पेट दर्द की बीमारी के कारण युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, तीन माह से थी परेशान


शहडोल 

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरिया गांव में 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती पिछले तीन महीनों से लगातार पेट दर्द से परेशान थी। परिजन उसका स्थानीय अस्पताल में उपचार करवा रहे थे, लेकिन दर्द में सुधार नहीं होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी।

पुलिस के अनुसार बहेरिया निवासी कुमारी शालिनी सिंह (19) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय परिजन घर पर ही मौजूद थे। सुबह के समय उसे तेज पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। परिवार के लोगों को लगा कि वह आराम कर रही है, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी मां कमरे के पास पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। जब झांककर देखा गया तो शालिनी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।

घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शालिनी के पेट में पिछले तीन माह से असहनीय दर्द रहता था, जिसके कारण वह रातभर सो नहीं पाती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है, जिससे उसे बड़े अस्पताल में दिखाना संभव नहीं हो सका। स्थानीय स्तर पर इलाज जारी था, लेकिन दर्द में कमी नहीं आई।

शादी का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार, प्रतिबंधित पॉलिथीन पर जुर्माना, अवैध परिवहन पर वाहन जप्त


अनूपपुर 

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 19 वर्षीय नवयुवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के अपराध में आरोपी शिवम महरा निवासी ग्राम हथगला थाना बुढार जिला शहडोल को गिरफ्तार किया गया है।

थाना कोतवाली अनूपपुर क्षेत्रान्तर्गत निवासी 19 वर्षीय नवयुवती द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि शिवम महरा निवासी ग्राम हथगला जिला शहडोल ने मित्रता की और शादी करने का विश्वास दिलाकर पिछले एक साल से शारीरिक शोषण किया जा रहा है। जो उक्त रिपोर्ट पर तत्काल अपराध क्रमांक 105/26 धारा 69 बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया जाकर टी. आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक शेख रसीद , आरक्षक अब्दुल कलीम की टीम के द्वारा आरोपी शिवम महरा पिता विजय महरा उम्र 21 साल निवासी ग्राम हथगला थाना बुढार जिला शहडोल को गिरफ्तार किया गया है।

प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरूद्व 2800 का जुर्माना

शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशा भंडारी के निर्देशानुसार नगरपालिका शहडोल अंतर्गत नगरपालिका के मैदानी अमले द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोगकर्ताओ के विरूद्व कार्यवाही की गई। इसी अनुक्रम में शहडोल नगर के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं की 10 दुकानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए 22 किलो 550 ग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ पॉलिथीन जब्त की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित दुकानदारों पर कुल 2800 रूपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करने चेतावनी  देते हुए कपड़े एवं जूट के थैलों सहित अन्य पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने के लिए समझाइष दी गई।

*खनिज रेत का अवैध परिवहन करते वाहन हुआ जब्त*

अनूपपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में खनिज विभाग द्वारा सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी अनुक्रम में प्रभारी खनिज अधिकारी श्रीमती ईशा वर्मा एवं सर्वेयर अमित कुमार, सहायक उपनिरीक्षक थाना बिजुरी श्री प्रदीप अग्निहोत्री एवं अन्य के साथ गुरुवार की रात्रि लगभग 01 बजे ग्राम छतई में खनिज रेत का ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन करते हुए 01 वाहन MP65GA1443 को जब्त किया गया तथा आगामी निर्देश तक बिजुरी थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। उक्त प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 19 (1), (2) एवं (3) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्यवाही की गई।

गलत बयानबाजी पर तीन मंत्रियों सहित मुख्यमंत्री का पुतला दहन, कांग्रेस ने की इस्तीफे की मांग 


अनूपपुर

जमुना कोतमा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जमुना–बदरा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना के नेतृत्व में शुक्रवार को थाना भालूमाडा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों राजेंद्र शुक्ला, विजय शाह एवं कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए संबंधित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कफ सिरप कांड से कई परिवारों की जिंदगी प्रभावित हुई है, वहीं इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों की जिम्मेदारी भी सरकार ने नहीं ली साथ ही सेना के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ मुख्यमंत्री के बयान को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के तीनों मंत्री बेलगाम हो चुके हैं और जनता से जुड़े गंभीर मामलों में कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं उन्होंने कहा कि दूषित पानी से इंदौर में हुई मौतों, सेना पर की गई कथित टिप्पणी और कफ सिरप कांड से कई लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित मंत्रियों और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई बयानबाजी भी दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुन्ना ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया है और संबंधित मंत्रियों व मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी 24 तारीख को विधानसभा का बृहद घेराव करेगी इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में धरना-प्रदर्शन कर सरकार को इस्तीफा देने पर मजबूर करेंगें।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget