गाय की हत्या कर मांस की बिरयानी सेन्टर में कर रहे थे सप्लाई, एक आरोपी गिरफ्तार, मांस व औजार जप्त


शहडोल

मुख्यमंत्री के शहडोल दौरे के पहले गौ तस्करी व गौ मांस के मामलों में सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में जंगल के भीतर एक गाय की निर्मम हत्या कर उसके मांस को डिब्बों में भरकर तस्करी की जा रही थी। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुख्यमंत्री का आगमन इस क्षेत्र में प्रस्तावित है। ऐसे समय में जब पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में लगा है, तब पशु तस्करी और गौवंश के प्रति क्रूरता की ऐसी खबरें चिंताजनक हैं। 

दरअसल धनपुरी थाना क्षेत्र के समीप नीलकंठ मंदिर के पीछे झाड़ियों के बीच दो व्यक्ति गौवंश को काटने की सूचना मिलते ही गौ रक्षक और हिंदू संगठन के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस स्टाफ व गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी की, पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक को पकड़ लिया गया, पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद अंसार अंसारी, निवासी वार्ड नंबर 11 भुटहीटोला, थाना बुढार, शहडोल है। फरार आरोपी का नाम अज्जू अंसारी, निवासी सिंहपुर है।

मौके से पुलिस ने गौवंश का मांस, धारदार हथियार, रस्सी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गौमांस को क्षेत्र में संचालित कुछ बिरयानी सेंटरों में सप्लाई किया जाता था।मामले में गोवंश प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पिंटू नामक व्यक्ति के नेटवर्क के जरिए रात के अंधेरे में ट्रक और पिकअप वाहनों से गौवंश की तस्करी की जा रही है। इन मवेशियों को कानपुर और उन्नाव जैसे क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।

गौ रक्षक हिंदू संगठन ने आरोप लगाया कि जिले में लंबे समय से गौमांस का कारोबार चल रहा है, जिसे सख्ती से कुचलने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसडीओपी विकास पाण्डेय ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


भ्रष्टाचार मामला, जांच अधिकारी पहुंचे हितग्राही के घर, जांच से मचा हड़कंप, नकली नोट का संदेह


अनूपपुर

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की कोतमा शाखा एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गई है। शाखा प्रबंधक संतोष कुमार पर भारी अनियमितता, भ्रष्टाचार एवं हितग्राहियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगने के बाद अब मामले की उच्चस्तरीय जांच प्रारंभ कर दी गई है। शिकायत के आधार पर 2 फरवरी को दोपहर में जांच अधिकारी बिजुरी सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक  शिकायतकर्ता सचिन कुमार अग्रवाल के निवास पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली।

बताया जाता है कि शाखा प्रबंधक संतोष कुमार द्वारा बैंक के हितग्राहियों को बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सरकारी योजनाओं एवं बैंक सुविधाओं का लाभ देने के नाम पर दलालों का सहारा लिया जाता था, जिससे वास्तविक एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा था। आरोप है कि ऋण स्वीकृति के नाम पर भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण दिया जा रहा था, जिससे बैंक की साख पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर शाखा हितग्राही सचिन कुमार अग्रवाल ने शाखा प्रबंधक के विरुद्ध उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए कानूनी नोटिस भी अधिवक्ता के माध्यम से प्रेषित किया था। शिकायत में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि शाखा प्रबंधक द्वारा आम जनता, विशेषकर ग्रामीण एवं कम पढ़े-लिखे हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित कर जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

पीड़ितों का कहना है कि बैंक जैसे भरोसेमंद संस्थान में इस तरह की कार्यप्रणाली से आम जनता का विश्वास डगमगा रहा है। कई हितग्राही मजबूरी में चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि शिक्षित एवं जागरूक नागरिकों ने इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, जिसके परिणामस्वरूप अब जांच प्रारंभ हुई है।

अब सवाल यह है कि क्या जांच केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगी या दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होगी? क्या बैंक प्रशासन वास्तव में हितग्राहियों के हितों की रक्षा करेगा या फिर भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश की जाएगी—यह आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल, जांच शुरू होने से सेंट्रल बैंक कोतमा शाखा में हड़कंप का माहौल है और आम जनता की निगाहें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।

इनका कहना है।

जांच जारी है, जांच उपरांत जो भी प्रतिवेदन आएगा, उचित कार्रवाई की जाएगी। 

*महेंद्र श्रीवास्तव आरएम सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शहडोल*


*कॉलोनी में नकली नोटों का संदेह, पुलिस ने शुरू की निगरानी*


अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-12 स्थित गोविन्दा कॉलोनी (गोविन्दा कालरी न्यू डबल स्टोरी) में पिछले कुछ दिनों से नकली भारतीय मुद्रा के कथित लेन-देन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाजार में 100 और 500 रुपये के जाली नोट चलाए जाने की संभावना है, जिससे आर्थिक नुकसान का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश से आए एक अनजान व्यक्ति की गतिविधियों को लेकर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ युवाओं के माध्यम से जाली नोट चलाने का प्रयास किया गया। वहीं, कुछ लोगों ने असली नोट देकर जाली नोट प्राप्त किए और उन्हें बाजार में चलाने के लिए रखा। हालांकि, अब तक किसी भी स्तर पर जाली नोटों की आधिकारिक बरामदगी नहीं हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर और कोतमा थाना प्रभारी से मांग की है कि संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोग ठगी और आर्थिक हानि का शिकार हो सकते हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है और फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई। अब तक किसी प्रकार की नकली मुद्रा भी बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला गोविन्दा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोग पुलिस कार्रवाई की तेजी की अपेक्षा कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने तक कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और सभी संबंधितों से पूछताछ की जाएगी। इस मामले में थाना प्रभारी को कॉल किया गया, मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

कार ने बाइक को मारी टक्कर, 3 मजदूर हुए गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

जिले के वेंकटनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत राइस मिल के पास सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया। टक्कर तेज थी कि दोनो वाहन सड़क से बाहर जा पहुंचे। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 18 सीए 1536 बुढ़ार से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वेंकटनगर में स्कूल निर्माण कार्य में लगे तीन मजदूर सनी गोड़ (19 वर्ष), सुशील कोल (24 वर्ष) और राजा महरा (26 वर्ष) तीनों निवासी ग्राम छादा, थाना नरौजादा, जिला उमरिया जो कि वेंकटनगर से रानीतालाब मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जहां रास्ते में फोन पर बात करने के लिए उन्होंने बाइक रोककर हीरामोती राइस मिल के पास खड़े हुए थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने बाइक समेत तीनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget