 04 फोटो 04
पवित्र नगरी का मौसम सुहाना, पर्यटकों को कर रहा आकर्षित, मधुर छांव में नहाई अमरकंटक नगरी
अनूपपुर
मां नर्मदा जी के उद्गम स्थल, पवित्र नगरी अमरकंटक इन दिनों अपने अद्भुत, मनोहारी और शीतल मौसम के कारण मानो प्रकृति के एक जीवंत चित्र के रूप में खिल उठी है। यहां का सुरम्य वातावरण, हरितिमा से आच्छादित पर्वत शृंखलाएं और मंद-मंद बहती ठंडी हवाएं पर्यटकों, तीर्थयात्रियों एवं श्रद्धालुओं को अपनी ओर सम्मोहित कर रही हैं।
अमरकंटक की फिजां में इन दिनों एक विशेष प्रकार की ताजगी और आध्यात्मिक शांति का समावेश महसूस किया जा रहा है। आकाश में सूर्य और बादलों के बीच चल रही लुका-छिपी जैसे किसी चित्रकार की कल्पना को साकार कर रही हो। धूप की कोमल किरणें जब बादलों के आवरण से छनकर धरती पर उतरती हैं, तो वातावरण में एक अलौकिक आभा का संचार हो उठता है।
जहां प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचकर लोगों को तपिश का एहसास करा रहा है, वहीं मैकल पर्वत की गोद में बसी अमरकंटक नगरी में अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। यह तापमान का संतुलन यहां के वातावरण को और अधिक सुखद, समशीतोष्ण एवं आनंददायक बना रहा है।
साल वृक्षों से आच्छादित वनांचल से गुजरती शीतल हवाएं न केवल वातावरण को ठंडा कर रही हैं, बल्कि मन-मस्तिष्क को भी एक अनोखी शांति प्रदान कर रही हैं। यहां की वायु गुणवत्ता सूचकांक 39 दर्ज की गई है, जो इस क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक शुद्धता का सजीव प्रमाण है।
हाल ही में हुई हल्की वर्षा और तेज हवाओं ने अमरकंटक की वादियों को और अधिक निखार दिया है। वर्षा की बूंदों से धुली प्रकृति और भी अधिक हरित, ताजगीपूर्ण और आकर्षक प्रतीत हो रही है। यही कारण है कि यहां आने वाले पर्यटक अपनी अपेक्षाओं से कहीं अधिक सुखद अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। बाहर से आए श्रद्धालु और पर्यटक इस मनमोहक वातावरण की सराहना करते नहीं थक रहे।
समाचार 05 फ़ोटो 05
विधायक मनीषा सिंह के प्रयासों से "मिनी ब्राजील" में बनेगा फुटबॉल स्टेडियम
शहडोल
विधायक विधानसभा क्षेत्र जयसिंहनगर मनीषा सिंह के प्रयासों से मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं कल्याण युवा विभाग के द्वारा मिनी ब्राजील में फुटबॉल स्टेडियम हेतु राशि स्वीकृत की गई है। विधायक ने बताया कि "मिनी ब्राजील" के नाम से पहचान बना चुका शहडोल जिले का ग्राम विचारपुर में फुटबाल खिलाड़ियो को बेहतर खेल सुविधाओ के लिए मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा खेल मैदान निर्माण हेतु 5.10 करोड़ रूपये की स्वीकृत प्रदान की गई है। इस राशि से फुटबाल मैदान, बाउण्ड्रीबॉल, चेंजिग रूम, आफिशियल रूम, पवेलियन निर्माण जैसे अन्य कार्यों का विस्तार किया जाएगा।
इससे क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक मनीषा सिंह ने बताया है कि सहकारिता एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा पत्र जारी कर कहा गया है कि जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विचारपुर जिला शहडोल में फुटबाल ग्रॉउण्ड का निर्माण किए जाने हेतु पत्र लिखा गया था। उक्त पत्र के संबंध में ग्राम विचारपुर जिला शहडोल में खेलो इण्डिया स्मॉल सेंटर हेतु फुटबाल ग्राउण्ड, बाउण्ड्रीवाल, चेंजिंग रूम, ऑफिशियल्स रूम एवं पवेलियन निर्माण कार्य हेतु राशि रू. 5.10 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ग्राम विचारपुर के खिलाड़ियों के जुनून, हुनर और फुटबॉल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसे “मिनी ब्राजील” का दर्जा दिया है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मध्यप्रदेश राज्य पंचायत परिषद की नवीन प्रदेश कार्यकारिणी घोषित
शहडोल
मध्यप्रदेश राज्य पंचायत परिषद (भोपाल) संबद्ध अखिल भारतीय पंचायत परिषद, दिल्ली द्वारा प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी समिति का गठन कर दिया गया है। इस गठन में प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से अनुभवी एवं सक्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पद पर अशोक सिंह सेंगर (जिला उमरिया) को नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने और पंचायत स्तर तक जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री पद पर जितेंद्र सरेटे (अनूपपुर) को नियुक्त किया गया है। सरला सिंह (उमरिया), अजय सिंह (शहडोल), पारस मणी सिंह (अनूपपुर), गोविंद गौतम (उमरिया) को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया प्रभाग में मनोज द्विवेदी (अनूपपुर) को प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी पंचायत स्तर पर जनहित कार्यों को गति देने, पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा करने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
बिजली की समस्या पर सांस, चिनकी के लिए संघर्ष जारी, आदिवासियों के हक की लड़ाई लडेंगी कांग्रेस
उमरिया
जिले के पाली विकास खंड के बिजली विहीन गाँवों में बिजली पहुचाने की जंग कांग्रेस ने छेड दी है, जिसके मांग के अनुरूप चांद पुर ग्राम पंचायत के बाघन्नारा गाँव में बिजली की बाधा लगभग दूर हो गयी है और वन विभाग ने अहम शर्तों के साथ अनापत्ति जारी कर दी है, जिसके लिए ब्लाक कांग्रेस ने प्रशासन की इस कार्यवाही की सराहना की है। नव नियुक्त ब्लाक काग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया की इक्कीसवीं सदी में भी जब बिजली मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है, तब भी पाली विकास खंड के आदिवासी गाँव आज भी घुप अंधेरे में समाये हुये हैं। इन गांवों में चांद पुर ग्राम पंचायत की बैगा आबादी वाला बाघन्नारा, घुनघुटी ग्राम पंचायत की गांधी ग्राम, और कठई ग्राम पंचायत की बैगा ग्राम चिनकी और सांस में बिजली सुविधा से अछूते है। जिसके लिए ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया की इन गांवों में बिजली पहुचाने के लिए ज्ञापन देकर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गयी थी, प्रशासन ने इस ज्ञापन पर गौर करते हुए बाघन्नारा गाँव में बाधा बनी वन विभाग की अनापत्ति को दूर कर लिया है, जहाँ पर शीघ्र ही बिजली पहुचाने का काम शुरू हो जायेगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया की संगठन की अगली पहल चिनकी और सांस ग्रामों में बिजली पहुचाने का लक्ष्य रखा है, और इसके लिए ब्लाक कांग्रेस ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर इन गांवों में बिजली पहुचाने का अनुरोध किया है, अपेक्षा है कि प्रशासन इन मांगों पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बिजली पहुचाने का काम करेंगी।
कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया की अगर इन गांवों में बिजली पहुचने मे हीला हवाली होती है तो कांग्रेस अब इसे बर्दाश्त नहीं करेंगी और इसके लिए व्यापक स्तर पर आंदोलन कर ग्रामीणों की लड़ाई कांग्रेस लडेंगी। रवि मिश्रा ने कहा कि यह कितना दुर्भाग्य जनक है की देश की सरकार आदिवासियों के हितों के लिए कटिबद्ध है, लेकिन आज गाँव के गाँव अंधेरे में जीवन व्यतीत करने के लिए मजबूर हैं। आदिवासियों के साथ हो रहें इस अत्याचार के विरूद्ध चरण बद्ध आंदोलन छेड कर उनके हक की लड़ाई लडेंगी।
समाचार 08
कुएं में गिरा तेंदुआ पानी में डूबने से हुई मौत
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शनिवार को एक वयस्क तेंदुए के मारे जाने की खबर है, टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र की सीमा से लगे राजस्व ग्राम महरोई के समीप एक कुएं में तेंदुए का शव देखा गया, जिसके बाद पार्क प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के कारणों की जांच शुरू की गई।प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में तेंदुए की मौत का कारण कुएं में डूबना पाया गया, शव परीक्षण के बाद निर्धारित एसओपी अनुसार क्षेत्र संचालक, एनटीसीए प्रतिनिधि, तहसीलदार मानपुर, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी,खंड पशु चिकित्सा अधिकारी,सरपंच पनपथा एवं अन्य वन अधिकारी कर्मचारी की उपस्थिति में मृत तेंदुए के शव का शवदाह कराया गया है।
समाचार 09
सिरफिरे ने राम जानकी मंदिर में कई तोडफ़ोड़
शहडोल
चैत्र नवराती पर राम जानकी मंदिर में तोड़फोड़, गांव के ही रहने वाले एक सिरफिरे ने राम जानकी मंदिर में रामजी की प्रतिमा की तोड़फोड़ की है, गांव का ही दीपनारायण वासुदेव उर्फ नानलल्ली ने मंदिर में की तोड़ फोड़, मंदिर की प्रतिमा को तोड़ दिया है, रामजी की प्रतिमा खंडित होने पर धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचा है। स्थानीय लोगों में आक्रोश, धर्म प्रेमियों ने विरोध जताया है, मामले की जानकारी लगते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुँची, स्थानीय लोगों ने अमलाई थाने में की शिकायत, शिकायत पर से अमलाई पुलिस ने दीपनारायण वासुदेव के खिलाफ किया मामला दर्ज, अमलाई थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 43 ग्राम बटुरा राम जानकी मंदिर की घटना है।
समाचार 10
5 वर्ष से फरार 1.93 लाख का के वसूली वारंटी गिरफ्तार
अनूपपुर
थाना जैतहरी पुलिस द्वारा वसूली वारंटी के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुटुंब न्यायालय, जिला अनूपपुर द्वारा प्रकरण क्रमांक एमजेसीआर 36/2021, धारा 125(3) जाफौ के अंतर्गत धौकल सिंह गोंड पिता दलबीर सिंह गोंड, उम्र 45 वर्ष, निवासी खुंटाटोला, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर (म.प्र.) के विरुद्ध ₹1,93,000/- की वसूली वारंटी जारी की गई थी। आरोपी पिछले लगभग 5 वर्षों से फरार था एवं उसने अपनी पत्नी को उक्त राशि का भुगतान नहीं किया था। थाना जैतहरी पुलिस द्वारा लगातार तलाश करते हुए दिनांक 22 मार्च 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।