समाचार 01 फ़ोटो 01
खंडहर मकान मे मिले युवती के क्षत विक्षत शव की हुई शिनाख्त, अंधी हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार ,
*बाइक व युवती का मोबाईल आरोपी से बरामद, प्रेम प्रसंग का था मामला*
अनूपपुर
रामखेलावन राठौर पिता लल्लू लाल राठौर निवासी जैतहरी ने सूचना दिया कि ग्राम गुंवारी मे उसका पुराना मकान एंव खेती बाडी है, जिसकी देखरेख के लिये समय-समय पर जाता रहता है । विगत दिवस सुबह जब वह अपने पुराने खंडहर मकान ग्राम गुंवारी के पास अपनी खेती एंव पेड पौधे देखने गया तो खंडहर मकान से काफी दुर्गंध आ रही थी, आसपास मवेशी चरा रहे व्यक्तियो को बुलाकर देखने गया तो मकान के कमरे मे सडी गली अवस्था मे लाश पडी मिली और नजदीक जाकर देखा तो लाश के पास काले रंग की जूती, पर्स पडा है, हाथ एंव पैर के पंजे नही दिख रहे है हाथ पैर का मांस सड गल चुका है। पहना हुआ कपडा गाउन जैसा दिख रहा चेहरा पर कपडा लिपटा हुआ है, पहनावा से लग रहा है कि महिला अज्ञात करीब 25 वर्ष की होगी। प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद होने से गंभीरता को देखते हुये, फोरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी शहडोल द्वारा मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का मुआयना किया गया। जाँच के दौरान शव के पास मिले पर्स ,घडी , जूती ,कपडो तथा थाना जैतहरी मे दर्ज लंबित गुमशुदा के तस्दीक एंव उसके परिजनो के आधार पर शव की पहचान काजल पुरी पिता सुखीराम पुरी उम्र 24 वर्ष निवासी लपटा के रूप मे की गई । मौके की प्रारंभिक कार्यवाही एंव क्षत विक्षत शव का बारिकी से निरीक्षण कर शव का सीएचसी जैतहरी मे डॉक्टर टीम के द्वारा शव का पीएम कराया गया । शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मे डॉक्टर द्वारा प्रथम दृष्टया मृतिका की मौत सिर मे आयी चोटो से होना बताया । मृतिका काजल के परिजनो ने जानकारी दिया कि लडकी काजल पुरी किसी रवि उर्फ ठाकुर साहब लडके से प्यार करती थीं। 17 फरवरी 2026 को भी उस लडके से फोन पर बात करती हुई कालेज अऩूपपुर जाने का कहकर निकली थी। वह लडका उससे शादी करने से मना कर रहा है । उसी दिन से उसका मोबाईल बंद आ रहा है । परिजनो ने बताया कि हमे शंका है कि उसी लडके ने उसके साथ कुछ घटना कारित किया है और उसकी हत्या करके गुंवारी के सुनसान जंगल मे खंडहरो मे हत्या को छुपाने के लिये शव को छोड दिया है । शॉर्ट पीएम रिपोर्ट एंव जाँच मे आये तथ्यो के आधार पर प्रथम दृष्टय़ा आरोपी रवि उर्फ ठाकुर साहब उर्फ चन्द्रभान राठौर द्वारा प्रेम प्रसंग छुपाने के लिये सुनसान जगह मे ले जाकर मृतिका की हत्या करना पाया गया। आरोपी उक्त रवि उर्फ ठाकुर साहब उर्फ चन्द्रभान राठौर निवासी जैतहरी को को पकड़कर पुछताछ की गई जो जुर्म स्वीकार करते हुये बताया कि वह जैतहरी मे अपने नाना नानी के साथ रहकर कियोस्क सेंटर चलाता है। करीब 06 माह पूर्व मृतिका काजल से फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती हुई थी, उसके बाद वह अक्सर दुकान पर कालेज संबंधी काम लेकर आती थी, तभी से जान पहचान होकर हमारी आपस मे मोबाईल फोन पर बातचीत होने लगी थी और एक दुसरे से प्रेम करने लगे थे, जिसके बाद हमारे शारीरिक संबंध बनने लगे थे । काजल अक्सर मुझसे शादी करने का बोलती रहती थी । माह जनवरी 2026 से मृतिका उस पर विवाह करने का दबाव बनाने लगी जो आरोपी द्वारा जात बिरादरी का हवाला देकर शादी से इनकार किया तो काजल उसके घरवालो को प्रेम प्रसंग के बारे मे बताने की बात कहकर 17 फरवरी 2026 को उसके घरवालो से मिलने जैतहरी आने की बात बतायी तो आरोपी चन्द्रभान राठौर उर्फ रवि ने शादी एंव बदनामी से बचने काजल की हत्या करने की योजना बनाई । जब काजल अपने घऱ से कालेज जाने का कहकर जैतहरी आयी तो वह उसे अपने मोटरसाईकल मे बैठाकर ग्राम गुंवारी अपने नाना के सुनसान खंडहर मकान ग्राम गुंवारी मे ले जाकर उसके सिर मे पत्थऱ से मारकर उसकी हत्या कर दी साथ ही साक्ष्य छुपाने के लिये लडकी काजल पुरी के मोबाईल की सिम निकालकर तोडकर फेक दिया है एंव मोबाइल को कियोस्क दुकान मे छुपाकर रख लिया था।
समाचार 02 फ़ोटो 02
अवैध रेत उत्खनन पर कार्यवाही डग्गी सहित रेत जप्त, आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्यवाही करते हुए पसला सोन नदी घाट से रेत चोरी करके ले जाते रंगे हाथों पकड़े गये डग्गी के चालक सूरज उर्फ सोनू पटेल निवासी ग्राम पसला को गिरफ्तार कर रेत चोरी कराने वाले आरोपी अक्षय प्रताप सिहं निवासी पसला पर संगठित अपराध की धाराओं सहित एफ.आई.आर. की गई है।
टी. आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा दिनांक 16.03.2026 को ग्राम पसला सोन नदी घाट में रेड कार्यवाही करते हुए एक डग्गी रजिस्ट्रेशन नम्बर CG15DY3089 में करीब 5 घन मीटर लोड रेत को ले जाते हुए पकड़ा गया मौके पर वाहन चालक सोनू उर्फ सूरज पटेल पिता राजकुमार पटेल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम पसला अनूपपुर से उक्त रेत से लोड डग्गी को जप्त किया गया एवं जांच पर उक्त चोरी की रेत अक्षय प्रताप सिहं निवासी ग्राम पसला द्वारा लोड कराना पाए जाने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 165/26 धारा 303 (2), 317(5), 112(2) बी.एन.एस.4/21 खान खनिज अधिनियम 130/177 (3) 77/177 एम.वी.एक्ट पंजीबद्ध किया गया है।
कोतवाली पुलिस द्वारा अक्षय प्रताप सिहं निवासी ग्राम पसला के विरूद्ध पूर्व से रेत चोरी के दो आपराधिक प्रकरण थाना कोतवाली अनूपपुर में दर्ज होने एवं पुनः संयुक्त रूप से सह आरोपियों के साथ लगातार रेत चोरी की वारदात घटित करना पाये जाने से प्रकरण में बी.एन.एस. की धारा 112(2) के तहत संगठित अपराध के तहत कार्यवाही की जा रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
रिश्वत लेते फ़ोटो, वीडियो वायरल एसडीएम ने पटवारी को किया निलंबित
अनूपपुर
जिले में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर वायरल हुई फोटो के मामले में अनूपपुर के एसडीएम कमलेश पुरी ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित पटवारी हंसराज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि वायरल फोटो में पटवारी हंसराज किसी व्यक्ति से पैसे लेते हुए नजर आ रहे थे। फोटो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पटवारी बिना पैसे लिए नामांतरण, खसरा-नकल, सीमांकन जैसे राजस्व संबंधी कार्य नहीं करते थे। मामले ने तूल पकड़ने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। एसडीएम कमलेश पुरी ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पटवारी को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि राजस्व विभाग में किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में आरोप पुष्ट होते हैं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को राहत मिलेगी।
समाचार 04 फ़ोटो 04
नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर 9 लाख की ठगी, आरोपी फरार, पुलिस कार्यशैली पर सवाल
*बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान का मामला*
उमरिया
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 9 लाख रुपये की ठगी की गई। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों के सामने होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और पीड़ितों को यह कहकर टाल दिया कि मामला उत्तर प्रदेश का है।
उत्तर प्रदेश के दो युवकों को एक युवक ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि आरोपी ने दोनों से करीब 9 लाख रुपये वसूले और उन्हें फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर उमरिया बुला लिया। इतना ही नहीं, भरोसा दिलाने के लिए दोनों युवकों को एक महीने तक कथित “प्रशिक्षण” भी कराया गया।
मामला तब उजागर हुआ जब आरोपीयों की जानकारी मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी यह किराएदार मुझे वन विभाग में नौकरी के नाम पर कमरा किराए पर लिया है ना तो यह कभी ड्यूटी जाते हैं ना ही यह वर्दी में रहते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ तो की, लेकिन न तो आरोपी को हिरासत में लिया और न ही तत्काल कोई ठोस कार्रवाई की।
वही पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी तो उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि वे उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, इसलिए अपने राज्य में जाकर शिकायत करें। इस रवैये से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जब इस पूरे मामले की जानकारी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को लगी, तो उन्होंने साफ तौर पर सभी दस्तावेजों को फर्जी बताया। प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई है और यह पूरी तरह ठगी का मामला है। उन्होंने पुलिस को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की सलाह भी दी है। आरोपी खुद को करकेली के वन विभाग कार्यालय में कार्यरत बताता था, जिससे पीड़ितों को उस पर भरोसा हो गया। लेकिन अब आरोपी फरार बताया जा रहा है।
प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई है और यह पूरी तरह ठगी का मामला है। उन्होंने पुलिस को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की सलाह भी दी है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बिजली कर्मचारी महासंघ ने विद्युत कर्मियों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण के लिए सौपा ज्ञापन
सौंपा ज्ञाप
अनूपपुर
म.प्र. बिजली कर्मचारी महासंघ द्वारा विद्युत कर्मियों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण न होने के कारण प्रदेश स्तर पर आगामी माह में व्यापक स्तर पर प्रदेश भर में कर्मचारी हित में आंदोलन करने के संबंध में आज ऊर्जामंत्री को संबोधित ज्ञापन कार्यपालक निदेशक तनवीर अहमद अमरकंटक ताप विद्युत् गृह चचाई के माध्यम से सौंपा गया।
महासंघ द्वारा संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त कार्या.सहा.श्रेणी-3 (संविदा) को नियमित किये जाने, संयंत्र सहायक/परीक्षण सहायक/कार्यालय सहायक सहित विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों का निराकरण किये जाने आउटसोर्स कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा सरकार की तर्ज पर निगम/कंपनी स्थापित कर इन्हे नियुक्ति प्रदान कर शोषण से बचाने।
सेवानिवृत कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की भांति मंहगाई भत्ता उनके पेंशन में जिला कोषालय से प्रदान करने जिन कर्मचारियों की मृत्यु वर्ष 2000 से 2012 के बीच हुई है उनके आश्रितो को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने, उच्च शिक्षा प्राप्त कर्मचारियों को कनिष्ठ अभियंता के पद पर नियुक्त करने आदि,इस तरह कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगो का 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इसके पूर्व महासंघ के पदाधिकारी,सदस्य लगभग ताप विद्युत् गृह में कार्यरत कर्मचारी/श्रमिक मुख्य द्वार से रेली के रूप में नारे लगाते हुये कार्यालय पुहचें जहां पर ज्ञापन का वाचन कर ज्ञापन सौंपा।
समाचार 06 फ़ोटो 06
दुकान में घुसकर व्यापारी पर हमला, नगद लूटकर हुए फरार, 10 पर पुलिस ने किया मामला दर्ज
*पीकप से आए थे आरोपी*
शहडोल
जिले में मुनगा खरीदी करने पहुंचे एक सब्जी व्यापारी पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि पिकअप वाहन में भरकर आए हमलावरों ने दुकान में घुसकर व्यापारी के साथ जमकर मारपीट की और उसकी जेब से नकदी भी छीन ली। पूरी वारदात ओम ट्रेडर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बेरहमी से मारपीट कर लूट का वीडियो वायरल होने के बाद 10 से अधिक लोगों कें खिलाफ मामले दर्ज हुए है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चुनिया दादरी मोड़ निवासी गोविंद प्रसाद पटेल मुनगा खरीदी के सिलसिले में ओम ट्रेडर्स पहुंचे थे, यहां उन्होंने कल्लू पटेल से करीब 20 किलो मुनगा खरीदा और उसका भुगतान भी कर दिया। इसी दौरान कल्लू पटेल ने पुराने 20 हजार रुपये के बकाये की मांग शुरू कर दी। गोविंद द्वारा कुछ दिनों की मोहलत मांगने पर विवाद बढ़ गया और बात गाली-गलौज तक जा पहुंची।
कुछ देर बाद कल्लू पटेल अपने बेटे राहुल, आकाश, भाई संदीप और अन्य साथियों के साथ पिकअप (MP 18 GA 3428) में सवार होकर दुकान पर आ धमका। आते ही सभी ने गोविंद को घेर लिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में व्यापारी की आंख, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये भी छीन लिए। घटना के दौरान कर्मचारी भागीरथी बैगा सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर दबंगई दिखाते हुए फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह कई लोग मिलकर एक अकेले व्यक्ति पर हमला कर रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कल्लू पटेल, राहुल, आकाश, संदीप, पिंटू, विकास कुशवाहा सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराते हुए फुटेज जब्त कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
समाचार 07 फोटो 07
संजय गाँधी ताप परियोजना में एक श्रमिक हादसे का शिकार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उमरिया
जिले के संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में कार्यरत श्रमिक आज फिर एक दुर्घटना का शिकार हो कर जीवन और मृत्यु से जुझ रहा है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि प्लांट में एक श्रमिक 12 फीट की उचाई पर कार्य करते हुए बिजली के करंट लगने से ऊपर से गिर गया, जहाँ से उसे तत्काल परियोजना स्थित चिकित्सालय लाया गया, जिससे मजदूर की हालात गंभीर होने के कारण शहडोल के लिए रिफर कर दिया गया है।
घायल मजदूर की पहचान ओमप्रकाश सिंह उम्र 27 वर्ष, पिता नत्थू सिंह, निवासी वार्ड क्रमांक 4 नौरोजाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रमिक शुभम नामक ठेकेदार (पप्पू) झा के अधीन काम कर रहा था। घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) साइड की घटना की है, जहां पर प्लेट लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय अचानक करंट का झटका लगने से श्रमिक का संतुलन बिगड गया और वह कार्य स्थल से नीचे गिर गया। गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे के बाद एक बार फिर संजय गाँधी ताप परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े कर दिये है । थर्मल पावर के आंतरिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह भी चर्चा है कि सेफ्टी व्यवस्था पूरी तरह चरमरायी हुई है और पूरी परियोजना राम भरोसे चल रही है। अनवरत रूप से घटित दुर्घटनाओं के बाबजूद उच्च प्रबंधन के व्दार ऐहतियाती कार्यवाही न किया जाना उच्च प्रबंधन की कार्यवाही पर सवाल खड़ा हो रहा है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
मुख्य नगर पालिका अधिकारी का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
शहडोल
नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा प्रातः गांधी चौक से न्यू बस स्टैंड होते हुए इंदिरा चौक मार्ग का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर सड़कों पर कचरे के ढेर पड़े हुए थे तथा निर्धारित समय पर सफाई कार्य नहीं किया गया था। सुबह लगभग 10:00 बजे तक भी मार्गों पर कचरा दिखाई देने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जोन प्रभारी आनंद यादव एवं प्रीतम के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षक अनिल को दिए गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देशानुसार तत्काल सफाई कराते हुए कचरे को हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 09
नर्मदा परिक्रमा हेतु देशभर से उमड़े श्रद्धालु, दिखी आस्था की अलौकिक छटा
अनूपपुर
मध्य प्रदेश की पावन धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में इन दिनों नर्मदा परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चेन्नई (तमिलनाडु) एवं अहमदनगर (महाराष्ट्र) सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में नर्मदा भक्त परिक्रमा यात्रा के लिए यहां पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने पतित पावनी नर्मदा नदी के उद्गम स्थल पर स्थित रामघाट (उत्तर तट) में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चन, आरती एवं कथा का आयोजन किया। महाराष्ट्र के अहमदनगर (अहिल्यानगर) से लगभग 500 से अधिक श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां नर्मदा की पूजा कर परिक्रमा का संकल्प लिया। वहीं, सोमवार 16 मार्च को चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु सहित दक्षिण भारत से भी हजारों परिक्रमावासी यहां पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
चेन्नई से आए परिक्रमा दल के साथ चल रहे रमेश जी द्वारा कोटि तीर्थ कुंड में मंत्रोच्चारण के साथ तमिल व तेलुगु भाषा में पूजा-अर्चना कराई गई तथा मां नर्मदा के महात्म्य का वर्णन किया गया। पूजन के उपरांत श्रद्धालु जल परिवर्तन एवं तट परिवर्तन की परंपरा का निर्वहन करते हुए माई की बगिया की ओर प्रस्थान कर गए।