समाचार 01 फ़ोटो 01
मंडल अध्यक्ष ने महिला से स्थानांतरण कराने के नाम लिए 40 हजार, पार्टी को किया दागदार, नही हुई कार्यवाही
*बातचीत में प्रभारी मंत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायक, कलेक्टर, जिलाध्यक्ष तक का नाम, पार्टी के नाम वसूल रहे हैं लाखों रुपए*
अनूपपुर
जिला अनूपपुर में एक घटना जो जिले के गांव गांव से लेकर देश, प्रदेश भर में सावन,भादों के बादल की तरह छाया है, जिसमें जिला मुख्यालय अनूपपुर के मंडल अध्यक्ष के द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर रुपए लेकर देने के बदले स्थानांतरण कराए जाने एवं कलेक्टर से फाइल दबाने की बातचीत की जा रही है, साथ में सामूहिक रूप से गाली दिए जाने की रिकॉर्डिंग आवाज भी सुनाई दे रही।
काल रिकॉर्डिंग को सुनने से स्पष्ट प्रतीत हो रहा कि मण्डल अध्यक्ष के द्वारा महिला से रुपया लिया गया है, स्थानांतरण कराए जाने के लिए लेकिन काम अभी तक नहीं हुआ है। मंडल अध्यक्ष की रिकॉर्डिंग यह भी बयां कर रही की उपरोक्त राशि 40 हजार जो प्रभारी मंत्री के पीए के माध्यम से मंत्री जी को दी गई है।
इतनी स्पष्ट आवाज जो गूंगे बहरे भी सुनकर समझ जाएंगे पूरा मामला क्या है, फिर भी मामले को लेकर जब जिम्मेदारों से बात की जाती है तो उनका केवल एक जवाब रहता है। मामला संज्ञान में आया है, जांच कर कड़ी कार्यवाही करेंगे उन जिम्मेदारों से जनमानस के लोग यह जानना उचित समझा रहे हैं कि जब पूरी बात की रिकॉर्डिंग स्पष्ट सुनाई दे रही है। महिला कर्मचारी काम न होने की स्थिति में अपने पैसे वापस मांग रही, इसके बाद भी मंडल अध्यक्ष पूर्व विधायक कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रोतेल, को लेकर कलेक्टर के पास जाने की बात कर रहा है। वहीं दूसरी ओर यह भी कह रहा की प्रभारी मंत्री को स्वयं की चिंता है, गाली देकर इसी काम के बदले पैसा लिया है, काम होगा क्यों नहीं उसमें यह भी स्पष्ट सुनाई दे रहा की मैं अभी तक अपने काम में फंसा हुआ था, अब मेरा काम हो गया है, जल्द ही आपका काम हो जाएगा कलेक्टर फाइल दबा के रखा है, आज या कल हम जाकर कलेक्टर से बात करेंगे करेंगे। कलेक्टर का नाम लेकर ऐसे बात कर रहा है जैसे कलेक्टर उसका नौकर हो, और कह रहा है अगर अटैच कराना होगा तो एक घंटे में करा दूंगा। इस तरह का कार्य करके मंडल अध्यक्ष पार्टी, पदाधिकारियों, मंत्री व प्रशासन को दागदार कर रहा है, सोचने वाली बात है कि क्या मंत्री स्थानांतरण के नाम पर इतनी छोटी सी रकम ले सकता है? ऐसा लग रहा है कि पूरा 40 हजार रुपया खुद मंडल अध्यक्ष खा गया, महिला का न तो स्थानांतरण करवाया न महिला को रुपए वापस किया। पता कितने लोगों से स्थानांतरण के नाम पर लाखो रुपए वसूले होंगे। ऐसे भ्रष्ट मंडल अध्यक्ष को पार्टी तुरंत बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए। खबर लिखे जाने तक पार्टी ने अभी तक मंडल अध्यक्ष पर कोई कार्यवाही नही की है। कार्यवाही कब करेगी या नही करेगी आने वाला समय ही बता पायेगा।
प्रश्न चिन्ह तो यहां खड़ा हो रहा की भारतीय जनता पार्टी की सरकार सट्टा एवं संगठन की जिम्मेदार अपने पार्टी को गंगाजल की तरह पवित्र मानते हैं और उन्हें का अदना सा मंडल अध्यक्ष उसे गंगाजल में भ्रष्टाचार रूपी कालिख पोतकर जिलाध्यक्ष, प्रभारी मंत्री, विधायक, सरकार, सत्ता,संगठन, यहां तक की जिला प्रशासन के मुखिया कलेक्टर के नाम को बदनाम करने की कुटाई नहीं छोड़ रहा, इतने के बावजूद भी लगभग सभी जिम्मेदार चुप्पी साधकर मौन बैठे हुए हैं जो जनमानस को नहीं पच रहा।
इन जिम्मेदारों के इस मौन चुप्पी से बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा कि मंडल अध्यक्ष के इस रिकॉर्डिंग रूपी ऑडियो वीडियो में सत्यता तो नहीं,प्रभारी मंत्री मंडल अध्यक्ष के माध्यम से गरीब कर्मचारी का पैसा हजम कर गए हों। अगर प्रभारी मंत्री के द्वारा मंडल अध्यक्ष से स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारी का स्थानांतरण कराए जाने को लेकर पैसे नहीं लिया गया तो फिर झूठे बयान बाजी और अभद्र भाषा को लेकर मंडल अध्यक्ष के विरुद्ध अभी तक प्रभारी मंत्री के साथ सत्ता संगठन के द्वारा कड़ी कार्यवाही क्यों नहीं की गई। I
इनका कहना -
मैं अभी मुख्यालय से बाहर हूं, मामला संज्ञान में आया है, वापस आने के बाद पूरे मामले की जांच करा कर निश्चित तौर पर दोषी जन कोई भी हो कड़ी कार्रवाही करूंगा।
*हीरा सिंह श्याम, जिलाध्यक्ष, भाजपा, अनूपपुर*
समाचारों के माध्यम से खबर मिली है, जिला अध्यक्ष से चर्चा कर तत्काल मामले को संज्ञान में ले रहा हूँ, अगर मंडल अध्यक्ष गलत है तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
गौरव सिरोठिया, भाजपा संगठन प्रभारी, संभाग शहडोल*
पूरे मामले को लेकर जब अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार से फोन कॉल मिलाकर बात किए जाने का प्रयास किया गया तो एक बार उन्होंने कहा मैं थोड़ी देर से बात करता हूं, दूसरी बार कॉल किए जाने के बाद उन्होंने फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा।
*दिलीप अहिरवार, प्रभारी मंत्री, अनूपपुर*
मुझे तत्काल पूरे मामले की ऑडियो वीडियो के साथ समाचार की खबरें भेजिए, मैं प्रदेश अध्यक्ष से बात कर पूरे मामले से अवगत कराऊंगा। मंडल अध्यक्ष हो या भाजपा का कोई भी कितना भी बड़ा पदाधिकारी क्यों ना हो, अगर गलत किया है तो कड़ी कार्यवाही होगी।
*श्याम महाजन, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री, मध्य प्रदेश*
समाचार 02 फ़ोटो 02
नप के जेसीबी से उपाध्यक्ष करा रहा है कॉलरी की खदान से अवैध मिट्टी की निकासी, रेलवे स्टेशन में 10 लाख का है ठेका
*अध्यक्ष सीएमओ को नही है जानकारी, पार्षदो व स्थानीय लोगो ने जताया विरोध, कार्यवाही की मांग*
अनूपपुर
जिले के अमलाई क्षेत्र में एक बार फिर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोल इंडिया की खदानों से अवैध रूप से ओवरबर्डन (ऊपरी परत की मिट्टी) निकालकर अमलाई रेलवे स्टेशन में बन रहे प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य में डाली जा रही थी। यह काम पिछले दो दिनों से लगातार चल रहा था। इस पूरे मामले में नगर परिषद बरगवां-अमलाई की जेसीबी मशीन लगाए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कोल इंडिया की खदानों से बिना अनुमति मिट्टी की निकासी कर उसे ट्रैक्टर और मेटाडोर के माध्यम से रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन में मिट्टी भराई का करीब 8 से 10 लाख रुपए का ठेका लिया गया है और उसी के तहत यह काम कराया जा रहा था। आरोप है कि यह पूरा कार्य नगर परिषद बरगवां-अमलाई के उपाध्यक्ष राज तिवारी के इशारे पर कराया जा रहा था। जिस पर पार्षद और भाजपा नेता पवन चीनी समेत अन्य भाजपा पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। पार्षदों का आरोप है कि कोल इंडिया की खदान से चोरी-छिपे ओवरबर्डन मिट्टी निकालकर रेलवे के निर्माण कार्य में डाली जा रही थी, जो पूरी तरह अवैध है।
मौके पर मौजूद जेसीबी चालक राशिद खान पिता मोहम्मद रफीक ने बताया कि उसे जेसीबी लेकर आने और मिट्टी निकालने के लिए कहा गया था। उसने यह भी कहा कि नगर परिषद में इस काम की कोई विधिवत एंट्री नहीं है और न ही अवैध उत्खनन के लिए मशीन दी जाती है। चालक के अनुसार नगर परिषद के उपाध्यक्ष राज तिवारी पहले भी कई बार इसी तरह के काम अनाधिकृत रूप से कराते रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोल इंडिया के एरिया सुरक्षा अधिकारी अमित सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ सोहागपुर एरिया के अन्य सुरक्षा अधिकारी भी पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद सर्वे विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया, जिन्होंने बताया कि यह पूरा क्षेत्र सुहागपुर एरिया के अंतर्गत आता है, जहां से मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने इस मामले में कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यों की निगरानी इंजीनियर के माध्यम से होती है और संभव है कि मशीन उसी के द्वारा भेजी गई हो।
वहीं रेलवे विभाग की ओर से निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले आईओडब्ल्यू के प्रभारी अरविंद ने भी कहा कि उन्हें इस प्रकार की किसी गतिविधि की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई ठेकेदार चोरी-छिपे अवैध रूप से कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ठेका भी निरस्त किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस काम में दो ट्रैक्टर और एक मेटाडोर भी लगाए गए थे, जो खदान से मिट्टी निकालकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।
फिलहाल कोल इंडिया के अधिकारियों द्वारा देवहरा पुलिस थाना में अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। अब इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई का दारोमदार देवहरा पुलिस पर टिका हुआ है कि वह स्वयं मामला दर्ज करती है या फिर इसे खनिज विभाग को जांच के लिए भेजा जाता है। फिलहाल अवैध उत्खनन के इस मामले ने क्षेत्र में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
पुलिस द्वारा अवैध उगाही के लिए गुण्डागर्दी और मारपीट की शिकायत पर मामला दर्ज, 2 आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अवैध वसूली के लिए गुण्डागर्दी और मारपीट के प्रकरण दर्ज किये जाकर दो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है। 17 मार्च 2026 की रात करीब 08.00 बजे फरियादी अभिजीत सिहं पिता चारधाम सिहं उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 आरसीएम रोड अनूपपुर के साथ अनीश पटेल निवासी दुलहरा, शिब्बू पटेल निवासी ग्राम कोड़ा, मुकेश पटेल निवासी मेड़ियारास, गंगाराम पटेल निवासी वार्ड न. 15 बस्ती, हाल ग्राम दमना अनूपपुर के द्वारा अवैध उगाही के लिए गुण्डागर्दी कर मारपीट करने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 176/26 धारा 119(1), 296थी 115(2), 351(2),3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।
उक्त दिनांक को ही रात्रि करीब 11.30 बजे अमित कुमार शुक्ला पिता राकेश शुक्ला उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 बस्ती रोड चेतना नगर अनूपपुर के साथ भी उक्त आरोपी अनीश पटेल, गंगाराम पटेल, मुकेश पटेल, शिब्बू पटेल, प्रखर पटेल एवं अन्य के द्वारा अवैध उगाही के लिए गुण्डागर्दी कर मारपीट करने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 175/26 धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2),3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।
टी.आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा तत्काल आरोपी शिब्बू पटेल पिता मदन पटेल उम्र करीब 30 साल निवासी ग्राम कोड़ा एवं मुकेश पटेल पिता धनीराम पटेल उम्र करीब 31 साल निवासी ग्राम मेडियारास थाना चचाई जिला अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। उक्त आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, गाली गलौज एवं धमकी के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं । पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान जी द्वारा उक्त अपराधियो के विरुद्ध पूर्व से अनेक अपराध होने के कारण जिला बदर कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
सीआईएल द्वारा आयोजित परीक्षा में हसदेव क्षेत्र का रहा दबदबा
अनूपपुर
कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा 2025 में गैर अधिकारी से अधिकारी वर्ग के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम विगत जारी कर दिया गया है,इस परीक्षा में हसदेव क्षेत्र के कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
चयनित अभ्यर्थियों में सेंट्रल हॉस्पिटल मनेंद्रगढ़ से तीन कर्मचारी क्रमशः मनोज चौरसिया चीफ फार्मासिस्ट का चयन वरिष्ठ अधिकारी (मार्केटिंग एवं सेल्स), लोकेंद्र सिंह भदौरिया चीफ फार्मासिस्ट, रजा अहमद ईसीजी-टेक्नीशियन एवं हसदेव क्षेत्र के अन्य कर्मचारियों में राम प्रवेश दुबे एवं श्री राका का चयन वरिष्ठ अधिकारी (मानव संसाधन) के पद पर हुआ हैं,हसदेव क्षेत्र ने इस बार 05 कर्मचारियों का वरीयता सूची में स्थान बनाकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। महाप्रबंधक हसदेव क्षेत्र मनोज विश्नोई ने इस विशेष प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।
हिंद मजदूर सभा हसदेव क्षेत्र परिवार के 03 साथी जिनका चयन नॉन एग्जीक्यूटिव से एग्जीक्यूटिव मे चयनित हुए मनोज चौरसिया, सीनियर आफीसर ई-2 सेल्स एंड मार्केटिंग, लोकेंद्र सिंह भदौरिया सीनियर आफीसर ई-2 एच आर एवं रजा अहमद सीनियर आफीसर ई-2 का चयन एच आर मे हुआ है ,इन तीनों साथियों को कोल इंडिया सुरक्षा समिति के सदस्य अख्तर जावेद उस्मानी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पुलिस ने चोरी के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया, भेजा गया जेल
अनूपपुर
नागेन्द्र कुमार अवस्थी पिता रामदेव अवस्थी उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम बदरा थाना भालूमाडा के द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2026 को सूचना दी गई थी कि एम.एन. सिंह पेट्रोल पम्प के मालिक संग्राम सिंह निवासी बदरा के परिवार सहित ईलाज कराने नागपुर चले गये है तथा घर में ताला बंद था दिनांक 19-20/01/2026 की रात्रि अज्ञात चोर घर का ताला तोड कर चोरी करने घर में घुस कर अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ले गये है सामान अस्त व्यस्त पडा है मकान मालिक आने पर चोरी गये सामानों के बारे में जानकारी देंगे रिपोर्ट पर थाना भालूमाडा में अप.क्र. 24/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस कायम कर विवेचना की गई । मकान मालिक के घऱ में लगे सीसीटीव्ही कैमरा में चोरी की वारदात भी कैद हुई लेकिन तीन चोंरो द्वारा नकाब लगाये होने से पहचांन नही हो सकी तथा घर के बाहर चोरो के द्वारा पहुंचने के लिए इनोवा कार का उपयोग किया गया था तथा इनोवा कार में भी दो व्यक्ति बैठे दिख रहे थे विवेचना के दौरान फरियादी के द्वारा चोरी गये सोने चांदी के जेवरातों की सूची पुलिस को प्रस्तुत की गई थी विवेचना हेतु पुलिस टीम के द्वारा अज्ञात चोर तथा चोरी का माल पकडने के लिए दिन रात प्रयास करते हुए आस पास व रास्ते व टोल नाका के सभी सीसीटीव्ही फउटेज खंगाले गये जिससे पता चला कि टोल नाका मैनटोला बिजुरी से एक इनोवा कार क्रमांक CG 16 CG 2914 दिनांक 20 जनवरी 2026 के रात्रि 03.35 बजे मनेन्द्रगढ तरफ जाती हुई दिख रही है तथा उसमें पांच लोग बैठे हुए है जिसके उपर संदेह करते हुए गाडी नम्बर का पता किया गया तो पता चला कि कुर्वान रजा खान पिता गुलबहार खान निवासी तिलईधार थाना सीतापुर सरगुजा छ.ग. के नाम से दर्ज है जो अपने उक्त इनोवा कार को अपने मामा ससुर जब्बीर खान पिता हाफिज खान उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम रायकेरा थाना सीतापुर को चलाने के लिए दिया था और जब्बीर खान अपने दोस्तों अनीश खान उर्फ गोल्डन पिता अमीन खान उम्र 26 वर्ष निवासी रायकेरा टोप्पोपारा थाना सीतापुर जिला सरगुजा, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी पिता राम प्रसाद गिरी उम्र 32 वर्ष निवासी बालमपुर जंगलपारा थाना सीतापुर जिला सरगुजा एवं पास्टर उर्फ मानवेन्द्र लकड़ा निवासी नकना थाना सीतापुर जिला सरगुजा के द्वारा घटना दिनांक को उक्त वाहन से बदरा पहुंचकर फरियादी के घऱ का ताला तोड कर सोने चांदी का जेवरात अलमारी में रखे तोड खोल कर चोरी कर ले गये थे चोरों की पता तलास के दौरान वाहन मालिक कुर्वान रजा खान को पकड कर पूछताछ की गई जो बताया कि उसके मामा ससुर जब्बीर खान उसके दोस्त आरिफ खान, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी, पास्टर उर्फ मानवेन्द्र लकडा, अनीश उर्फ गोल्डन सभी मिलकर चोरी किये है और चोरी के सोने चांदी के जेवरात अम्बिकापुर स्थित माँ अन्नपूर्ण ज्वेलर्स के मालिक नीरज सोनी पिता उमेश सोनी निवासी चांदनी चौक अम्बिकापुर को 9 लाख रुपये में बिक्री कर दिये है जिसमें उक्त जानकारी के पश्चात आरोपियों की धर पकड के दौरान आरोपी अनीश उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी, तथा वाहन मालिक कुर्बान खान रजा तथा चोरी के जेवरात खरीददार नीरज सोनी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई प्रकरण के एक आरोपी पास्टर उर्फ मानवेंद्र लकड़ा जो घटना दिनांक से फरार था जिसकी गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर उसके गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किया जा रहा था लगातार संभावित स्थानों में जाकर दबिस दिया जा रहा था जो दिनांक 16 मार्च 2026 को आरोपी मानवेल बेक उर्फ पास्टर पिता राजनाथ बेक उम्र 36 वर्ष निवासी नकना थाना सीतारपुर जिला अम्बिकापुर (सरगुजा) छ.ग.के द्वारा न्यायालय कोतमा में आत्मसमर्पण करने की सूचना मिलने पर तत्काल थाना भालूमाडा पुलिस टीम द्वारा न्यायालय कोतमा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तारी किया जाकर पूछताछ किया गया आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जो न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी करने पर आरोपी उपरोक्त को जिला जेल अनूपपुर भेजा गया।
समाचार 06 फ़ोटो 06
बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के विरुद्ध अनूपपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 07 आरोपी गिरफ्तार
*165 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 05 चेकबुक, 18 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप एवं 01 राउटर जप्त*
अनूपपुर
जिले के थाना कोतमा पुलिस द्वारा बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। 27 फरवरी 2026 आवेदक दीपक केवट निवासी ग्राम पडोर, थाना भालूमाड़ा द्वारा थाना कोतमा में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड अपने पास रखकर कमीशन लिया जा रहा है तथा खातों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की जा रही है।
उक्त शिकायत पर थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपीगण के विरुद्ध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, जिसे विवेचना के दौरान धारा 111 बीएनएस से भी जोड़ा गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी बादल सोनी उर्फ जिमी निवासी कोतमा द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर अनूपपुर जिले के भोले-भाले लोगों के बैंक खाते खुलवाए जाते थे, जो मुख्यतः बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खोले जाते थे, क्योंकि इस बैंक के एटीएम कार्ड की लिमिट अधिक होती है।
खाता खुलवाने के बाद आरोपियों द्वारा एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड अपने कब्जे में रख लिए जाते थे। इसके बाद ये खाते मुंबई स्थित आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप के पास भेजे जाते थे, जो इन्हें सेट कर दुबई भेज देता था। दुबई में बैठे सरगना द्वारा इन खातों का उपयोग अवैध लेन-देन एवं ऑनलाइन ठगी के लिए किया जाता था। ट्रांजेक्शन के बाद राशि की निकासी मुंबई में एटीएम के माध्यम से की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मुंबई कनेक्शन सामने आने पर पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया, जहां दबिश देकर आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप को गिरफ्तार किया गया।
इसके कब्जे से 145 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड (एयरटेल, जियो, वीआई), 20 पासबुक, 05 चेकबुक, 14 मोबाइल फोन, 01 डेल लैपटॉप एवं 01 राउटर बरामद किए गए। दुबई में बैठे सरगना हितेश नंदवानी, विशाल जत्यानी एवं पंकज सुखनानी के निर्देश पर कार्य करता था। पार्सल के माध्यम से प्राप्त एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों को सेट कर दुबई भेजता था तथा प्रतिदिन 10–12 लाख रुपये की निकासी कर उक्त व्यक्तियों तक पहुंचाता था।
समाचार 07 फ़ोटो 07
प्यार के लिए पुत्र ने माँ का गला घोंटकर की हत्या, प्रेमिका को फ़ोन पर बताई पूरी बात, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। वजह, प्रेम संबंधों का विरोध थी। हैरानी की बात ये है कि हत्या के बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका को फोन कर पूरी कहानी सुनाई, जिसका ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13, राजेंद्र सिंह कॉलोनी की है। आरोपी संजय कोरी ने अपनी मां कुसुम कोरी की देर रात उस वक्त हत्या कर दी, जब वह गहरी नींद में थी। बताया जा रहा है कि मां लगातार बेटे के अवैध संबंधों का विरोध करती थी, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता था, घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां का गला दबा दिया।
मामले का सबसे खौफनाक पहलू हत्या के बाद सामने आया, आरोपी ने अपनी प्रेमिका को फोन कर बताया कि उसने पहले करीब 20 मिनट तक मां का गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। उसे लगा कि मां मर चुकी है, लेकिन जब उसने पानी के छींटे मारे तो मां होश में आ गई और चिल्लाने लगी। इसके बाद आरोपी ने दोबारा गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
फोन पर हुई बातचीत में प्रेमिका आरोपी को शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर इसे हादसा दिखाने की सलाह देती रही। हालांकि आरोपी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह यह काम अकेले नहीं कर सकता। बातचीत में प्रेमिका बार-बार खुद को बचाने और अपना नाम न लेने की हिदायत देती रही। यहां तक कि इस वारदात को शराब के नशे में किया गया कृत्य बताने की बात भी सामने आई।
समाचार 08 फ़ोटो 08
ब्रम्हध्वज की स्थापना तथा सूर्य उपासना के साथ विक्रमोत्सव का हुआ शुभारंभ
उमरिया
प्रदेश सरकार की पहल पर जिले में नव वर्ष विक्रम संवत का कार्यक्रम सामुदायिक भवन उमरिया में अतिथियों व्दारा ब्रम्हध्वज की स्थापना तथा सूर्य उपासना के साथ संपन्न हुआ। कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने चौत्र नवरात्रि प्रतिपदा तथा नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्दारा भारतीय संस्कृति,धर्म एवं कला के संरक्षण की दिशा में उठाया गया,यह एक महत्वपूर्ण कदम है । उन्होने कहा कि नृत्य नाटिका के माध्यम से वैदिक पंरपराओ से अवगत होने का अवसर मिला है।आने वाली पीढ़ी को इस नृत्य नाटिका से प्रेरणा लेनी चाहिए ।
उन्होने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य एक सार्वभौमिक महानायक थे। उन्होने राज्य विस्तार के साथ ही अपनी न्यायप्रियता तथा राज्य संचालन से जनता का मन मोह लिया था। उनकी छवि एक आदर्श राजा की थी , उनके नव रत्नों व्दारा कला, संस्कृति और ज्ञान का अदभुत विकास किया गया । विक्रमादित्य सभी धर्मो का सम्मान करते थे , उनके काल में मंदिरो,विहारों एवं शिक्षा केंद्रो का निर्माण हुआ ।
सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने कहा कि हिंदू नववर्ष का पर्व हमे हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति से जोड़ता है । सम्राट विक्रमादित्य ने संगठित प्रशासनिक प्रणाली विकसित की जिसमें न्याय व्यवस्था, अर्थ व्यवस्था, रक्षा व्यवस्था और शिक्षा का विशेष महत्व था । वे स्वयं जनता के मामलों को सुनते थे और उचित निर्णय लेते थे जिसके कारण लोक गाथाओ में उन्हें धर्म का संरक्षक माना गया। आपने कहा कि हिंदू नव वर्ष सनातन संस्कृति का वाहक है,इसकी शुरूआत ज्ञान, विज्ञान एवं धर्म से जोडकर की गई है। कार्यक्रम में उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग व्दारा कार्यक्रम की रूप रेखा प्रस्तुत की गई।
समाचार 09
बिरासनी माता मंदिर में भक्तो की लगी भीड़
उमरिया
जिले के पाली स्थित बिरासनी देवी मंदिर में सुबह 4 बजे से भक्तों के के द्वारा बैठकी के प्रथम दिन जल ढ़ारने के लिए लंबी लाइन दिन भर लगी रही, ग्रामीण क्षेत्रों ओर पाली के आसपास रहने वाले लोगों ने भक्ति भाव के सरोवर में डूब कर पूजा पाठ मुंडन संस्कार प्रसाद वितरण औऱ भंडारा लगातार 9 दिन चलता रहेगा, माई की सुबह संध्या आरती में सम्मिलित होकर अपनी मनोकामना पूरी करने का आशीर्वाद प्राप्त किया। लगभग 14000 जवारे तेल ओर शुद्ध घी के रखने का कार्य प्रारंभ हो गया, बड़ी संख्या में भक्त जन जवारे कलश की स्थापना में लग गए, प्रति दिन हजारो की संख्या में भक्त जन माई के श्रृंगार के दर्शन करने पहुंचेंगे।

