उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जुर्माना की राशि जमा न करने पर हुआ गिरफ्तार, गया जेल


अनूपपुर

म प्र पू क्षे वि वि कं लि अनुपपुर ग्रामीण के कनिष्ठ अभियंता द्वारा दिनांक 17 फरवरी 2025 को दोपहर लगभग 12 बजकर 11 मिनट पर ग्राम दुलहरा मे राम नारायण पटेल पिता जियालाल पटेल उम्र 45 वर्ष के परिसर में औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमे उपयोगकर्ता द्वारा एल टी लाइन से लगभग 45 मीटर डायरेक्ट लाइन जोड़कर कुआ मे दो एच पी की पनडुब्बी मोटर डालकर विद्युत की चोरी करते हुए पाया गया था।  कुआ के पास उपभोक्ता प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित पार्वती उम्र 75 वर्ष द्वारा कनिष्ठ अभियंता अनूपपुर ग्रामीण को बताया कि कुआ मे मोटर उनके बेटे राम नारायण पटेल द्वारा डाला गया है, परिसर मे विद्युत उपयोग करने का कोई भी वैध प्रमाण नहीं मिला था, जिससे प्राथमिक तौर पर ही यह पाया गया था, विद्युत का अवैध उपयोग किया जा रहा है। जिस पर जांच टीम के द्वारा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत पंचनामा बनाते हुए प्रकरण तैयार किया गया। जिसका अंतिम निर्धारण करते हुए विद्युत क्षतिपूर्ति की सिविल दायित्व की राशि 13195 और प्रशमन राशि 200 कुल 13395 का निर्धारण करते हुए उपभोक्ता को कई बार जुर्माना राशि जमा करने हेतु कार्यालय से नोटिस दिया गया, परंतु उपभोक्ता द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही थी। प्रकरण को तीन बार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्री लिटीगेशन मे भी रखा जाकर उपभोक्ता को तीनो बार नोटिस दी गई,  परंतु उसके बाद भी उपभोक्ता द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही थी। जिससे कार्यपालन अभियंता अनूपपुर अरुणेन्द्र प्रसाद मौर्य द्वारा उक्त प्रकरण को नरेंद्र पटेल विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम अनूपपुर के न्यायालय मे रेगुलर प्रकरण के रूप मे प्रकरण क्रमांक 47/2026 मे दर्ज कराया गया, जिसमे न्यायालय द्वारा जमानती वारंट जारी किया गया, जिसकी तामीली के बाद भी आरोपी उपस्थित नहीं हुआ। जिसके बाद न्यायालय द्वारा आरोपी का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, जिसके परिपालन मे थाना कोतवाली अनूपपुर के पुलिस बल द्वारा गिरफ्तार कर रिमांड न्यायालय मे पेश किया, जिसे रिमांड न्यायालय ने जेल वारंट बनाकर जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया है।

झाड़ियों में बाघ का क्षत-विक्षत मिला शव, मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम, जांच में जुटी 


उमरिया 

जिले के मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला है। जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग और राज्य वन विकास निगम के अधिकारी सोमवार को मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

यह शव राज्य वन विकास निगम के परियोजना परिक्षेत्र उमरिया के चंदवार बीट के पी-111 राजस्व क्षेत्र में झाड़ियों के बीच पाया गया। शव की खराब स्थिति के कारण बाघ की मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

सूचना पर वन विभाग और वन विकास निगम की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। डॉग स्क्वाड की सहायता से भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकार से संबंधित सुराग मिल सकें।

उमरिया परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि टीम मौके पर मौजूद है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। घटना के बाद वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

ट्रक के अंदर फांसी पर लटका मिला वाहन मालिक का शव, हत्या या आत्महत्या, कारण अज्ञात


शहडोल 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े एक ट्रक के केबिन में वाहन मालिक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक यूपी 70 जीटी 1771 के अंदर वाहन मालिक इरफान खान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इरफान खान खुद ट्रक चालक भी था और वाहन का मालिक भी बताया जा रहा है। बताया गया है कि इरफान के पास दो ट्रक हैं और दोनों ट्रकों में प्रयागराज से ईंट लोड कर ब्यौहारी लाया गया था।

दूसरे ट्रक के चालक आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दोनों ट्रक लेकर प्रयागराज से ब्यौहारी आए थे। एक ट्रक इरफान खुद चला रहा था, जबकि दूसरे ट्रक को आनंद चला रहा था। रविवार रात दोनों ट्रक ब्यौहारी में पानी टंकी के पास खड़े किए गए। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया। खाना खाने के बाद इरफान अपने ट्रक में सोने चला गया और आनंद अपने ट्रक में सो गया।

सोमवार सुबह जब आनंद इरफान को जगाने उसके ट्रक में पहुंचा तो उसने देखा कि इरफान ट्रक के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देख वह घबरा गया और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। चालक आनंद बताया कि रात में खाना खाने के बाद इरफान अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ? यह किसी को पता नहीं है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget