चोरी करते 4 चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, कपड़ा दुकान में लगी आग, जला लाखो का सामान


अनूपपुर

रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए खदान में चोरी करते 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹75,000 मूल्य का माल जप्त किया गया है।

थाना रामनगर क्षेत्र के अमाडांड़ OCM खदान में सुरक्षा प्रभारी संजय कुमार मिश्रा द्वारा सूचना दी गई कि बीती रात करीब 2:30 बजे अज्ञात व्यक्ति स्टोर में रखी केबल चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को चोरी करते समय ही पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जैनुल आबेदीन (36 वर्ष), मोहम्मद साकिल (25 वर्ष), जलेश्वर चौधरी (35 वर्ष) निवासी कोतमा एवं रामदास निवासी मलगा (42 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, एक मोटरसाइकिल (टीवीएस स्पोर्ट्स, कीमत करीब ₹70,000) तथा लगभग 5-7 मीटर कॉपर केबल (कीमत करीब ₹5,000) जप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 331(4), 305(B) , 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है ।

*कपड़ा दुकान में लगी आग*


शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां राजेंद्र गेस्ट हाउस के बगल में स्थित नरेंद्र जायसवाल के कॉम्प्लेक्स में संचालित कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा कपड़ा सहित अन्य सामान आग की लपटों में घिर गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में दुकान मालिक को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का सही कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को संभाला। वहीं धनपुरी नगरपालिका की दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 1 की मौत, 4 घायल, घायल अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

अमरकंटक थाना क्षेत्र से लगभग 7 किलोमीटर दूर अमरकंटक-शहडोल मार्ग स्थित जालेश्वर तिराहा पर 4 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खड़ी स्कूटी से जा टकराई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। हर्राटोला पोडकी निवासी 32 वर्षीय मंगल माझी, पिता जय राम माझी, अपनी नई टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल की पूजा-अर्चना कराकर अमरकंटक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जालेश्वर तिराहा के मोड़ पर तेज गति के कारण उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े राजेंद्र ग्राम किरगी निवासी प्रिंस सोनी एवं उनकी चाची सुधा सोनी की स्कूटी से जा टकराया। प्रिंस सोनी और सुधा सोनी अपने बच्चों के साथ अमरकंटक में मां नर्मदा के दर्शन-पूजन के बाद वापस लौट रहे थे और जालेश्वर तिराहा पर कुछ देर रुककर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।

*मोटरसाइकिल की टक्कर से ग्रामीण मौत*

शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सीधी थाना क्षेत्र के ब्यौहारी-बनसुकली मेन रोड पर घुटघुरिया सीधी के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण लक्ष्मण सिंह गोंड सड़क किनारे महुआ बिन रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्मण सिंह गोंड को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

*दो बाइक की टक्कर, सुरक्षा गार्ड घायल*


उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के कांटा घर में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब गार्ड अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे।

घायल गार्ड की पहचान सुरेश वर्मा (उम्र 54 वर्ष) के रूप में हुई है। सुरेश वर्मा अपनी 8 बजे से 4 बजे तक की ड्यूटी पूरी कर कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक की टक्कर एक दूसरी बाइक से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी बाइक चला रहा व्यक्ति नशे में था, जो इस दुर्घटना का कारण बना।

भरभराकर गिरा 4 मंजिला लॉज, 2 की मौत कई घायल, मलबा हटाने में लगा रेस्क्यू टीम, बचाव का कार्य जारी

*मंत्री, कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित पहुँचे घटनास्थल, भारी पुलिस बल तैनात*


अनूपपुर

जिले के कोतमा बस स्टैंड के पास 4 मंजिला अग्रवाल लॉज अचानक भरभराकर गिर गया। उसके पूरे नगर में अफरा तफरी का माहौल है। मलबे में कई मजदूर व अन्य लोग लगभग 10 से 12 लोगो के दबे होने की आशंका है। लॉज के गिरने से आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। यह हादसा शनिवार की शाम 5 बजकर 36 मिनट 43 सेकेण्ड में हुआ। 04 घायलों को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां पर 01 हनुमानदीन व्यक्ति की मौत हो गयी है। वही कुछ घंटे बाद मलबे से दूसरा शव रामकृपाल यादव उम्र 50 वर्ष मजदूर निवासी फुनगा का निकाला गया है। जिसमे मरने वालों की संख्या 02 हो गयी है। घटना स्थल पर मंत्री दिलीप जैसवाल, कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, तहसीलदार, नगरपालिका अध्यक्ष, कई थानों के टीआई व पुलिस बल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। मौके पर 03 जेसीबी व 01 क्रेन मशीन से मलबा हटाने का कार्य जारी है। मौके पर एसडीआरएफ, कॉलरी, नगरपालिका के 100 लोगो का रेस्क्यू दल मलबा हटाने में लगा है। जिस गड्ढे में लोग फंसे हैं, वहां रेस्क्यू टीम को काम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। मलबे में बड़ी मात्रा में लोहे की रॉड होने के कारण जेसीबी मशीनों से भी मलबा हटाने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल मौके पर बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात जारी रहने की संभावना है। रात 12 बजे तकतक 25 से 30 प्रतिशत ही मलबा हट पाया था। रात होने के कारण रेस्क्यू धीरे-धीरे चलने की आशंका है। 


लॉज के ठीक बगल नए निर्माणाधीन मकान का कार्य जारी है। मकान अंडरग्राउंड खुदाई का काम चल रहा था। बताया जा रहा है की 10-12 फिट का गड्ढा खोदा गया था, जिस पर पानी भर गया था, जिस कारण से लॉज की नींव कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। जो निर्माण हो रहा था उस निर्माण की नगरपालिका से अनुमति ली गयी थी इसकी जानकारी अभी तक नही मिल पाई हैं।


*मुख्यमंत्री ने जताया शोक*

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मिडिया के माध्यम से अपना संदेश देते हुए कहा हैं कि अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में लॉज का गिरने की दुर्घटना दुखद है। जो मौत हुई है वो पीड़ादायक है। एनडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। मंत्री दिलीप अहिरवार और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुँचकर राहत व उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने अनूपपुर जिले के कोतमा नगरपालिका क्षेत्र में एक होटल की पुरानी इमारत अचानक जमींदोज होने की घटना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर राहत बचाव  कार्य का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।



MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget