शराब बिक्री व्यवस्था पर सवाल, प्रिंट रेट से अधिक बिक्री और कथित पैकारी की शिकायतों पर जांच की मांग


अनूपपुर 

कोतमा क्षेत्र में शराब बिक्री व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों के बीच असंतोष और चिंता बढ़ती दिखाई दे रही है लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ स्थानों पर निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने के साथ-साथ आसपास के मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों तक कथित रूप से पैकारी (अनधिकृत पुनर्विक्रय) के माध्यम से शराब पहुंचाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की आधिकारिक जांच होना शेष है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कोतमा, कोतमा हाईवे क्षेत्र, झिरियाटोला, राजनगर मार्केट, निगवानी, चाका, खामरोध, बेलिया फाटक, गोविंदा, श्रमिक नगर  सेमरिया चौराहा सहित कई क्षेत्रों में शराब की उपलब्धता को लेकर लोगों ने चिंता व्यक्त की है नागरिकों का कहना है कि यदि नियमों के विपरीत बिक्री और पुनर्विक्रय की गतिविधियां हो रही हैं तो इसका असर सामाजिक माहौल और जनजीवन पर पड़ सकता है।

क्षेत्र की महिलाओं और परिवारों ने भी इस विषय को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों के आसपास अनुशासित वातावरण बना रहना चाहिए। कुछ स्थानीय लोगों ने कहा कि सुबह के समय गांवों और मोहल्लों में शराब की उपलब्धता को लेकर लोगों में चर्चा और चिंता बढ़ रही है।

स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि शराब दुकानों पर निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि नियमों का पालन और सामाजिक संतुलन दोनों समान रूप से आवश्यक हैं। शराब दुकान का संचालन ठेकेदार वीरेंद्र कुमार राय के नाम से किया जा रहा है। नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग से कार्यवाही कि मांग की है। 

इनका कहना है।

क्षेत्र में लल्लू प्रकाश सहित कुछ लोगों के माध्यम से गांवों में सुबह के समय शराब पहुंचाए जाने की शिकायतें स्थानीय स्तर पर सामने आ रही हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

*मित्तल महरा स्थानीय शिकायतकर्ता*

यदि कोतमा शराब दुकान से प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित मूल्य से अधिक बिक्री नहीं होने दी जाएगी। यदि पैकारी की शिकायतें प्राप्त होती हैं तो उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

*कृष्णकांत उईके, आबकारी अधिकारी कोतमा*

नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रको की टक्कर, दोनो चालक घायल, अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी को जिला शहडोल से गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग बालिका द्वारा अपने माता पिता के साथ थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रिस्तेदारी में बरहो के कार्यक्रम के दौरान मोहित पटेल निवासी ग्राम पड़रिया थाना बुढार जिला शहडोल से परिचय और दोस्ती होने के बाद मोहित पटेल नाबालिग बालिका के घर आना जाना करने लगा और इस बीच आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका के साथ शारीरिक दुष्कर्म किया गया है। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 292/26 धारा 64(2) (m), बीएनएस एवं 5,6 पाक्सो एक्ट पंजीबद्ध किया गया।

टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक रीतेश सिहं, शेख रसीद एवं आरक्षक अब्दुल महिला आरक्षक अंकिता सोनी की टीम के द्वारा नाबालिग बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया जाकर तत्काल चन्दघण्टो में आरोपी नवयुवक मोहित पटेल पिता भगवानदास पटेल उम्र करीब 23 साल निवासी ग्राम पड़रिया थाना बुढार जिला शहडोल को घर से गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किये जाने पर उक्त प्रकरण में जेल भेजा गया है।

*दो ट्रको की जोरदार टक्कर, दोनो चालक हुए घायल, अस्पताल में भर्ती*


शहडोल जिले के जयसिंहनगर और गोहपारू थाना क्षेत्र की सीमा में स्थित चुन्दी नदी के पास रविवार सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को पीछे खिंचवाकर केबिन में फंसे चालकों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। गंभीर रूप से घायल दोनों चालकों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

समय रहते पुलिस द्वारा किए गए रेस्क्यू के कारण दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

रात घर में घुसा बाघ, महिला को उतारा मौत के घाट, गुस्साए ग्रामीणों ने रेंजर का सिर फोड़ा, इलाके में भारी तनाव


उमरिया

जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पनपथा रेंज में देर रात एक बाघ ने घर में घुसकर महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हैं। घटना से नाराज ग्रामीणों ने वन अधिकारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की है।

देर रात करीब 3 बजे एक बाघ दीवार लांघकर सीधे घर के अंदर घुस गया और सो रही 48 वर्षीय फूल बाई पाल पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद बाघ ने पास के ही खेरवा टोला में भी हमला किया, जिसमें दशईया पाल समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना के बाद वन विभाग की टीम के समय पर न पहुंचने से ग्रामीण बेहद आक्रोशित हो गए। सुबह जब टीम मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। यही नहीं, ग्रामीणों ने महिला रेंजर अंजू वर्मा को भी बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची कांग्रेस नेत्री और जनपद सदस्य रोशनी सिंह धुर्वे ने ग्रामीणों को समझाने और रेंजर को मुक्त कराने की कोशिश की, लेकिन हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

घटना के कई घंटों बाद भी गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका फूल बाई का शव अभी भी घर के भीतर ही है और बाघ घर के आसपास ही डटा हुआ है। मौके पर इंदवार पुलिस बल तैनात है, लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के आगे प्रशासनिक अमला बेबस नजर आ रहा है।

पनपथा के एसडीओ भूरा गायकवाड़ ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कहा कि वे फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ही आगे की जानकारी दे पाएंगे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है, वहीं वन विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget