श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा निर्मित मुक्तिधाम को अमरकंटक नगर परिषद को किया समर्पित


अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल करते हुए श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा लगभग 40 लाख रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित आधुनिक मुक्तिधाम को आज विधिवत रूप से नगर परिषद अमरकंटक को सौंप दिया गया। इस अवसर पर पुष्पराजगढ़ के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते सहित समस्त पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण वह क्षण रहा जब श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि ने मुक्तिधाम की चाबी औपचारिक रूप से नगर परिषद को सुपुर्द की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि यह मुक्तिधाम केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, संवेदना और संस्कारों का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने आश्रम के इस लोकहितकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे नगरवासियों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों के लिए एक व्यवस्थित एवं सम्मानजनक स्थल उपलब्ध होगा।

स्वामी हिमाद्री मुनि ने अपने उद्बोधन में कहा कि आश्रम सदैव समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है और यह मुक्तिधाम उसी सेवा भावना का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर परिषद इस व्यवस्था का सुचारू संचालन कर इसे जनसुविधा के रूप में विकसित करेगी।

कार्यक्रम में धार्मिक संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें स्वामी हरस्वरूप जी महाराज, स्वामी धर्मानंद जी महाराज, विनोद कर, राजेंद्र बिष्ट  देवानंद खत्री रामगोपाल द्विवेदी पूर्व उपाध्यक्ष, रोशन पन्नारिया पार्षद, पवन तिवारी पार्षद, सुखनंदन सिंह पार्षद, विमला दुबे पार्षद, उषा सिंह उईके पार्षद, जोहन लाल चंद्रवंशी पार्षद, शक्ति पांडे पार्षद, प्रकाश द्विवेदी सांसद प्रतिनिधि,  अभिषेक द्विवेदी, डॉ. एस.के. तिवारी, संतोष पांडे सहित  जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने आश्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि मुक्तिधाम की व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाए रखने हेतु हर संभव प्रयास किया जायेगा  ।

उल्लेखनीय है कि उक्त मुक्तिधाम अमरकंटक नगरवासियों एवं आने वाले लोगों के लिए पूर्णतः उपलब्ध होगा। इस पहल से न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि अमरकंटक की सामाजिक संरचना में एक सशक्त और संवेदनशील अधोसंरचना का भी समावेश हुआ है।

अवैध मवेशियों से भरे दो पीकप सहित 12 जानवर जप्त, दोनो ड्राइवर हुए फरार, मामला हुआ दर्ज


अनूपपुर

थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बिना नंबर का सफेद पिकअप वाहन जैतहरी से चांदपुर की ओर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लोड कर परिवहन हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा राहगीर गवाहों की सहायता से चांदपुर तिराहा में नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक पुलिस वाहन को देखकर अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। मौके पर मिले बिना नंबर के सफेद पिकअप (इंजन नंबर TTS4K23592, चेचिस नंबर RETTKS6K 27242), जो हरे रंग की तिरपाल से ढका हुआ था, की तलाशी लेने पर उसमें 6 नग मवेशी क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,40,000 रुपये है। पुलिस द्वारा वाहन एवं मवेशियों को विधिवत जब्त कर मवेशियों को ग्राम अंजनी गौशाला में सुरक्षित रखवाया गया।

इसी क्रम में उसी रात प्राप्त एक अन्य सूचना पर टकहुली तिराहा में नाकाबंदी की गई। एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक पुलिस की लाइट देखकर वाहन को टकहुली की ओर भगा ले गया। पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वाहन (चेचिस नंबर RE2TTKS6K29033, इंजन नंबर TTS4K25298) की जांच करने पर उसमें 6 नग मवेशी (भैंस के पाड़े) क्रूरतापूर्वक भरे पाए गए। उक्त मवेशियों की कीमत लगभग 1,30,000 रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 5,00,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन एवं मवेशियों को जब्त कर मवेशियों को कांजी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया।

इस प्रकार थाना जैतहरी पुलिस द्वारा कुल 2 पिकअप वाहन (कुल कीमत लगभग 10,00,000 रुपये) एवं 12 नग मवेशी (8 पाड़े एवं 4 भैंस, कुल कीमत लगभग 2,70,000 रुपये) जब्त किए गए। अज्ञात वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

अवैध प्लॉटिंग पर एसडीएम की सख्ती, पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष की माँ समेत अन्य को नोटिस जारी


अनूपपुर

नगर में लंबे समय से चल रही अवैध प्लॉटिंग और जमीन विक्रय के खेल पर अनुविभागीय दंडाधिकारी कोतमा द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।

नगर के वार्ड क्रमांक 8 में बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग कर जमीन बेचने का मामला सामने आया है। इसमें  भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन की मां पूर्व पार्षद ममता जैन द्वारा कथित रूप से अवैध रूप से भूमि का विभाजन कर विक्रय किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्लॉटों का पंजीयन कर बिक्री भी कर दी गई है, जो सीधे-सीधे राजस्व नियमों का उल्लंघन है।

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 10 में भी भुमेश प्रसाद पिता अगस्त मुनि, संतन पाल एवं रुकमणी देवी सोनी द्वारा अवैध प्लॉटिंग कर जमीन बेचे जाने का मामला उजागर हुआ है। तहसीलदार एवं पटवारी की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम कार्यालय ने इन सभी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विधिवत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

जांच में पाया गया कि संबंधित लोगों ने बिना लेआउट स्वीकृति, बिना डायवर्सन और बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के भूमि का छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजन कर विक्रय किया। यह कृत्य मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता एवं नगर एवं ग्राम निवेश अधिनियम के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 

इनका कहना है।

संबंधित जनों को नोटिस जारी कर दिया गया है अग्रिम कानूनी कार्यवाही जारी है। 

*सतीश वर्मा, एसडीएम, कोतमा*

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget