समाचार 01 फ़ोटो 01
युवक ने राजस्व कार्यालय में हंगामा कर शासकीय कार्य मे डाला बाधा, कर्मचारी को दी धमकी, मामला दर्ज
*राजस्व न्यायालय में भूमि प्रकरण का था मामला*
अनूपपुर
जिले के राजस्व कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कार्यालय में घुसकर सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना से कुछ देर के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजस्व कार्यालय अनूपपुर में पदस्थ रीडर-1 शिवम पाठक अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सकोला निवासी दिलेन्द्र पाठक कार्यालय में पहुंचा और किसी राजस्व प्रकरण को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने रीडर के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया और गुंडागर्दी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान आरोपी ने कार्यालय में हंगामा करते हुए शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। आरोपी ने शासकीय कार्यालय में प्रवेश कर न केवल कर्मचारी के साथ अभद्रता की बल्कि धमकी देकर सरकारी कामकाज में व्यवधान भी उत्पन्न किया। कार्यालय परिसर में वीडियो बनाकर कर्मचारियों और कार्यालय की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
थाना कोतवाली अनूपपुर ने आरोपी दिलेन्द्र पाठक के खिलाफ अपराध क्रमांक 157/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 351(2), 221 और 224 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। शिकायत रीडर-1 शिवम पाठक द्वारा लिखित रूप में दी गई थी, जिसमें आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। आरोपी भूमि प्रकरण में राजस्व कार्यालय पहुँचा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
जनपद उपाध्यक्ष ने थाना प्रभारी पर लगाया, धमकी व अभद्रता का आरोप, एसपी से हुई शिकायत
शहडोल।
जिले के बुढार थाना के अंतर्गत जनपद पंचायत बुढार के उपाध्यक्ष ने थाना प्रभारी पर अभद्र व्यवहार और शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। जिले के विवादित थाना बुढार एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला जनपद पंचायत बुढार के उपाध्यक्ष के साथ थाना प्रभारी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार का है। जनपद उपाध्यक्ष ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शहडोल को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बुढार के उपाध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक को भेजे शिकायत पत्र में बताया कि 24 फरवरी को वे अपने साथ हुई अभद्रता और जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराने के लिए बुढार थाना पहुंचे थे। उनके साथ सहायक लेखाधिकारी देवेंद्र कुमार गौतम भी मौजूद थे,शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी विनय सिंह ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि थाना प्रभारी द्वारा उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया गया और कहा गया कि उन्हें किसी झूठे केस में फंसाकर उनका राजनीतिक करियर खत्म कर दिया जाएगा, इस व्यवहार से आहत होकर जनपद उपाध्यक्ष ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक शहडोल संभाग और पुलिस उप महानिरीक्षक शहडोल को भी भेजी गई है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
अवैध रेत परिवहन पर मामला दर्ज, रेत माफिया ने आरक्षक के खाते में डाले 5 हजार
शहडोल
जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई के बाद एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की छवि खराब करने के इरादे से उसके खाते में बिना जानकारी के पैसे ट्रांसफर कर दिए। मामले के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। खैरहा थाना क्षेत्र के एक नाले से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी के निर्देश पर टीम गठित कर प्रधान आरक्षक संतोष धुर्वे, आरक्षक सतीश चौरसिया और आरक्षक आलोक को मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम के पहुंचते ही ट्रैक्टर चालक विपिन द्विवेदी वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया और रेत से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान एक आरक्षक का फोन पर लगातार कॉल भी आते रहे, जिनमें कथित रूप से दूसरे थाने के एक पुलिसकर्मी द्वारा आरोपी को छोड़ने का दबाव बनाया गया, लेकिन खैरहा पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया। जब आरोपी विपिन द्विवेदी ने थाने से बाहर निकलते ही कार्रवाई में शामिल आरक्षक के फोन-पे खाते में बिना जानकारी के 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरक्षक ने बताया कि उस समय वह थाने में ही मौजूद था और अचानक पैसे आने पर जांच करने पर पता चला कि राशि आरोपी के खाते से भेजी गई है।
थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने मंगलवार सुबह बताया कि आरक्षक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। प्रथम दृष्टया यह पुलिसकर्मी को फंसाने की साजिश लग रही है। मामले की जांच की जा रही है आरोपी पर जिले के अलग अलग थाने में कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
समाचार 04 फ़ोटो 04
महिलाएँ आयोजित करेंगी त्रिदिवसीय भव्य नाट्य-समारोह
अनूपपुर
अनूपपुर की कुछ संभ्रांत महिलाओं ने, बेथेल स्कूल अनूपपुर के प्रांगण में एक भव्य नाट्य समारोह का आयोजन किया है जिसमें इप्टा ( भारतीय जन नाट्य संघ ) का राज्य सम्मेलन भी होगा। यह कार्यक्रम 3-4-5 अप्रैल को संपन्न होगा।
अप्रैल 3- शुक्रवार को जनगीतों की श्रृंखला (अशोक नगर के कलाकारों द्वारा ) असमंजस बाबू ( प्रयागराज की समानांतर संस्था द्वारा ) अप्रैल 4- शनिवार संसद से सड़क तक ( प्रसिद्ध फिल्म व टीवी कलाकार राजेन्द्र गुप्ता मुंबई के द्वारा ) दास्तान ए अशफ़ाक ( इप्टा वाराणसी के द्वारा ) अप्रैल 5- रविवार बहत्तर मील ( जबलपुर की विवेचना संस्था द्वारा )
यह बहुत ही रोचक व भव्य कार्यक्रम होगा इसमें इप्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रसन्ना, राष्ट्रीय इप्टा के सदस्य अमिताभ पांडेय खगोल विज्ञानी, इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव तनवीर अख़्तर, इप्टा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राकेश वेदा आदि शिरकत करेंगे। सभी से अनुरोध किया गया है कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होकर सफल बनाये।
समाचार 05 फ़ोटो 05
धड़ल्ले से हो रही पेड़ों की कटाई, वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल, जिम्म्मेदार मौन
अनूपपुर/कोतमा
जिले कोतमा वन परिक्षेत्र के सकोला बीट (आरएफ 463) में भालूमाड़ा वार्ड क्रमांक 16 के पास 13 , 14 और 15 मार्च को बड़े पेड़ों की कटाई की घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सेमर और नीलगिरी के बड़े पेड़ काटे गए और लकड़ी ले जाने के लिए ट्रैक्टर का उपयोग किया गया, जिससे वन संपदा को गंभीर खतरा पैदा हुआ है।
बीट गार्ड बिहारी लाल रजक ने बताया कि केवल सूखी लकड़ी काटी गई और पीओआर (वन अपराध प्रकरण) दर्ज किया गया। पीओआर नंबर सार्वजनिक नहीं किया गया है। वहीं, स्थानीय लोग इस घटना को देखकर विभागीय निगरानी पर सवाल उठा रहे हैं और आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि कटाई बड़े पैमाने पर हुई, जबकि मौके पर प्रभावी रोक नहीं दिखी।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि यदि अवैध कटाई पर समय रहते नियंत्रण नहीं हुआ, तो वे उच्च अधिकारियों ( डीएफओ (डीएफओ ), अनूपपुर मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ), शहडोल ) से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
शहडोल के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ ) ने इस गंभीर मामले में डीएफओ अनूपपुर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस प्रकार की घटनाओं से जंगलों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी क्षमता पर प्रश्न खड़े होते हैं। नागरिकों की चेतावनी और अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर बनाए रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इनका कहना है।
सेमर की लकड़ी काटे जाने की बात की जानकारी कल ही मुझे हुई है, इस संबंध में मैंने डीएफओ अनूपपुर को कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं, पीओआर काट कर वन अपराध पंजीकृत करते हुए मामले की जांच कराई जा रही है।
*सीसीएफ वन विभाग शहडोल*
"मैं अभी हाथी ड्यूटी में हूं पी ओ आर काटकर वन अपराध दर्ज किया गया है आगे की कार्यवाही जारी है"
*हरीश तिवारी, रेंजर कोतमा*
समाचार 06 फ़ोटो 06
शराब व पार्टी के लिए रुपए न देने पर की गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी कर पैसे वसूलने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में ग्राम भमरहा द्वितीय निवासी कमलेश प्रसाद द्विवेदी ने सोमावर को थाना ब्यौहारी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बालकृष्ण उर्फ बाली शुक्ला ने शराब पीने और पार्टी करने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन डराकर फरियादी की पैंट की जेब से पांच हजार रुपये भी निकाल लिए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना ब्यौहारी पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में एक उप निरीक्षक एवं प्रधान आरक्षक हरपाल सिंह और आरक्षक गंगा सागर गुप्ता शामिल रहे।
समाचार 07 फ़ोटो 07
अभाविप ने कॉलेज की समस्याओं के खिलाफ खोला मोर्चा, सौपा ज्ञापन, समाधान नही तो होगा उग्र आंदोलन
उमरिया
शासकीय महाविद्यालय पाली में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा सौंपा गया ज्ञापन अब केवल कॉलेज प्रशासन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सीधे तौर पर भाजपा सरकार के शिक्षा संबंधी दावों पर भी सवाल खड़े कर रहा है। एक ओर सरकार बेहतर शिक्षा और सुविधाओं की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसी विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन ने जमीनी हकीकत उजागर कर दी है।
ज्ञापन में परिषद ने महाविद्यालय की कई गंभीर समस्याओं को सामने रखा है। केमिस्ट्री प्रयोगशाला में उपकरणों की कमी के कारण छात्र-छात्राएं प्रायोगिक कार्य नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं, गर्ल्स कॉमन रूम और बीए बिल्डिंग में शौचालय की सुविधा न होना छात्राओं के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। यह स्थिति न सिर्फ असुविधाजनक है, बल्कि सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों पर भी सवाल खड़े करती है।
इसके अलावा कॉलेज में एनसीसी की सुविधा का अभाव, शिक्षकों की कमी, खेल मैदान न होना और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का न होना छात्रों के समग्र विकास में बड़ी बाधा बन रहा है। छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन मशीन तक उपलब्ध नहीं है, जबकि इसके लिए हर वर्ष बजट आवंटित किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर यह राशि खर्च कहां हो रही है।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने आकाश तिवारी के नेतृत्व में ज्ञापन के माध्यम से साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। खास बात यह है कि जिस संगठन को आमतौर पर भाजपा का छात्र विंग माना जाता है, वही अब सरकार की नीतियों और दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
बस स्टैंड में फल ठेले में लगाई आग, 50 हजार का नुकसान, युवक पर जताई शंका
अनूपपुर
जिले के बदरा बस स्टैंड में एक फल विक्रेता के ठेले में आग लगाने का मामला सामने आया है आग लगने से ठेले में रखा फल और पूरा ठेला जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदार को करीब 45 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना भालूमाड़ा में दर्ज कराते हुए एक व्यक्ति पर शंका जाहिर की है
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदरा बस स्टैंड में नारायण दास चौधरी का फल का ठेला संचालित होता है, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बीती रात अज्ञात कारणों से ठेले में आग लग गई, जिससे ठेले में रखा पूरा फल और सामान जलकर नष्ट हो गया आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था
इस संबंध में रविदास चौधरी पिता नारायण दास चौधरी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बदरा बस स्टैंड में फल बेचने का काम करते हैं। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठेले में आग लगा दी, जिससे फल सहित पूरा ठेला जल गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब 45 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है
फरियादी द्वारा थाने में दी गई रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उसका पहले राकेश चौधरी से विवाद हो चुका है। फरियादी का कहना है कि राकेश चौधरी उससे रंजिश रखता था, इसलिए उसे शंका है कि संभवतः उसी ने ठेले में आग लगाई होगी