समाचार 01 फ़ोटो 01
अमरकंटक–जालेश्वर मार्ग पर बाघिन की दस्तक, दहशत का माहौल, वन विभाग ने सतर्क रहने के दिए निर्देश
अमरकंटक।
पवित्र नगरी अमरकंटक में बाघिन की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। वन परिक्षेत्र अमरकंटक की अमरकंटक बीट अंतर्गत पीएफ कक्ष क्रमांक 235–236 के मध्य अमरकंटक–जालेश्वर–शहडोल मुख्य मार्ग के जंगलों में बीते कुछ दिनों से मादा बाघिन देखे जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं।
गुरुवार, 5 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे अमरकंटक–जालेश्वर मार्ग पर सड़क पार करती मादा बाघिन को मार्ग से गुजर रहे लोगों ने देखा। राजेंद्रग्राम निवासी गुप्ता परिवार ने वाहन रोककर बाघिन को फेंसिंग तार पार करने का प्रयास करते हुए देखा। बताया गया कि पहले प्रयास में बाघिन तार पार नहीं कर सकी, किंतु कुछ देर बाद उसने छलांग लगाकर फेंसिंग पार की और दुर्गाधारा जंगल की ओर चली गई। इस दौरान बाघिन के आसपास एक सियार भी घूमता दिखाई दिया।
बाघ के देखे जाने की सूचना गुप्ता परिवार द्वारा तत्काल अपने परिचित नगर परिषद पार्षद देवानंद खत्री को दी गई। पार्षद खत्री ने बिना विलंब किए इस संबंध में वन विभाग के परिक्षेत्राधिकारी को जानकारी दी। अमरकंटक वन क्षेत्र में बाघिन की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भय और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं। इसी दौरान पेंड्रा से अमरकंटक की ओर आ रहे पेंड्रा निवासी एक शिक्षक दंपति ने भी अपनी कार रोककर बाघिन का वीडियो रिकॉर्ड किया।
वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि बाघिन जंगल की ओर जाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सड़क किनारे वन विभाग द्वारा लगाए गए कांटेदार तार के कारण वह कुछ समय तक इधर-उधर चहलकदमी करती रही। बाद में बाघिन ने छलांग लगाकर तार पार किया और जंगल की ओर चली गई। छह माह पूर्व इसी क्षेत्र में एक मादा बाघिन द्वारा कई मवेशियों का शिकार किए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना था।
मादा बाघिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से भटककर इस क्षेत्र में पहुंची है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा मुनादी कराकर ग्रामीणों और यात्रियों को सतर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक बाघिन द्वारा किसी पशु का शिकार नहीं किया गया है और संभावना है कि वह दिन के समय किसी झाड़ी या घने वन क्षेत्र में छिपी रहती हो। शुक्रवार सुबह निरीक्षण के दौरान पीएफ कक्ष क्रमांक 235–236 के मध्य बाघ के पैरों के निशान भी पाए गए हैं। वन विभाग ने नागरिकों से विशेष रूप से रात्रि के समय अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
संत दादा गुरु महाराज के सानिध्य में अमरकंटक में विराट हिंदू सम्मेलन सम्पन्न
*जहां विज्ञान का अंत होता है, वहीं से धर्म, अध्यात्म व सनातन संस्कृति की शुरुआत*
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक के रामघाट तट पर गुरुवार 5 फरवरी 2026 को नर्मदा पुत्र परिक्रमावासी संत दादा गुरु महाराज के सानिध्य में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश-प्रदेश से आए संतों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य (गुजरात) भरत सिंह परमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुस्तान का भविष्य उज्ज्वल है, किंतु आने वाले समय में चुनौतियाँ भी होंगी, जिनका सामना जाति-पात से ऊपर उठकर एकजुट होकर करना होगा। उन्होंने सनातन संस्कृति की रक्षा हेतु सर्वस्व समर्पण का आह्वान किया। सनातन समाज पर पाँच बिंदुओं पर आत्ममंथन करने का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आग्रह किया तथा कहा कि राष्ट्र की पहचान उसकी संस्कृति, भाषा और ध्वज से होती है।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में परम तपस्वी संत दादा गुरु महाराज ने कहा कि भारत भूमि वह पावन धरा है जहाँ दिव्य शक्तियों का प्राकट्य हुआ है। गंगा और नर्मदा हमारे लिए मात्र नदियाँ नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष भगवती शक्ति हैं। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा को साधना और संस्कृति का जीवंत स्वरूप बताते हुए कहा कि यह परंपरा हमें अपनों के साथ जीना सिखाती है।
विराट हिंदू सम्मेलन धार्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चेतना का सशक्त संगम बनकर अमरकंटक की पावन धरा पर एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्मरणीय रहा। उल्लेखनीय है कि मां नर्मदा के अनन्य भक्त नर्मदा पुत्र संत दादा गुरु महाराज के साथ हजारों श्रद्धालु परिक्रमा कर रहे हैं।
मां नर्मदा जी के अनन्य भक्त, नर्मदा पुत्र खंडवा के दादा धूनी वाले महाराज परंपरा के भैया जी सरकार, परम तपस्वी संत दादा गुरु महाराज ने आज प्रातः हजारों समर्थकों एवं नर्मदा परिक्रमावासियों के साथ पवित्र नगरी अमरकंटक में मां नर्मदा जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर तट परिवर्तन एवं जल परिवर्तन की पावन धार्मिक परंपरा का श्रद्धापूर्वक निर्वहन किया। उत्तर तट स्थित रामघाट में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन एवं महाआरती संपन्न की। तत्पश्चात उन्होंने मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर में दर्शन कर उद्गम कुंड में विशेष पूजन किया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने सीटू जिला समिति ने झोकी ताकत
अनूपपुर
सीटू नेताओं ने ताबड़तोड़ मीटिंगें कर कर्मचारियों से हड़ताल में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया। उक्त आशय की जानकारी सीटू जिला समिति अनूपपुर, के महासचिव कामरेड इन्द्र पति सिंह ने देते हुए बताया कि कोयला मजदूर संगठनों के नेतृत्व कारी साथियो ने 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रीय आम हड़ताल की तैयारी में जगह जगह मीटिंग एवं सभाएं की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह हड़ताल ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व होगी। उन्होंने यह दावा गुरुवार को हड़ताल की तैयारियों को लेकर विभिन्न एसोसिएशन के नेतृत्व कारी साथियों को अपील पत्र देते हुए एवं हड़ताल को सफल बनाने में श्रमिकों की रूझान को देखते हुए किया है। उन्होंने जगह जगह श्रमिकों से सहयोग की अपील करते हुए हड़ताल को सफल बनाने का अपील किया। नेतृत्वकारी साथियों ने कोयला कंपनियों के स्थाई वा ठेका मजदूरों से गेट मीटिंग की एवं संबोधित करते हुए हड़ताल को सफल बनाने का अपील किया। इस अभियान में जमुना कोतमा क्षेत्र, आमाडाड ओ सी एम, बरतराई,9/10/खदान, नारायण खदान,जे एम एस प्राईवेट कोल माइंस बसखला में गेट मीटिंग की गई। इस अभियान में एच एम एस के कौशला धीश ,कौशलेंद्र तिवारी रामाधार केवट,एटक के कामरेड प्रमोद खंडई मुबारक अली, इंटक के मोहन पाव, रमेश कुशवाहा, इकरार, कोयला श्रमिक संघ सीटू से कामरेड अनिल शर्मा, कामरेड उत्तम तिवारी कामरेड तेजभान पांडेय कामरेड सुखदयाल, कामरेड रघुबर, कामरेड प्रदीप मिश्रा, एवं महासचिव कामरेड इंद्रपति सिंह सहित आदि मजदूर नेता शामिल रहे।
समाचार 04 फ़ोटो 04
श्री राम वन पथ गमन स्थल में शबरी माता की प्रतिमा का सीएम करेंगे अनावरण
शहडोल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शबरी जयंती के अवसर पर 8 फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम गांधिया में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की बेहतर साफ सफाई एवं मंदिर की रंगाई पुताई सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम गांधिया में प्रस्तावित कार्यक्रम में शबरी माता की मूर्ति का अनावरण, हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण जैसे अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसके लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 8 फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने हेलीपैड लालपुर का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए विधायक शरद कोल ने जनपद पंचायत जयसिंहनगर के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाचार 05 फोटो 05
अमरकंटक में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय महाशिवरात्रि मेला के सभी व्यवस्थाएं हो चाक-चौबंद- कलेक्टर
*कलेक्टर होने वाले मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
अनूपपुर
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आज नगर पालिका परिषद अमरकंटक में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले पांच दिवसीय मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले के ले-आउट, पार्किंग व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, कचरा वाहन, साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण, विद्युत कनेक्शन, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक से प्राप्त की।
इस दौरान कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में लगने वाली सभी दुकानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। साथ ही उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को सभी दुकानों का क्रमांक निर्धारण कर व्यवस्थित रूप से जांच एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के आवेदन एवं आवंटन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
मेले में लगाए जाने वाले झूलों के संबंध में संबंधित इंजीनियर से फिटनेस जांच कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए, अमरकंटक के सभी तालाबों, कपिलधारा, सोनमुड़ा, नर्मदा कुंड सहित अन्य प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले तथा अमरकंटक क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार पांच अलग-अलग डॉक्टरों की टीम एवं पांच एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने मेले में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाने तथा बीजापुरी आर्ट अमरकंटक की कोदो सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।
समाचार 06 फ़ोटो 06
परीक्षा पर चर्चा, पीएम मोदी के कार्यक्रम में पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल में छात्र-अभिभावक व जनप्रतिनिधि हुए शामिल
समाचार
जमुनाकोतमा भालूमाडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा में पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाडा के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन कर माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर भाजपा पसान मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र उर्फ मिंटू मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि परीक्षा पर चर्चा छात्रों को सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण की दिशा में मार्गदर्शन देता है।
विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद विद्यार्थियों के मानसिक विकास और आत्मबल को सशक्त करता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
समाचार 07
जिले में संकल्प से समाधान अभियान के तहत 13929 आवेदनों का किया गया निराकरण
शहडोल
पात्र हितग्राहियों को भारत सरकार एवं राज्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं उन योजनाओं में जिनके लक्ष्य निर्धारित हैं, लक्ष्य अनुरूप लाभ एवं शासन द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं का लाभ प्रदान करने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया गया है। अभियान का प्रथम चरण में 12 जनवरी से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में दल गठित कर जन सामान्य से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने बताया कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत अभी तक जिले में 15636 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जनपद पंचायत ब्यौहारी में 1393 आवेदन, जयसिंहनगर जनपद में 3711 आवेदन, गोहपारू जनपद पंचायत में 2472 आवेदन, बुढ़ार जनपद पंचायत में 1510 आवेदन, सोहागपुर जनपद पंचायत में 2472 आवेदन, ब्यौहारी नगर परिषद में 859 आवेदन, धनपुरी नगरपालिका में 1558 आवेदन, खांड़ नगर परिषद में 115 आवेदन तथा बकहो नगर परिषद में 547 आवेदन, बुढ़ार नगर परिषद में 100 आवेदन, शहडोल नगर पालिका में 1778, जयसिंहनगर नगर परिषद में 72 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आपने अभियान के संचालन हेतु गठित दलों का भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित कर प्रभावी रूप से घर-घर संपर्क कर आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं तथा संबंधित निकायों के अधिकारियेां को दैनिक रूप से मानीटरिंग करने को कहा।
प्राप्त आवेदनों में से जनपद पंचायत जयसिंहनगर में 3711, जनपद पंचायत सोहागपुर में 1776, आवेदनों का, जनपद पंचायत गोहपारू में 1169 आवेदन, जनपद पंचायत ब्यौहारी में 1388, जनपद पंचायत बुढ़ार में 1509 आवेदनो का तथा नगरपालिका शहडोल में 1454 आवेदन, धनपुरी नगरपालिका में 962 आवेदन तथा नगर परिषद ब्यौहारी में 859, बकहो नगर परिषद में 429, नगर परिषद जयसिंहनगर में 53, नगर परिषद बुढ़ार में 95, आवेदनो का निराकरण किया जा चुका है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
सीएमओ को नवीन नपा भवन पर अवमानना नोटिस, 1 माह में मांगा जबाब
अनूपपुर
जिले की नगर पालिका अनूपपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार झरिया को उद्यान की भूमि पर पालिका भवन निर्माण पर उच्च न्यायालय जबलपुर ने अवमानना का नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जबाब मांगा हैं। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता दीपक कुमार पांडे ने बताया कि याचिकाकर्ता ने नगरपालिका अनूपपुर द्वारा उद्यान की भूमि पर नए भवन को लेकर उच्च न्यायालय जबलपुर में 28 अप्रैल 2025 को याचिका दायर की थी, जिस पर उच्च न्यायालय ने 90 दिनों के अंदर नियमानुसार स्पीकिंग ऑर्डर जारी करने का आदेश दिया था, परन्तु याचिकाकर्ता के आवेदन पर बिना कोई निर्णय लिए भूमि पर नए भवन का गम दिनों उद्घाटन कर दिया गया। जिससे व्यथित होकर याचिकाकर्ता ने पुनः उच्च न्यायालय जबलपुर में अवमानना याचिका प्रस्तुत की थी, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार झरिया को नोटिस जारी किया हैं।
समाचार 09
बालिका संप्रेक्षण गृह व शिशु गृह का किया निरीक्षण
शहडोल
किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धरा 54 के तहत गठित जिला स्तरीय निरीक्षण समिति के सदस्यों द्वारा शासकीय बालिका संप्रेक्षण गृह एवं अशासकीय शिवालय शिशु गृह शहडोल का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया है। संस्था में निवासरत बच्चों को शासन के नियमानुसार मिल रही मलभूत सुविधाओं के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य,पोषण एवं शिक्षा संबंधी जानकारी ली गई।
समाचार 10
आरोपियो पर 10 हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने धारा 457, 380 भादावि के आरोपी कुलदीप सिंह पिता स्व० धीरज सिंह उम्र 26 साल ग्राम बिजौरी थाना मानपुर, मनोज व्दिवेदी पिता मुनी महेश व्दिवेदी उम्र 38 साल ग्राम बिजौरी थाना मानपुर पर पांच हजार रूपये तथा धारा 363, 70 (क)भादावि एवं 3 (2) (व्ही) एससीएसटी एक्ट के आरोपी ऋषि सिंह पिता बरफ सिंह निवासी दयालपुर वल्लभगढ जिला फरीदाबाद हरियाणा पर पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित किया है । ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का अंतिम निर्णय मान्य होगा।
समाचार 11
नेशनल लोक अदालत का होगा आयोजन
शहडोल
म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल के0एन0सिंह के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को जिला न्यायालय शहडोल एवं सिविल न्यायालय ब्यौहारी, बुढ़ार तथा जयसिंहनगर में किया जाएगा। उक्त नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरणों, चेक बाउन्स के प्रकरणों, पारिवारिक एवं वैवाहिक प्रकरणों, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों आदि का निराकरण किया जायेगा।